भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला राजकोट में खेला जा रहा है। ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी का फैसला करते हुए 15 ओवर में ही 1 विकेट खोकर 120 रन स्कोरबोर्ड पर लगा दिए हैं। डेविड वार्नर और मिचेल मार्श ने ऑस्ट्रेलिया को ठोस शुरुआत दी। वार्नर 56 रन की पारी खेलकर आउट हो गए। उसके बाद मार्श ने 45 गेंद में अपना अर्द्धशतक भी पूरा कर लिया। इन सबके बीच स्टीव स्मिथ ने राजकोट वनडे में एक माइलस्टोन अपने नाम कर लिया है।
सबसे तेज 5000 रन बनाने वाले चौथे ऑस्ट्रेलियाई बने स्मिथ
दरअसल, स्टीव स्मिथ ने राजकोट वनडे में अपने 5000 वनडे रन पूरे कर लिए हैं। स्टीव स्मिथ 5 हजार रन पूरे करने वाले 17वें ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज बने हैं। साथ ही फास्टेस्ट 5 हजार बनाने वाले चौथे ऑस्ट्रेलियाई बने हैं। उन्होंने 129 वनडे पारियों में यह कीर्तिमान अपने नाम किया। स्मिथ से पहले डीन जोंस ने 128 पारियों में 5 हजार रन पूरे किए थे। सबसे तेज 5 हजार रन पूरे करने वाला ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज डेविड वार्नर हैं। उन्होंने 115 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की थी। एरॉन फिंच ने 126 पारियों में ऐसा किया था।
स्मिथ का वनडे करियर
स्टीव स्मिथ इस माइलस्टोन को हासिल करने से सिर्फ 20 रन दूर थे। उन्होंने राजकोट वनडे में जैसे ही 20 रन पूरे किए तो इस उपलब्धि को अपने नाम दर्ज करा लिया। खबर लिखे जाने तक स्टीव स्मिथ 32 गेंद में 35 रन पर खेल रहे थे। एक नजर स्मिथ के वनडे करियर पर डालें तो उन्होंने 2010 में अपना करियर शुरू किया था। तब से अब तक (27 सितंबर 2023) स्टीव स्मिथ 145 वनडे खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने 44.38 की बेहतरीन औसत से 5015 रन बना लिए हैं। वनडे में स्मिथ के नाम 12 शतक और 29 अर्द्धशतक दर्ज हैं। 164 उनका सर्वोच्च स्कोर है।