श्रीलंकाई मीडिया के अनुसार, श्रीलंका की अंडर-19 क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान धम्मिका निरोशन (41) की मंगलवार रात (16 जुलाई 2024) को गॉले जिले के एक छोटे से शहर अम्बालांगोडा के कांडा मावथा में उनके आवास पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। स्थानीय पुलिस के अनुसार, धम्मिका निरोशन पत्नी और दो बच्चों के साथ थे, तभी एक अज्ञात व्यक्ति ने उन पर गोली चलाई।

पुलिस अब तक संदिग्ध को पकड़ नहीं पाई है। फिलहाल गहन जांच जारी है, लेकिन अपराध के पीछे का मकसद अब तक स्पष्ट नहीं है। धम्मिका निरोशन को कथित तौर पर 12 बोर की राइफल से गोली मारी गई। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज धम्मिका निरोशन को उनके खेल के दिनों में एक उभरती हुई प्रतिभा के रूप में आंका गया था।

धम्मिका निरोशन ने 2001 से 2004 तक गॉले क्रिकेट क्लब के लिए 12 प्रथम श्रेणी और 8 लिस्ट ए मैच खेले। उसमें उन्होंने 300 से अधिक रन बनाए और 19 विकेट लिए। उन्होंने 2000 में श्रीलंकाई अंडर-19 टीम के लिए पदार्पण किया और दो साल तक अंडर-19 टेस्ट और वनडे क्रिकेट खेला।

धम्मिका की कप्तानी में खेले दिग्गज खिलाड़ी

22 फरवरी 1983 को गॉले में जन्में धम्मिका निरोशन ने 10 मैच में श्रीलंका की अंडर-19 टीम की कप्तानी की। फरवीज महरूफ, एंजेलो मैथ्यूज और उपुल थरंगा जैसे खिलाड़ियों ने उनके अधीन खेला। इन सभी ने राष्ट्रीय स्तर पर श्रीलंका का प्रतिनिधित्व किया। हालांकि, धम्मिका निरोशन का करियर कभी उड़ान नहीं भर पाया। उन्होंने दिसंबर 2004 में अपना अंतिम प्रतिस्पर्धी क्रिकेट मैच खेला था।

Former Sri Lankan Cricketer Dhammika Niroshana, Shot Dead, Crime News, Crime In Sri Lanka
धम्मिका निरोशन ने 20 साल की उम्र में क्रिकेट छोड़ने से पहले युवा स्तर पर श्रीलंका के लिए खेला था।

व्हाइट-बॉल सीरीज में भारत की मेज़बानी करेगा श्रीलंका

इस बीच, श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड व्हाइट-बॉल सीरीज के लिए भारत की मेज़बानी करने की तैयारी कर रहा है। आईसीसी टी20 विश्व कप 2024 में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद श्रीलंकाई टीम 3 मैच की टी20 सीरीज में वर्ल्ड चैंपियन से भिड़ेगी। इसके बाद 3 मैच की ही एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय सीरीज होगी। टी20 विश्व कप 2024 के बाद वानिंदु हसरंगा ने श्रीलंकाई टी20 टीम की कप्तानी छोड़ दी थी।

भारत का श्रीलंका दौरा 27 जुलाई को टी20 इंटरनेशनल मैच के साथ शुरू होगा। यह भारतीय क्रिकेट में एक नया अध्याय भी लिखेगा क्योंकि गौतम गंभीर बतौर मुख्य कोच डेब्यू करेंगे। रोहित शर्मा, विराट कोहली और रविंद्र जडेजा के टी20 इंटरनेशनल से संन्यास के बाद यह पहली बड़ी सीरीज भी होगी।