डिफेंडिंग चैंपियन इंग्लैंड ने रविवार को वर्ल्ड कप टीम में बदलाव किया। जोस बटलर की अगुआई वाली टीम में चोटिल जेसन रॉय की जगह हैरी ब्रूक को शामिल किया गया। वर्ल्ड कप के लिए इंग्लैंड की टीम घोषित हुई थी तब ब्रूक को मौका नहीं मिला था। इसे लेकर काफी सवाल उठे थे। हालांकि, ब्रूक ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में कुछ खास प्रदर्शन नहीं किया। इससे पहले हैरी ब्रूक ने द हंड्रेड में शानदार प्रदर्शन किया था। इसके बाद कप्तान जोस बटलर ने कहा था कि 24 साल के इस बल्लेबाज के लिए दरवाजे बंद नहीं हुए हैं।
डेविड मलान ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन एकदिवसीय मैचों में 277 रन बनाए। उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। वह जेसन रॉय की अनुपस्थिति में ओपनिंग करते दिखाई देंगे। पीठ की चोट के कारण रॉय के बाहर होने पर मालन ने न्यूजीलैंड के खिलाफ बल्लेबाजी की शुरुआत की और वह संयुक्त रूप से सबसे तेज 1,000 एकदिवसीय रन बनाने वाले अंग्रेज खिलाड़ी बने। 21 पारियों में इस आंकड़े तक पहुंचकर उन्होंने केविन पीटरसन और जोनाथन ट्रॉट की बराबरी की।
जेसन रॉय ने 2019 वर्ल्ड कप में निभाई थी अहम भूमिका
जेसन रॉय ने 2019 वर्ल्ड कप जीतने वाली इंग्लैंड टीम के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने फ्रेंचाइजी क्रिकेट खेलने के लिए मई में इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) के साथ अपना अनुबंध तोड़ दिया था। अंग्रेज टीम के ऑलराउंडर खिलाड़ी और टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स ने भी वनडे से संन्यास लेने के अपने फैसले को पलट दिया।
बेन स्टोक्स शानदार फॉर्म में
बेन स्टोक्स ने 2019 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड को विजयी बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन पारियों में 235 रन बनाए। उन्होंने तीसरे मैच में 124 गेंदों में 182 रनों की पारी खेली। उन्होंने वनडे में इंग्लैंड के किसी बल्लेबाज के तौर पर सर्वोच्च स्कोर बनाया। स्टोक्स ने बताया कि वह वर्ल्ड कप के लिए तैयार हैं और क्यों टीम को उनकी जरूरत थी।
न्यूजीलैंड के खिलाफ अभियान की शुरुआत करेगा इंग्लैंड
गेंदबाज आदिल राशिद और मार्क वुड के चोटिल होने की आशंका थी, लेकिन दोनों को टीम में शामिल किया गया। इंग्लैंड ने विश्व कप खिताब रक्षा शुरुआत न्यूजीलैंड के खिलाफ करेगा। 5 अक्टूबर को टूर्नामेंट के पहले मैच मेे अहमदाबाद में दोनों टीमें आमने सामने होंगी। 2019 में इंग्लैंड की टीम न्यूजीलैंड को हराकर चैंपियन बनी थी।
वर्ल्ड कप के लिए इंग्लैंड का स्कवाड
जोस बटलर (कप्तान), मोइन अली, गस एटकिंसन, जॉनी बेयरस्टो, हैरी ब्रूक, सैम कुरेन, लियाम लिविंगस्टोन, डेविड मलान, आदिल राशिद, जो रूट, बेन स्टोक्स, रीस टॉपले, डेविड विली, मार्क वुड, क्रिस वोक्स।