गुजरात में बाढ़ के कारण हालात काफी बुरे हैं। इसके चलते जन-जीवन अस्त व्यस्त है। कई लोगों की मौत हो गई है। इस बीच खबर है कि भारत की बाएं हाथ की स्पिनर राधा यादव भी वडोदरा में बाढ़ में फंस गई थीं। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) ने उनका रेस्क्यू किया। इसके लिए उन्होंने एनडीआरएफ को धन्यवाद दिया।
राधा यादव ने इंस्टाग्राम पर स्टोरी डालकर बाढ़ में फंसने और रेस्क्यू होने की जानकारी दी। इंस्टाग्राम पर पोस्ट वीडयो में उन्होंने कहा, “हम बहुत बुरी स्थिति में फंस गए थे। हमें बचाने के लिए NDRF का बहुत-बहुत धन्यवाद।” राधा के पोस्ट किए गए वीडियो में आसपास के इलाके पानी में डूबे हुए दिखाई दे रहे हैं। बचावकर्मी राफ्ट पर सवार होकर आ रहे हैं। लोगों को छाती तक पानी में चलते हुए भी देखा जा सकता है।
टी20 विश्व कप टीम में राधा यादव का चयन
24 साल की राधा यादव 3 अक्टूबर से संयुक्त अरब अमीरात में खेली जाने वाली 2024 महिला टी20 विश्व कप के लिए भारत की 15 सदस्यीय टीम का हिस्सा हैं। भारत को गत चैंपियन ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान, श्रीलंका और न्यूजीलैंड के ग्रुप में है। वह अपना पहला मैच 4 अक्टूबर को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलेगा।
राधा यादव का करियर
बाएं हाथ की स्पिनर राधा यादव आखिरी बार महिला एशिया कप में खेली थीं, जहां उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइनल में 3 विकेट लिए थे। राधा यादव ने भारत के लिए 80 टी20 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 90 विकेट लिए हैं। वनडे में वह ज्यादा नहीं खेली हैं। इसमें उन्होंने चार मैचों में एक विकेट लिया है।
