एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2025 में इंडिया ए और यूएई के बीच मुकाबले में शुक्रवार (14 नवंबर) को वैभव सूर्यवंशी ने 32 गेंदों पर शतक ठोककर रोहित शर्मा और डेविड मिलर जैसे खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया। हालांकि, वह सबसे तेज टी20 शतक जड़ने के मामले में ऋषभ पंत को पीछे छोड़ने से चूक गए। अगर वह एक गेंद पहले शतक पूरा करते तो पंत को भी पीछे छोड़ देते और टी20 में सबसे तेज शतक जड़ने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन जाते।
बिहार के लाल ने दोहा में मचाया तूफान, वैभव सूर्यवंशी ने 305 के स्ट्राइक रेट से ठोका अर्धशतक
टी20 में सबसे तेज शतक जड़ने वाले भारतीय उर्विल पटेल और अभिषेक शर्मा हैं। उर्विल ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में गुजरात के लिए त्रिपुरा के खिलाफ 28 गेंदों पर शतक जड़ा था। अभिषेक शर्मा भी पंजाब के लिए मेघालय के खिलाफ 28 गेंद पर शतक जड़ चुके हैं। ऋषभ पंत के बाद अब वैभव सूर्यवंशी ने 32 गेंदों पर शतक जड़ा है।
साहिल चौहान के नाम टी20 में सबसे तेज शतक
टी20 में सबसे तेज शतक साहिल चौहान के नाम है। उन्होंने एस्तोनिया के लिए साइप्रस के खिलाफ 27 गेंदों पर 2024 में शतक जड़ा था। इसके अलावा क्रिस गेल ने आरसीबी के लिए 30 गेंदों पर शतक जड़ा है। जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा, नामीबिया के निकोल लोफ्टी-ईटन और नॉर्थ वेस्ट के लिए विहान लुबे ने 33 गेंदों पर शतक जड़ा है। कुसल मल्ला, एंड्रयू सायमंड्स, सीन एबट और फिन एलन ने 34-34 गेंदों पर शतक जड़ा है। वहीं डेविड मिलर और रोहित शर्मा ने 35-35 गेंदों पर शतक जड़ा। वैभव भी 35 गेंदों पर शतक जड़ चुके हैं।
वैभव के टी20 करियर का सबसे तेज शतक
यह वैभव का भी टी20 करियर में सबसे तेज शतक है। इससे पहले आईपीएल 2025 में राजस्थान रॉयल्स के लिए 35 गेंदों पर शतक जड़ा था। यूएई के खिलाफ वैभव ने 10 चौके और 9 छक्के की मदद से शतक पूरा किया। यानी उन्होंने 94 रन केवल छक्के और चौके से बनाए। वैभव 42 गेंद पर 11 चौके और 15 छक्कों की मदद से 342.86 के स्ट्राइक रेट से 144 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने छक्कों-चौकों से 134 रन बनाए।
टी20 में सबसे तेज शतक
| गेंद | खिलाड़ी | टीम | प्रतिद्वंद्वी | वर्ष |
| 27 | साहिल चौहान | एस्तोनिया | साइप्रस | 2024 |
| 28 | उर्विल पटेल | गुजरात | त्रिपुरा | 2024 |
| 28 | अभिषेक शर्मा | पंजाब | मेघालय | 2024 |
| 30 | क्रिस गेल | रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु</td> | पुणे वारियर्स | 2013 |
| 32 | ऋषभ पंत | दिल्ली | हिमाचल प्रदेश | 2018 |
| 32 | वैभव सूर्यवंशी | इंडिया ए | यूएई | 2025 |
| 33 | सिकंदर रजा | जिम्बाब्वे | गाम्बिया | 2024 |
| 33 | निकोल लोफ्टी-ईटन | नामिबिया | नेपाल | 2024 |
| 33 | विहान लुब्बे | उत्तर पश्चिम | लिम्पोपो | 2018 |
| 34 | कुशल मल्ला | नेपाल | मंगोलिया | 2023 |
| 34 | एंड्रयू साइमंड्स | केंट | मिडलसेक्स | 2004 |
| 34 | सीन एबॉट | सरे | केंट | 2023 |
| 34 | फिन एलन | सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स | वाशिंगटन फ्रीडम | 2025 |
| 35 | डेविड मिलर | साउथ अफ्रीका | बांग्लादेश | 2017 |
| 35 | रोहित शर्मा | भारत | श्रीलंका | 2017 |
| 35 | लुई वैन डेर वेस्टहुइज़न | नामिबिया | केन्या | 2011 |
| 35 | सुदेश विक्रमशेखर | चेकिया | टर्की | 2019 |
| 35 | मार्टिन गुप्टिल | वॉरसेस्टिशायर | नॉर्थहैम्पटनशायर | 2018 |
| 35 | वैभव सूर्यवंशी | राजस्थान रॉयल्स | गुजरात टाइटंस | 2025 |
