भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए दूसरे टी20 मैच में भारतीय टीम को सात विकेट से करारी हार मिली। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। भारतीय टीम की तरफ से कप्तान विराट कोहली और महेंद्र सिंह धोनी ने धुआंधार बल्लेबाजी की और भारत का स्कोर 190 रन पहुंचा दिया। विराट कोहली ने 38 गेंद में 72 रन की नाबाद पारी खेली इस दौरान उन्होंने 6 छक्के लगाए। उनका साथ धोनी ने भी बखूबी निभाया। धोनी ने 23 गेंद का सामना करते हुए 40 रन बनाए। अपनी इस पारी में उन्होंने 3 छक्के लगाए। इस मैच में धोनी ने अपने नाम बड़ा रिकॉर्ड कर लिया। दरअसल , महेंद्र सिंह धोनी 350 छक्के लगाने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। धोनी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टी-20 मैच में 3 छक्के लगाए। इसके साथ ही उनके कुछ 352 छक्के हो गए हैं।
बात करें अंतरराष्ट्रीय मैच में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने की तो इस लिस्ट में पहले नंबर पर नाम आता है क्रिस गेल का जिन्होंने 447 मैच में 506 छक्के जड़े हैं। उनके बाद नाम आता है पाकिस्तान के खिलाड़ा शाहिद अफरीदी का जिन्होंने 524 मैच में 476 छक्के जड़े हैं।वहीं इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर न्यूजीलैंड के खिलाड़ी ब्रैंडन मैक्कुलम का नाम है जिन्होंने 432 मैच में 398 छक्के लगाए हैं। चौथे नंबर पर महेंद्र सिंह धोनी का नाम है जिन्होंने 526 मैच में 352 छक्के जड़े हैं।इस लिस्ट में श्रीलंका के दिग्गज बल्लेबाज सनथ जयसूर्या और धोनी एक पायदान पर खड़े हैं दोनों के नाम 352 छक्के हैं।
हालांकि धोनी ने यह कारनामा 526 मैच में ही कर दिया है जबकि जयसूर्या को यह मुकाम हासिल करने के लिए 586 मैच खेलने पड़े। वहीं 350 सिक्स लगाने के मामले में भारतीय टीम के उप कप्तान रोहित शर्मा सिर्फ एक सिक्स दूर हैं। उन्होंने 322 मैच में 349 छक्के मारे हैं। एक सिक्स लगाते ही रोहित धोनी के इस खास रिकॉर्ड को हासिल कर लेंगे। इसके अलावा उनके पास मौका है वह तीसरे टी20 में धोनी को पीछे छोड़ दें।