रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के हरफनमौला खिलाड़ी ग्लेन मैक्सवेल ने ‘मानसिक और शारीरिक थकान’ के कारण इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2024 से अनिश्चितकालीन ब्रेक लेने का फैसला किया है। इस फैसले के लिए उन्होंने अपने खराब बल्लेबाजी फॉर्म को जिम्मेदार ठहराया है। यह करियर में दूसरी बार है जब ग्लेन मैक्सवेल ने खुद को तैयार करने के लिए प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से किनारा कर लिया है।
पहले अंगुली की चोट की बात कही
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में ग्लेन मैक्सवेल के नहीं खेलने की वजह मुंबई इंडियंस से मुकाबले के दौरान लगी उनकी अंगुली की चोट बताई गई थी। हालांकि, बाद में ग्लेन मैक्सवेल ने खुद को टीम से बाहर करने की बात स्वीकार की। ग्लेन मैक्सवेल ने सोमवार 15 अप्रैल की रात एसआरएच के खिलाफ आरसीबी की करारी हार के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मीडिया से बात करते हुए इस खबर का खुलासा किया।
IPL 2024 में मैक्सवेल बल्ले से रहे फ्लाप
ग्लेन मैक्सवेल ने अपनी खराब बल्लेबाजी फॉर्म के काफी आलोचना झेली है। ग्लेन मैक्सवेल सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं थे। उनकी जगह विल जैक्स ने ली थी। मैच के बाद ग्लेन मैक्सवेल ने बताया कि उन्होंने कप्तान फाफ डुप्लेसिस से खुद किसी और को आजमाने के लिए कहा था।
मैक्सवेल ने खुद किया प्लेइंग 11 से बाहर होने का फैसला
मैक्सवेल ने बताया, ‘मैं आखिरी गेम (बनाम मुंबई इंडियंस) के बाद फाफ और कोचेस के पास गया और कहा कि शायद अब किसी और को (मेरी जगह) आजमाने का समय है। यह खुद को थोड़ा मानसिक और शारीरिक आराम देने, शरीर को दुरुस्त करने का समय है। अगर टूर्नामेंट के दौरान मुझे इसमें शामिल होने की आवश्यकता होती है तो एक ठोस मानसिक और शारीरिक स्थिति में लौट सकता हूं।’
ग्लेन मैक्सवेल अक्टूबर 2019 में भी ले चुके हैं ब्रेक
ग्लेन मैक्सवेल ने अक्टूबर 2019 में भी ऐसा ही ब्रेक लिया था। तब उन्होंने कहा था कि उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से आराम की जरूरत है। इसके कुछ महीनों बाद इस 35 साल के खिलाड़ी ने वापसी की थी। आईपीएल 2024 में ग्लेन मैक्सवेल 6 मैच में बल्ले से कोई महत्वपूर्ण योगदान नहीं दे सके हैं। उन्होंने 94 के स्ट्राइक रेट से महज 32 रन बनाये हैं। इसमें से 28 रन तो उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ बनाये थे।
आईपीएल से पहले शानदार फॉर्म में थे मैक्सवेल
आईपीएल से पहले ग्लेन मैक्सवेल का प्रदर्शन शानदार था। उनके फॉर्म में आई अचानक गिरावट आश्चर्यजनक थी। मैक्सवेल ने नवंबर के बाद से 17 टी20 मैच में 42 की औसत से 552 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 185 का था। ग्लेन मैक्सवेल ने बताया, ‘मुझे लगा मैं बल्ले से योगदान नहीं दे पा रहा हूं। मुझे लगता है कि यह किसी और को अपना कौशल दिखाने का मौका देने का अच्छा समय है। उम्मीद है कोई ऐसा कर सकता है।’ हालांकि, ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर को अभी वापसी करने और टूर्नामेंट के बाद के चरणों में खेलने की उम्मीद है।