इंटरनेशनल मास्टर्स लीग टी20, 2025 में मंगलवार (25 फरवरी) को इंग्लैंड मास्टर्स के खिलाफ इंडिया मास्टर्स के कप्तान सचिन तेंदुलकर ने बेहतरीन पारी खेली। उन्होंने 21 गेंद पर 5 चौके और 1 छक्के की मदद से 34 रन बनाए। उनकी इस पारी के बदौलत इंडिया मास्टर्स ने 7 ओवर में ही 75 रन ठोक दिए। इंग्लैंड ने 133 रन का टारगेट दिया था।
इंडियन मास्टर्स ने ओपनिंग बल्लेबाजी में बदलाव किया। सचिन तेंजुलकर के साथ अंबाती रायुडू की जगह गुरकीरत सिंह मान बल्लेबाजी के लिए आए। गुरकीरत ने पहली ही गेंद से तूफानी बल्लेबाजी की। पहले ही ओवर में उन्होंने 10 रन ठोके। सचिन तेंदुलकर ने पहला चौका तीसरे ओवर में जड़ा। स्टीवन फिन को उन्होंने 2 चौके जड़े। इसके बाद चौथे ओवर में उन्होंने क्रिस ट्रेमलेट को चौका जड़ा। 5वें ओवर में टिम ब्रेसनन को उन्होंने जमकर धुनाई की।
ब्रेसनन को तेंदुलकर ने 1 छक्का और 2 चौके लगाए
196 टी20 विकेट वाले ब्रेसनन को तेंदुलकर ने 1 छक्का और 2 चौके लगाए। ओवर में 16 रन बने और इंडिया मास्टर्स का स्कोर 5 ओवर में 65 रन हो गया। तेंदुलकर 14 गेंद पर 30 रन बना डाले थे। इसके बाद 7 गेंद पर वह सिर्फ 4 रन बना पाए। वह 21 गेंद पर 1 छक्का और 5 चौके की मदद से 34 रन बनाकर आउट हुए। तेंदुलकर को क्रिस स्कोफील्ड ने टिम एंब्रोस के हाथों कैच कराया।
इंडिया मास्टर्स की लगातार दूसरी जीत
तेंदुलकर के बाद युवराज सिंह बल्लेबाजी करने आए। उन्होंने भी तूफानी बल्लेबाजी जारी रखी। इस पारी की बदौलत इंडिया मास्टर्स ने 11.4 ओवर में 133 रन का टारगेट हासिल कर लिया। गुरकीरत सिंह मान ने 35 गेंद पर नाबाद 63 और युवराज सिंह ने 14 गेंद पर नाबाद 27 रन बनाए। इंडिया मास्टर्स ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की। इससे पहले उसने श्रीलंका मास्टर्स को हराया था।