इंडिया ए और साउथ अफ्रीका ए के बीच बेंगलुरु में खेले जा रहे अनाधिकारिक टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले में टीम इंडिया ने अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। भारतीय टीम के गेंदबाजों ने पहले पारी में 255 के स्कोर के जवाब में अफ्रीका को 221 रन पर ढेर करते हुए भारत को 34 रन की बढ़त दिलाई। इसके बाद भारतीय ए टीम की शुरुआत दूसरी पारी में भी लड़खड़ा गई और अभिमन्यु ईश्वरन दोनों पारियों में खाता नहीं खोल पाए। वहीं साई सुदर्शन और देवदत्त पडिक्कल ने भी दोनों पारियों में निराश किया है।

हालांकि, टॉप 4 में से तीन खिलाड़ियों के दोनों पारियों में फ्लाप होने के बावजूद भारतीय टीम ने दूसरी पारी में दूसरे दिन के अंत तक 3 विकेट खोकर 78 रन बना लिए हैं। भारत की कुल बढ़त भी 112 रन की हो गई है। दिन का खेल खत्म होने तक केएल राहुल 26 रन बनाकर क्रीज पर डटे थे। तो कुलदीप यादव के लिए अभी खाता खोलना बाकी था। इससे पहले साई सुदर्शन और देवदत्त पडिक्कल का दोनों पारियों में फ्लाप शो जारी रहा। साई इस मैच में 17, 23 रन बना पाए तो पडिक्कल ने भी सिर्फ 5, 24 रन का योगदान दिया।

भारतीय तेज गेंदबाजों का कमाल का प्रदर्शन

इससे पहले गेंदबाजी में भारतीय पेसर्स ने कमाल का प्रदर्शन किया था। भारत के लिए खेलने वाले आकाश दीप, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा तीनों ने ही अफ्रीका बल्लेबाजी क्रम को ध्वस्त कर दिया। कृष्णा ने 3 विकेट लिए तो सिराज और आकाश दीप ने 2-2 विकेट अपने नाम किए। वहीं कुलदीप यादव और हर्ष दुबे को 1-1 सफलता मिली। परिणामस्वरूप साउथ अफ्रीका ए टीम भारत के 255 रन के स्कोर से पिछड़ गई। अब इस मैच के दो दिन अभी बाकी हैं और पहला मैच जीतकर भारतीय टीम 1-0 से आगे है।

ध्रुव जुरेल और कुलदीप यादव ने किया था कमाल

भारत की पहली पारी में 86 पर 5 विकेट गिरने के बाद ध्रुव जुरेल ने टीम की लाज को बचाया और 255 के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया था। उन्होंने 175 गेंद खेलते हुए 132 रन की नाबाद पारी खेली थी। उनका साथ दिया था कुलदीप यादव ने जिन्होंने 28.5 ओवर तक टिके रहते हुए 88 गेंदों का सामना किया और 20 रन बनाए थे। इस बदौलत भारत का स्कोर 250 के पार पहुंचा था। अंत में मोहम्मद सिराज ने भी 9वें विकेट के लिए जुरेल के साथ 34 रन जोड़े थे और 31 गेंद पर 15 रन की उपयोगी पारी खेली थी।