स्पेन आधिकारिक तौर पर यूरोप की अब तक की सर्वश्रेष्ठ फुटबॉल टीम बन गई है। बर्लिन में रविवार (14 जुलाई) को हुए यूरो 2024 के फाइनल में टीम ने इंग्लैंड को 2-1 से हराया। वह चार बार यह खिताब जीतने वाली पहली टीम बन गई। इससे पहले स्पेन ने 1964, 2008 और 2012 में खिताब जीता था। तीन खिताब के साथ जर्मनी इस सूची में दूसरे स्थान पर है।

यूरो कप के फाइनल में लगातार दूसरी बार इंग्लैंड का दिल टूटा। वह लगातार दो यूरो फाइनल हारने वाली पहली टीम बनी। चार साल पहले इटली के खिलाफ पेनल्टी किक के कारण ट्रॉफी नहीं मिली थी। इस बार मिकेल ओयारजाबल ने अंत समय पर गोल करके पानी फेर दिया। इंग्लैंड को 58 साल से किसी अंतरराष्ट्रीय खिताब का इंतजार है। 1966 में फीफा विश्व कप जीतने के बाद से वह खाली हाथ है। यूरो कप के 66 साल के इतिहास में इंग्लैंड कभी भी चैंपियन नहीं बन पाया है।

फर्स्ट हाफ में नहीं हुआ गोल

यूरो कप के फाइनल मैच के दौरान फर्स्ट हाफ में स्पेन और इंग्लैंड में से कोई भी गोल नहीं कर पाया। हालांकि, स्पेन दबदबा दिखा। 66 प्रतिशत समय बॉल पजेशन उनके पास रही। फर्स्ट हाफ में एक्स्ट्रा टाइम के दौरान फिल फोडेन गोल करने के सुनहरे मौके चूक गए। स्पेन को गोलकीपर यू सिमोन ने शानदार बचाव किया।

मिकेल ओयारजाबल का गोल निर्णायक साबित हुआ

दूसरा हाफ काफी रोमांचक रहा। मैच के 47वें मिनट में लैमिन यामल के बेहतरीन क्रॉस पर निकोलस विलियम्स ने गोल किया और स्पेन ने 1-0 की बढ़त बना ली। 73वें मिनट में जूड बैलिंगहम के क्रॉस पर सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी कोल पामर की गोल से इंग्लैंड बराबरी पर पहुंच गया। 86वें में मिनट में स्पेन के लिए सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी मिकेल ओयारजाबल ने मार्क कुकुरेला के असिस्ट पर गोल किया। यह मैच का निर्णायक गोल साबित हुआ।