ऑस्ट्रेलिया के धुरंधर ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने आज यानी 26 फरवरी को अपने फैंस के साथ एक खुशखबरी शेयर की। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिए बताया कि उनकी ऑस्ट्रेलिया में भारतीय मूल की फार्मासिस्ट विनी रमन से सगाई हो गई है। विनी ने भी अपने इंस्टाग्राम पर फोटो पोस्ट कर यह जानकारी शेयर की। उन्होंने लिखा, ‘पिछले सप्ताह मेरे पसंदीदा इंसान ने मुझसे शादी करने के लिए पूछा और मैंने हां कह दिया।’ मैक्सवेल सिडनी में रहते हैं। वहीं, विनी मेलबर्न में फॉर्मासिस्ट हैं।

विनी पिछले कुछ दिनों से मैक्सवेल के साथ सार्वजनिक जगहों पर देखी जा रही थीं। बीते दिनों ऑस्ट्रेलियाई अवॉर्ड शो में वे मैक्सवेल के साथ ही गई थीं। विनी सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहती हैं। उनके वहां हजारों फॉलोवर्स हैं। उन्होंने अपने अकाउंट पर मैक्सवेल के साथ दर्जनों तस्वीरें शेयर कर रखी हैं।

हसन अली के बाद अब ऑस्ट्रेलिया का यह ऑलराउंडर रचाएगा भारतीय लड़की से शादी, लंबे समय से कर रहे एक दूसरे को डेट

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Glenn Maxwell (@gmaxi_32) on

मैक्सवेल इस बार आईपीएल की नीलामी में बिकने वाले दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी हैं। उन्हें किंग्स इलेवन पंजाब ने 10.75 करोड़ रुपए में खरीदा है। उनसे महंगे सिर्फ ऑस्ट्रेलिया के पैट कमिंस ही बिके थे। कमिंस को कोलकाता नाइटराइडर्स ने 15.5 करोड़ रुपए में खरीदा था।

मैक्सवेल हाल ही में दक्षिण अफ्रीका जाने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए चुने गए थे। हालांकि, चोट के कारण बाद में उन्होंने अपना नाम वापस ले लिया था। उन्हें ठीक होने में छह से आठ सप्ताह का समय लगेगा।

मैक्सवेल ने पिछले साल अक्टूबर में मानसिक स्वास्थ का हवाला देकर क्रिकेट से ब्रेक लिया था। इसके बाद उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की टी20 लीग बिग बैश से वापसी की थी। बिग बैश में उनकी कप्तानी में मेलबर्न स्टार्स की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन किया था। टीम फाइनल तक पहुंची थी।

हालांकि, खिताबी मुकाबले में उसे सिडनी सिक्सर्स के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी। मैक्सवेल टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में 10वें स्थान पर थे। उन्होंने 16 मैच में 39.80 के औसत से 398 रन बनाए थे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 148.51 रहा था।