टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतने वाले जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा (Neeraj Chopra) ने बुधवार यानी 18 अगस्त 2021 को चंडीगढ़ में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर (Manohar Lal Khattar ) से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने ओलंपिक में एथलेटिक्स में भारत को पहला स्वर्ण पदक दिलाने वाले नीरज चोपड़ा को एक जिम्मेदारी वाला ऑफर दिया। ऑफर को लेकर नीरज चोपड़ा ने कहा कि वह इस पर विचार करेंगे।
टोक्यो में पोडियम पर राष्ट्रधुन बजवाने के बाद नीरज चोपड़ा बुधवार को पहली बार सीएम मनोहर लाल खट्टर से मिले। मुख्यमंत्री ने उनका स्वागत किया और स्वर्ण पदक जीतने के लिए बधाई दी। इस दौरान हरियाणा के खेल मंत्री और पूर्व ओलंपियन संदीप सिंह भी मौजूद थे। मनोहर लाल खट्टर ने कहा, ‘मैंने नीरज चोपड़ा को ओलिंपिक के लिए एथलीट्स को तैयार करने के लिए नेतृत्व करने को कहा है। हम हरियाणा को खेलों का हब बनाना चाहते हैं। नीरज यहां आए हैं। अब देश का नाम इनके साथ जुड़ गया है। नीरज हमारे देश और खेल जगत का सम्मान हैं। वह होनहार खिलाड़ी हैं। हरियाणा को इन पर गर्व है।’
मनोहर लाल खट्टर ने कहा, ‘प्रदेश को नीरज चोपड़ा पर गर्व है। नीरज हरियाणा का गौरव है। देश का स्वर्ण पुत्र है। उन्होंने कुछ सुझाव दिए हैं। बाकी खिलाड़ियों ने भी सुझाव दिए हैं। हम डिपार्टमेंट में बैठकर विचार करेंगे और जो-जो खेल के लिए लाभदायक होगा, वह सब करेंगे।’
उन्होंने कहा, ‘पंचकूला में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर ओलिंपिक्स फॉर एथलेटिक्स की स्थापना की जाएगी। हमने नीरज चोपड़ा को उसे लीड करने का ऑफर दिया है। मैंने नीरज को यह ऑफर इसलिए भी दिया है ताकि हरियाणा को खेल में और आगे ले जाया जा सके। नीरज भी अपना दयित्व निभाएंगा और देश में पदकों की संख्या ज्यादा से ज्यादा बढ़ाएंगे।’
मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के ऑफर पर नीरज ने कहा, ‘मैं हरियाणा में ओलंपिक के लिए एथलीट्स तैयार करने के लिए एक्सीलेंस सेंटर का प्रमुख बनने के बारे में सोचूंगा। मैं देश में खेलों को बढ़ावा देने की पूरी कोशिश करूंगा। अभी मेरा लक्ष्य अगले साल विश्व चैंपियनशिप में पदक लाना है।’
उन्होंने कहा, ‘मेरे पास काफी समय है। मुझे खुद भी खेलना है। हरियाणा और भारतीय खेल को आगे ले जाने में मैं अपना पूरा योगदान दूंगा। फिलहाल अभी मेरा लक्ष्य अगले साल विश्व चैंपियनशिप है। मुझे मेहनत करके उसमे मेडल लाना है।’
एक दिन पहले ही स्वागत समारोह में बिगड़ी थी नीरज की तबीयत
नीरज चोपड़ा मंगलवार को पहली बार पानीपत स्थित अपने गांव खंडरा पहुंचे थे। दोपहर करीब दो बजे गर्मी के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। उनकी दिल्ली के डॉक्टर से फोन पर बात कराई गई। उन्हें आराम करने की सलाह दी गई। इसके बाद बीच में ही कार्यक्रम रोक दिया गया। करीब आधे घंटे बाद नीरज चंडीगढ़ के लिए रवाना हो गए थे। तबीयत खराब होने के कारण वह अपने माता-पिता से भी नहीं मिल पाए थे।