ग्लेन मैक्सवेल ने अफगानिस्तान के खिलाफ वर्ल्ड कप 2023 में मंगलवार को डबल सेंचुरी जड़कर इतिहास रच दिया। वह रन चेज में डबल सेंचुरी जड़ने वाले पहले बल्लेबाज बने। मैक्सवेल जब क्रीज पर आए तब ऑस्ट्रेलिया बैकफुट पर था। अफगानिस्तान की जीत तय लग रही थी, लेकिन मैक्सवेल ने काउंटर अटैकिंग बल्लेबाजी की और मैच का रुख पलट दिया। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने सेमीफाइनल में जगह बना ली। सेमीफाइनल में उसका सामना साउथ अफ्रीका से होगा।

अफगानिस्तान को ग्लेन मैक्सवेल का कैच छोड़ना भारी पड़ गया। ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 292 रन चाहिए थे। इसमें से मैक्सवेल ने 201 से ज्यादा रन बना दिए। यह ऑस्ट्रेलिया का वर्ल्ड कप में सबसे बड़ा रन चेज है। वानखेड़े का भी यह सबसे बड़ा रन चेज है। 46 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 7 विकेट पर 271 रन था। जीत के लिए 4 ओवर में 21 रन चाहिए थे।

पैट कमिंस के साथ शानदार साझेदारी

क्रैम्प से जूझ रहे मैक्सवेल ने मुजीब के ओवर में 5 गेंद पर 3 छक्के और 1 चौका लगाया। ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस दूसरे छोर पर खड़े रहे। उन्होंने सुनिश्चित किया कि दूसरे छोर से विकेट न गिरे। उन्होंने 68 गेंद पर 12 रन बनाए। दोनों के बीच 202 रन की अटूट साझेदारी हुई। वनडे में यह सातवें या इसके बाद के विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है।

मैक्सवेल वनडे में डबल सेंचुरी जड़ने वाले ऑस्ट्रेलिया के पहले बल्लेबाज

ग्लेन मैक्सवेल वनडे में डबल सेंचुरी जड़ने वाले ऑस्ट्रेलिया के पहले बल्लेबाज हैं। अपनी पारी में 10 छक्के और 21 चौके लगाए। उन्होंने यह वनडे में रन चेज की सबसे बड़ी पारी है। इससे पहले यह रिकॉर्ड पाकिस्तान के फकर जमां के नाम था। उन्होंने 2021 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 193 रन बनाए थे।

शेन वॉटसन का रिकॉर्ड तोड़ा

ऑस्ट्रेलिया के लिए शेन वॉटसन के नाम यह रिकॉर्ड था। उन्होंने 2011 में बांग्लादेश के खिलाफ नाबाद 185 रन बनाए थे। वॉटसन के ही नाम ऑस्ट्रेलिया के लिए वनडे में सर्वश्रेष्ठ वनडे स्कोर था। वर्ल्ड कप में रन चेज में सबसे बड़ी पारी का रिकॉर्ड इंग्लैंड के पूर्व कप्तान एंड्रयू स्ट्रॉस के नाम था। उन्होंने 2011 में भारत के खिलाफ 158 रन बनाए थे। हालांकि, यह मैच टाई रहा था था।

वर्ल्ड कप में तीसरी डबल सेंचुरी

ग्लेन मैक्सवेल वर्ल्ड कप में तीसरी डबल सेंचुरी जड़ने वाले बल्लेबाज ने। इससे पहले 2015 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड के ओपनर मार्टिन गप्टिल नाबाद 235 रन की पारी खेली थी। वहीं क्रिस गेल ने भी 2015 में ही 215 रन की पारी खेली। वनडे में नंबर 6 या इससे नीचे के क्रम पर किसी बल्लेबाजी की यह सबसे बड़ी पारी थी। इससे पहले दिग्गज कपिल देव के नाम यह रिकॉर्ड था। उन्होंने 1983 वर्ल्ड कप में नाबाद 175 रन बनाए थे।

दूसरी सबसे तेज डबल सेंचुरी

वनडे सबसे तेज डबल सेंचरी का रिकॉर्ड टीम इंडिया के ओपनर इशान किशन के नाम है। उन्होंने दिसंबर 2022 में बांग्लादेश के खिलाफ 126 गेंद लिए थे। मैक्सवेल ने 128 गेंद लिए। क्रिस गेल तीसरे नंबर पर हैं। उन्होंने 138 गेंद लिए थे। वनडे क्रिकेट में 11 डबल सेंचुरी लग चुकी हैं। टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा के नाम सबसे ज्यादा 3 डबल सेंचुरी है। मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने सबसे पहला दोहरा शतक जड़ा था।