ऑस्ट्रेलिया को तीसरे टी20 में जीत के लिए आखिरी 2 ओवर में 43 रन चाहिए थे। 19वां ओवर अक्षर पटेल को करना था। उन्होंने 3 ओवर में सिर्फ 19 रन दिए थे और 1 विकेट लिया था। क्रीज पर ग्लेन मैक्सवेल 43 गेंद पर 86 और मैथ्यू वेड 8 गेंद 6 रन बनाकर थे। मैक्सवेल की वजह से ऑस्ट्रेलिया को यह टारगेट हासिल करना मुमकिन लग रहा था। हालांकि, स्ट्राइक पर वेड थे।
अक्षर पटेल के इस ओवर में 22 रन बन गए और आखिरी ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा 21 रन नहीं बचा पाए। अक्षर के ओवर में 11 रन फिजूल के बन गए। इशान किशन की खराब विकेटकीपिंग के कारण ऐसा हुआ। पहले उन्होंने स्टंप के आगे से गेंद पकड़ लिया और फिर गेंद नहीं पकड़ पाने के कारण 4 रन बाय के मिल गए।
इशान किशन की गलती से मिला नोबॉल
अक्षर पटेल के ओवर की पहली गेंद पर वेड ने चौका लगाया। अगली गेंद पर 2 रन लिए। तीसरी गेंद पर चौका आया। चौथी गेंद पर स्टंपिंग की अपील हुई। इशान किशन चाहते थे कि थर्ड अंपायर के पास इसे रेफर किया जाए। ऐसा ही हुआ और रिप्ले में पता चला कि उन्होंने गेंद स्टंप के आगे पकड़ने की गलती कर दी। विकेट नहीं मिला,लेकिन नोबॉल हो गया। वेड ने फ्री हिट पर छक्का लगाया।
इशान किशन गेंद नहीं पकड़ पाए
अक्षर पटेल की 5वीं गेंद पर 1 रन आया। मैक्सवेल स्ट्राइक पर थे। उन्होंने रिवर्स स्कूप खेलने की कोशिश की। अक्षर ने गेंद लेग साइड में फेंकी और रिवर्स स्कूप के कारण गेंद वाइड नहीं हुई, लेकिन इशान गेंद नहीं पकड़ पाए। ऑस्ट्रेलिया चौका मिल गया। इस तरह से कंगारुओं को यूं ही 11 रन मिल गए। आखिरी ओवर में मैक्सवेल ने धमाकेदार बल्लेबाजी की। प्रसिद्ध कृष्णा के ओवर में न सिर्फ शतक पूरा किया बल्कि जीत भी दिला दी।