India T20I Record In Australia: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 5 मैच की सीरीज की शुरुआत 29 अक्टूबर 2025 कैनबरा के मनुका ओवल में खेले जाने वाले टी20 से होगी। भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया टी20 सीरीज से पहले इस लेख में टीम इंडिया का कंगारुओं के देश में प्रदर्शन पर एक नजर डालेंगे।
भारत का टी20 इंटरनेशनल में ऑस्ट्रेलिया में रिकॉर्ड अच्छा है। भारत ने ऑस्ट्रेलिया में अब तक 18 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। इसमें से भारत ने 11 में जीत हासिल की है, जबकि छह में उसे हार का सामना करना पड़ा है, जबकि मेलबर्न में 23 नवंबर 2018 को खेला गया टी20 मैच बेनतीजा रहा था। इस तरह भारत का टी20 इंटरनेशनल में ऑस्ट्रेलिया में सक्सेस रेट 64.70% है।
भारत का ऑस्ट्रेलिया में टी20 इंटरनेशल में प्रदर्शन (ओवरऑल)
| टीम | कब से कब तक | मैच | जीते | हारे | टाई | बेनतीजा | उच्चतम स्कोर | न्यूनतम स्कोर |
| भारत | 2008-2022 | 18 | 11 | 6 | 0 | 1 | 200 | 74 |
भारत ने 17 साल पहले ऑस्ट्रेलिया में खेला था पहला टी20 मैच
भारत ने ऑस्ट्रेलिया में अपना पहला टी20 मैच एक फरवरी 2008 को खेला था। मेलबर्न में खेले गए उस मैच में भारत को 9 विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा था। उस मैच में भारत की कमान एमएस धोनी के हाथों में थी।
फरवरी 2012 में भारत को मिली थी पहली टी20 जीत
भारत को टी20 इंटरनेशनल में ऑस्ट्रेलिया में पहली जीत तीन फरवरी 2012 को मिली थी। वह मैच भी मेलबर्न में खेला गया था। उस मैच में भी भारत की कमान एमएस धोनी के हाथों में थी। भारत को जीत के लिए 132 रन का लक्ष्य मिला था।
रविंद्र जडेजा रहे थे प्लेयर ऑफ द मैच
भारत ने 19.4 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 135 रन बनाकर मैच जीत लिया था। मौजूदा हेड कोच गौतम गंभीर ने उस मैच में 60 गेंद में नाबाद 56 रन बनाए थे। वीरेंद्र सहवाग ने 16 गेंद में 23 और विराट कोहली 24 गेंद में 31 रन बनाए थे। एमएस धोनी 18 गेंद में 21 रन बनाकर नाबाद रहे थे। रविंद्र जडेजा प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए थे। उन्होंने तीन ओवर में 16 रन देकर एक विकेट लिया था। ऑस्ट्रेलिया के दो बल्लेबाजों को रन आउट करने में भी रविंद्र जडेजा की भूमिका थी।
भारत का ऑस्ट्रेलिया में सर्वोच्च स्कोर: 200/3
भारत का टी20 इंटरनेशनल में ऑस्ट्रेलिया में सर्वोच्च स्कोर 200/3 है। भारत ने सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में 31 जनवरी 2016 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए यह स्कोर बनाया था। भारत को जीत के लिए 198 रन का लक्ष्य मिला था।
भारत का ऑस्ट्रेलिया में न्यूनतम स्कोर: 74/10
इस फॉर्मेट में भारत का ऑस्ट्रेलिया में न्यूनतम स्कोर 74/10 (17.3 ओवर) है। मेलबर्न में एक फरवरी 2008 को खेले गए उस मैच में भारत के 10 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाए थे। ऑस्ट्रेलिया नाथन ब्रैकन ने 3 और एडम वोग्स ने 2 विकेट लिए थे।
भारत का ऑस्ट्रेलिया में टी20 इंटरनेशल में प्रदर्शन (मैच के नतीजे समेत)
| टीम | परिणाम | जीत का अंतर | टॉस | विपक्षी टीम | मैदान | तारीख |
| भारत | हारा | 9 विकेट | जीता | ऑस्ट्रेलिया | मेलबर्न | 1 फरवरी 2008 |
| भारत | हारा | 31 रन | जीता | ऑस्ट्रेलिया | सिडनी | 1 फरवरी 2012 |
| भारत | जीता | 8 विकेट | हारा | ऑस्ट्रेलिया | मेलबर्न | 3 फरवरी 2012 |
| भारत | जीता | 37 रन | हारा | ऑस्ट्रेलिया | एडिलेड | 26 जनवरी 2016 |
| भारत | जीता | 27 रन | हारा | ऑस्ट्रेलिया | मेलबर्न | 29 जनवरी 2016 |
| भारत | जीता | 7 विकेट | हारा | ऑस्ट्रेलिया | सिडनी | 31 जनवरी 2016 |
| भारत | हारा | 4 रन | जीता | ऑस्ट्रेलिया | ब्रिसबेन | 21 नवंबर 2018 |
| भारत | बेनतीजा | ——— | जीता | ऑस्ट्रेलिया | मेलबर्न | 23 नवंबर 2018 |
| भारत | जीता | 6 विकेट | हारा | ऑस्ट्रेलिया | सिडनी | 25 नवंबर 2018 |
| भारत | जीता | 11 रन | हारा | ऑस्ट्रेलिया | कैनबरा | 4 दिसंबर 2020 |
| भारत | जीता | 6 विकेट | जीता | ऑस्ट्रेलिया | सिडनी | 6 दिसंबर 2020 |
| भारत | हारा | 12 रन | जीता | ऑस्ट्रेलिया | सिडनी | 8 दिसंबर 2020 |
| भारत | जीता | 4 विकेट | जीता | पाकिस्तान | मेलबर्न | 23 अक्टूबर 2022 |
| भारत | जीता | 56 रन | जीता | नीदरलैंड्स | सिडनी | 27 अक्टूबर 2022 |
| भारत | हारा | 5 विकेट | जीता | साउथ अफ्रीका | पर्थ | 30 अक्टूबर 2022 |
| भारत | जीता | 5 रन | हारा | बांग्लादेश | एडिलेड | 2 नवंबर 2022 |
| भारत | जीता | 71 रन | जीता | जिम्बाब्वे | मेलबर्न | 6 नवंबर 2022 |
| भारत | हारा | 10 विकेट | हारा | इंग्लैंड | एडिलेड | 10 नवंबर 2022 |
