स्पेन के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी राफेल नडाल ने रविवार (11 अक्टूबर) को फ्रेंच ओपन का फाइनल जीत लिया है। उन्होंने खिताबी मुकाबले में दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी सर्बिया के नोवाक जोकोविच को हराया। नडाल ने रिकॉर्ड 13वीं बार फ्रेंच ओपन का फाइनल अपने नाम किया। इस जीत के साथ ही उनके 20 ग्रैंड स्लैम खिताब हो गए। वे सबसे ज्यादा ग्रैंड स्लैम जीतने के मामले में महानतम खिलाड़ी स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर के बराबर पहुंच गए। फेडरर ने भी 20 ग्रैंड स्लैम जीते है।

नडाल ने जोकोविच को 6-0, 6-2, 7-5 से हरा दिया। इस मुकाबले में जोकोविच आउट ऑफ फॉर्म दिखे। मैच जीतने के बाद नडाल कोर्ट पर ही बैठ गए। मुस्कुराए और हवा में हाथ लहरा दिया। दुनिया के नंबर-2 खिलाड़ी नडाल फ्रेंच ओपन में 100 मैच जीत चुके हैं। वे सिर्फ दो मुकाबलों में हारे हैं। उन्होंने कुल 26 सेमीफाइनल और फाइनल खेले। इस दौरान कभी नहीं हारे। 34 साल के नडाल का ये लगातार चौथा फ्रेंच ओपन खिताब है।


वे 2005 से 2008 तक लगातार चार बार खिताब जीते थे। इसके बाद 2010 से 2014 तक लगातार पांच बार चैंपियन बने। नडाल चार बार यूएस ओपन, दो बार विंबलडन और एक बार ऑस्ट्रेलियन ओपन जीत चुके हैं। नडाल सबसे ज्यादा ग्रैंड स्लैम जीतने के मामले में 17 साल में पहली बार फेडरर के बराबर पहुंचे हैं। उन्होंने 2003 में अपने करियर की शुरुआत की थी। दूसरी ओर, हार के बाद जोकोविच 18वां ग्रैंड स्लैम जीतने से चूक गए।

सबसे ज्यादा ग्रैंड स्लैम जीतने वाले टॉप-3 पुरुष टेनिस खिलाड़ी
1. रोजर फेडरर (स्विट्जरलैंड) 20 (ऑस्ट्रेलियन ओपन-6, फ्रेंच ओपन-1, विंबलडन-8, यूएस ओपन-5)
राफेल नडाल (स्पेन) 20 (ऑस्ट्रेलियन ओपन-1, फ्रेंच ओपन-13, विंबलडन-2, यूएस ओपन-4)
2. नोवाक जोकोविच (सर्बिया ) 17 (ऑस्ट्रेलियन ओपन-8, फ्रेंच ओपन-1, विंबलडन-5, यूएस ओपन-3)
3. पीट सम्प्रास (अमेरिका) 14 (ऑस्ट्रेलियन ओपन-2, फ्रेंच ओपन-0, विंबलडन-7, यूएस ओपन-5)