भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने गुरुवार को 14 महीने बाद टी20 फॉर्मेट में वापसी की। अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 मैच में वह उतरे लेकिन बल्ले से कुछ कमाल नहीं कर पाए। रोहित शर्मा रनआउट हुए और खाता भी नहीं खोल पाए। ऐसे में रोहित को गुस्सा आना लाजमी था और ऐसा ही हुआ।

रोहित शर्मा हुए रनआउट

भारत की पारी की दूसरी गेंद पर रोहित शर्मा ने आगे बढ़कर मिड ऑफ की ओर शॉट खेला। शॉट खेलते ही रोहित शर्मा रन लेने के लिए दौड़े। गिल भी वहां से आगे बढ़े लेकिन जैसे ही उन्होंने देखा कि मिड ऑफ पर फील्डर ने गेंद को रोक लिया है वह रुक गए हालांकि तबतक रोहित काफी आगे आ गए थे। इसी कारण रोहित समय पर वापस नहीं जा सके और उन्हें वापस लौटना पड़ा।

रोहित शर्मा शुभमन गिल से हुए नाराज

आउट होने के बाद रोहित वापस जा रहे थे तभी उन्होंने शुभमन गिल की ओर देखा और गुस्सा में कुछ कहा। वह क्या कह रहे हैं यह समझ नहीं आया। शुभमन गिल भी काफी निराश थे, वह चुपचाप रोहित की डांट सुन रहे थे। इस वाकया का वीडियो काफी वायरल हो रहा है। कई फैंस शुभमन गिल पर निशाना साध रहे थे तो कुछ रोहित शर्मा को गलत बता रहे हैं।

रोहित शर्मा के टी20 भविष्य पर उठे सवाल

रोहित शर्मा ने पिछले साल में एक भी टी20 मैच नहीं खेला था। उनका पूरा ध्यान वनडे वर्ल्ड कप था। भारतीय टीम को इस साल टी20 वर्ल्ड कप खेलना है। उससे पहले यह आखिरी टी20 सीरीज है। रोहित के टी20 भविष्य को लेकर सवाल उठ रहे थे लेकिन बीसीसीआई ने रोहित को फिर से कप्तानी देकर सबकुछ पहले जैसा कर दिया।