अंडर19 मेंस वर्ल्ड कप क्वालिफायर में अमेरिका ने अर्जेंटीना को 450 रन से हराकर इतिहास रच दिया। टीम ने अंडर-19 क्रिकेट में सबसे बड़ी जीत दर्ज की। उसने ऑस्ट्रेलिया का रिकॉर्ड तोड़ दिया। भारत इस मामले में ऑस्ट्रेलिया से नीचे यानी तीसरे नंबर पर है। अर्जेंटीना ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। अमेरिका ने 50 ओवर में 8 विकेट पर 515 रन बनाए। इसके जवाब में अर्जेंटीना की टीम 19.5 ओवर में 65 रन पर ऑल आउट हो गई।
अमेरिका की ओर से भव्य मेहता ने सबसे ज्यादा 91 गेंद पर 136 रन बनाए। वहीं कप्तान ऋषि रमेश ने 59 गेंद पर 100 रन बनाए। इसके अलावा अर्जुन महेश ने 44 गेंद पर 67 रन बनाए। प्रणव चेट्टीपलायम ने 43 गेंद पर 61 रन बनाए। अमोघ अरेपल्ली ने 30 गेंद पर 48 और उत्कर्ष श्रीवास्तव ने 22 गेंद पर 45 रन बनाए। अर्जेंटीना की ओर से इग्नासियो मोस्क्वेरा ने 9 ओवर में 96 रन देकर 2 विकेट लिए। लुकास रॉसी मेंडिजाबल ने 10 ओवर में 107 रन देकर 1 विकेट लिया। फेलिप पिनी ने 6 ओवर में 71 रन देकर 2 विकेट लिए। फेलिप दास नेव्स ने 10 ओवर में 83 रन देकर 1 विकेट लिया।
अरिन नाडकर्नी ने झटके 6 विकेट
अर्जेंटीना की बल्लेबाजी की बात करें तो 8 बल्लेबाजी दहाई का आंकड़ा छूए बगैर यानी 10 रन से कम के स्कोर पर आउट हुए। थियो व्रुग्डेनहिल ने सबसे ज्यादा 44 गेंद पर 18 रन बनाए। इसके अलावा फेलिप दास नेव्स ने 16 गेंद पर 15 रन बनाए। इग्नासियो मोस्क्वेरा ने 10 रन बनाए। अमेरिका की ओर से अरिन नाडकर्नी ने 6 ओवर में 21 रन देकर 6 विकेट लिए। इसके अलावा आर्यन सतीश ने 3.5 ओवर में 17 रन देकर 2 विकेट लिए। पार्थ पटेल और आर्यन बत्रा ने 1-1 विकेट लिए।
अंडर 19 क्रिकेट की सबसे बड़ी जीत
अंडर 19 क्रिकेट में सबसे जीत की बात करें तो अमेरिका शीर्ष पर पहुंच गया है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया शीर्ष पर था। उसने जनवरी 2002 में केन्या को 430 रन से हराया था। भारत ने साल 2022 में यूगांडा को 326 रन से हराया था। ऑस्ट्रेलिया ने 2018 में पापुआ न्यू मिनी को 311 हराया था। साल 2018 में श्रीलंका ने केन्या को 311 रन से हराया था। वेस्टइंडीज ने स्कॉटलैंड को साल 2002 में 301 रन से हराया था।