वनडे विश्व कप 2023 के लिए संन्यास से वापसी करने वाले बेन स्टोक्स के फैसले पर इंग्लैंड के व्हाइट बॉल कप्तान जोस बटलर ने पहली प्रतिक्रिया दी है। जोस बटलर ने कहा है कि बेन स्टोक्स की वापसी का फैसला पूरी तरह उनका था। बता दें कि स्टोक्स के वापस आने के पीछे यह माना जा रहा था कि जोस बटलर ने उन्हें इसके लिए राजी किया है, लेकिन बटलर ने ऐसी खबरों को खारिज कर दिया।

एशेज के बाद किया था वापसी का फैसला

क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, वापसी का फैसला पूरी तरह से बेन स्टोक्स का खुद का था। उनके फैसले का टीम मैनेजमेंट ने सम्मान किया। बटलर ने बताया कि एशेज खत्म होने के बाद बेन स्टोक्स ने वापसी का फैसला किया था। सच पूछिए तो यह उनका निर्णय था। आप अच्छे से जानते हैं कि स्टोक्स से कहकर कुछ नहीं करवा सकते, हमारी इस बारे में उनसे काफी समय पहले बात हुई थी, तब अंतिम निर्णय उन्हीं पर छोड़ दिया था।

मैं कहता तो वह इतना असरदार नहीं होता- बटलर

जोस बटलर ने आगे कहा कि टीम में बेन स्टोक्स की वापसी से काफी खुशी है। उन्होंने आगे कहा कि स्टोक्स अपनी मर्जी के मालिक हैं और संन्यास वापस लेने का फैसला पूरी तरह उनका रहा है। मैं उनके साथ काफी क्रिकेट खेला हूं और हम काफी अच्छे दोस्त हैं, अगर मैं उनसे कहता कि तुम लौट आओ तो वह इतना असर नहीं करता, लेकिन अपनी मर्जी से उन्होंने आने का फैसला सही लिया। इंग्लैंड की लाल जर्सी ने उन्हें वापसी करने के लिए तैयार किया होगा।

2022 में रिटायर हो गए थे बेन स्टोक्स

बता दें कि बेन स्टोक्स ने जुलाई 2022 में वनडे फॉर्मेट से संन्यास की घोषणा कर दी थी। उसके बाद उन्हें टेस्ट टीम का कप्तान घोषित किया था। उनकी कप्तानी में इंग्लैंड ने टेस्ट फॉर्मेट में कई कीर्तिमान हासिल किए। हाल ही में एशेज के दौरान भी उनका शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। एशेज खत्म होने के बाद हाल ही में स्टोक्स ने वनडे से संन्यास के फैसले को वापस ले लिया और विश्व कप के लिए उनका चयन हो गया।