India vs Australia 1st ODI 2023, IND vs AUS Scorecard: भारत ने 3 मैच की सीरीज के पहले एकदिवसीय में ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से हरा दिया। रविंद्र जडेजा प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। उन्होंने पहले गेंदबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया के मिचेल मार्श और ग्लेन मैक्सवेल की पारी का अंत किया। बाद में बल्लेबाजी के दौरान 5 चौके की मदद से 69 गेंद में नाबाद 45 रन बनाए।

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मैच में भारत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। हार्दिक पंड्या के फैसले को भारतीय गेंदबाजों ने सही ठहराया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम 35.4 ओवर में 188 रन पर पवेलियन लौट गई।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत खराब रही। हालांकि, केएल राहुल, रविंद्र जडेजा और हार्दिक पंड्या की जुझारू पारियों की मदद से भारतीय टीम ने 39.5 ओवर में 5 विकेट पर 191 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। केएल राहुल 91 गेंद में 75 रन और रविंद्र जडेजा 69 गेंद में 45 रन बनाकर नाबाद रहे। दोनों के बीच 131 गेंद में 108 रन की नाबाद साझेदारी हुई।

वानखेड़े में भारत को इससे पहले 23 अक्टूबर 2011 को मिली थी आखिरी जीत

भारत ने वानखेड़े स्टेडियम में 12 साल बाद एकदिवसीय मैच में जीत हासिल की है। इससे पहले उसे आखिरी जीत 23 अक्टूबर 2011 को मिली थी। तब उसने इंग्लैंड को 6 विकेट से हराया था। उसके बाद और इस वनडे से पहले भारत ने इस मैदान पर 3 एकदिवसीय मैच खेले और सभी में हार का सामना किया था।

इससे पहले स्टीव स्मिथ की अगुआई वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम ने आखिरी 7 विकेट 49 रन पर गंवा दिए थे। ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही। ट्रेविस हेड (5) को दूसरे ही ओवर में मोहम्मद सिराज ने चलता कर दिया। इसके बाद मिचेल मार्श (81) और स्टीव स्मिथ (22) के बीच दूसरे विकेट के लिए 72 रन की साझेदारी हुई।

स्टीव स्मिथ को हार्दिक पांड्या ने पवेलियन भेजा। मिचेल मार्श को रविंद्र जडेजा ने आउट किया। जोश इंगलिस (26), कैमरन ग्रीन (12) और मार्क्स स्टोइनिस (5) को मोहम्मद शमी ने पवेलियन भेजा। ग्लेन मैक्सवेल को रविंद्र जडेजा ने आउट किया।

सीन एबॉट और एडम जम्पा को मोहम्मद सिराज ने आउट किया। दोनों का खाता नहीं खुला। मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज ने 3-3 विकेट झटके। वहीं रविंद्र जडेजा ने 2 विकेट लिए। हार्दिक पंड्या और कुलदीप यादव को 1-1 विकेट मिला।

Match Ended

Australia in India, 3 ODI Series, 2023

India 
191/5 (39.5)

vs

Australia  
188 (35.4)

Match Ended ( Day – 1st ODI )
India beat Australia by 5 wickets

Live Updates

India vs Australia 1st ODI Score Updates: रविंद्र जडेजा प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। उन्होंने 2 विकेट चटकाए और नाबाद 45 रन बनाए।

13:42 (IST) 17 Mar 2023
IND vs AUS Live: मोहम्मद सिराज ने दूसरे ओवर में दिलाई सफलता

मोहम्मद सिराज ने दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर टीम इंडिया को पहली सफलता दिलाई। उन्होंने ट्रेविस हेड को बोल्ड किया। वह 5 रन बनाकर आउट हुए। ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 2 ओवर में 1 विकेट पर 5 रन। मिचेल मार्श और स्टीव स्मिथ क्रीज पर।

13:36 (IST) 17 Mar 2023
IND vs AUS Live: ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी शुरू

ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। मिचेल मार्श और ट्रेविस हेड क्रीज पर। टीम इंडिया के लिए गेंदबाजी की शुरुआत मोहम्मद शमी ने की। पहले ओवर में सिर्फ 1 रन बना। मिचेल मार्श बगैर खाता खोले और ट्रेविस हेड 1 रन बनाकर क्रीज पर।

13:13 (IST) 17 Mar 2023
IND vs AUS Live: ऑस्ट्रेलिया प्लेइंग 11

ट्रैविस हेड, मिचेल मार्श, स्टीवन स्मिथ (कप्तान), मार्नस लाबुशेन, जोश इंगलिस (विकेटकीपर), कैमरन ग्रीन, ग्लेन मैक्सवेल, मार्कस स्टोइनिस, सीन एबॉट, मिचेल स्टार्क, एडम जंपा।

13:07 (IST) 17 Mar 2023
IND vs AUS Live: टीम इंडिया की प्लेइंग 11

शुभमन गिल, इशान किशन (विकेटकीपर), विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, केएल राहुल, हार्दिक पांड्या (कप्तान), रविंद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, मोहम्मद शमी।

13:06 (IST) 17 Mar 2023
IND vs AUS Live: टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया

वानखेड़े स्टेडियम में टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। ऑस्ट्रेलिया पहले बल्लेबाजी करेगी। टीम इंडिया की प्लेइंग 11 में 4 तेज गेंदबाज और दो स्पिनर्स को जगह।

12:56 (IST) 17 Mar 2023
IND vs AUS Live: वनडे वर्ल्ड कप की तैयारी

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार मैचों की बॉर्डर-गावस्कर श्रृंखला को 2-1 से जीतने के साथ ही जून में आयोजित होने वाले विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल का टिकट पक्का करने के बाद भारतीय टीम अब 50 ओवर के प्रारूप के विश्व कप के लिए अपनी तैयारी को दुरुस्त करना चाहेगी। एकदिवसीय विश्व कप का आयोजन इस साल अक्टूबर नवंबर में भारत में होगा। भारत ने अपना पिछला विश्वकप घरेलू सरजमीं पर महेंद्र सिंह धोनी के नेतृत्व में 2011 में जीता था। इसे ध्यान में रखते हुए रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम से भी ऐसी ही सफलता की उम्मीद होगी।

https://www.youtube.com/watch?v=6sVTIbo7eNQ

12:18 (IST) 17 Mar 2023
IND vs AUS Live: हार्दिक पांड्या करेंगे टीम इंडिया की कप्तानी

नियमित कप्तान रोहित शर्मा पारिवारिक प्रतिबद्धता के कारण भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहले वनडे में उपलब्ध नहीं है और उनकी गैरमौजूदगी में पंड्या टीम का नेतृत्व करेंगे। पंड्या की कप्तानी में गुजरात जायंट्स ने इंडियन प्रीमियर लीग के अपने पहले सत्र में खिताब जीता था। वह पिछले कुछ समय से टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारतीय टीम का नेतृत्व कर रहे है।

11:27 (IST) 17 Mar 2023
IND vs AUS Live: ऑस्ट्रेलिया की टीम के लिए यह इस साल का पहला एकदिवसीय मैच

पैट कमिंस की गैरमौजूदगी में स्टीव स्मिथ ऑस्ट्रेलिया का नेतृत्व करेंगे। टीम ने आखिरी दो टेस्ट मैच में उनकी कप्तानी में अच्छा प्रदर्शन किया था। कमिंस और जोश हेजलवुड इस एकदिवसीय श्रृंखला के लिए उपलब्ध नहीं हैं, लेकिन अनुभवी बल्लेबाज डेविड वार्नर और हरफनमौला एश्टन एगर राष्ट्रीय टीम से जुड़ गये हैं। यह दोनों खिलाड़ी टेस्ट श्रृंखला के दौरान स्वदेश लौट गये थे। ऑस्ट्रेलिया की टीम के लिए यह इस साल का पहला एकदिवसीय मैच होगा।

10:37 (IST) 17 Mar 2023
IND vs AUS Live: पैट कमिंस की अनुपस्थिति में स्टीव स्मिथ ऑस्ट्रेलिया का नेतृत्व करेंगे

ऑस्ट्रेलिया की टीम नियमित कप्तान पैट कमिंस की अनुपस्थिति के बावजूद किसी भी परिस्थिति में मैच जीतने का माद्दा रखती है। पांच बार के विश्व कप विजेता ऑस्ट्रेलिया भी इस साल अक्टूबर-नवंबर में होने वाले विश्व कप के लिए अपनी तैयारियों को भी अंतिम रूप देना चाहता है। कमिंस की गैरमौजूदगी में स्टीव स्मिथ ऑस्ट्रेलिया का नेतृत्व करेंगे। टीम ने आखिरी दो टेस्ट मैच में उनकी कप्तानी में अच्छा प्रदर्शन किया था।

10:14 (IST) 17 Mar 2023
IND vs AUS Live: कुलदीप इस साल पांच मैचों में 11 विकेट लिए

कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल ने बुधवार को वैकल्पिक अभ्यास सत्र के दौरान एक साथ गेंदबाजी की। यह दोनों लेग स्पिनर विकेट लेने की अपनी क्षमता और सीमित ओवरों के क्रिकेट में भारतीय आक्रमण में अहम हथियार बन सकते हैं। कुलदीप इस साल पांच मैचों में 11 विकेट लेकर भारत के सर्वश्रेष्ठ स्पिनर रहे हैं, जबकि तेज गेंदबाजों में मोहम्मद सिराज इतने ही मैचों में 14 विकेट चटकाये हैं।

09:41 (IST) 17 Mar 2023
IND vs AUS Live: विराट कोहली बनाम एडम जंपा

विराट कोहली इस दौरान ऑस्ट्रेलिया के लेग स्पिनर एडम जंपा का सामना कैसे करते है यह देखना दिलचस्प होगा। भारतीय रन मशीन के खिलाफ जंपा का रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने टीम इंडिया के पूर्व कप्तान को 5 बार आउट किया है।

09:22 (IST) 17 Mar 2023
IND vs AUS Live: विराट कोहली पर निगाहें

अहमदाबाद में टेस्ट में 186 रन की पारी खेलने वाले विराट कोहली ने सीमित ओवरों की खराब फॉर्म को पहले ही पीछे छोड़ दिया है। उन्होंने इस साल 67.60 के शानदार औसत से 338 रन बनाये है और अपने पसंदीदा प्रतिद्वंद्वी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वह 75 अंतरराष्ट्रीय शतकों के आंकड़े को आगे बढ़ाना चाहेंगे।

08:49 (IST) 17 Mar 2023
IND vs AUS Live: ये है ऑस्ट्रेलिया का स्क्वाड

स्टीव स्मिथ (कप्तान), डेविड वार्नर, ट्रेविस हेड, मार्नुस लाबुशेन, मिशेल मार्श, मार्कस स्टोइनिस, एलेक्स कैरी, ग्लेन मैक्सवेल, कैमरून ग्रीन, जोश इंग्लिश, सीन एबॉट, एश्टन एगर, मिशेल स्टार्क, नाथन एलिस, एडम जंपा।

08:42 (IST) 17 Mar 2023
IND vs AUS Live: ये है टीम इंडिया का स्क्वाड

हार्दिक पंड्या (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव, लोकेश राहुल, इशान किशन (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, वाशिंगटन सुंदर, युजवेंद्र चहल, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, उमरान मलिक, शार्दुल ठाकुर , अक्षर पटेल, जयदेव उनादकट।

India vs Australia 1st ODI Live Score Updates: भारतीय टीम ने इस साल श्रीलंका और न्यूजीलैंड के खिलाफ दो अलग-अलग श्रृंखलाओं में एकदिवसीय प्रारूप में सभी छह मैच जीतकर शानदार शुरुआत की है। इन छह एकदिवसीय मैचों में शुभमन गिल ने तीन शतक और 113.40 की औसत के साथ 567 रन बनाये है। पहले मैच में रोहित की गैरमौजूदगी में उन पर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाने का दबाव होगा। अहमदाबाद में चौथे और अंतिम मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट शतक के बाद उनसे ऐसे ही प्रदर्शन की उम्मीद होगी।