इंग्लैंड के अनुभवी क्रिकेटर स्टुअर्ट ब्रॉड अपनी खतरनाक गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं, लेकिन वेस्टइंडीज के खिलाफ उन्होंने बल्ले से भी शानदार प्रदर्शन किया। ब्रॉड ने मैनचेस्टर में खेले जा रहे तीन टेस्ट की सीरीज के आखिरी यानी तीसरे मुकाबले में तूफानी अर्धशतक जड़ दिया। ब्रॉड ने पहली पारी में 62 रन बनाए। उन्होंने सिर्फ 33 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। यह उनके करियर का सबसे तेज अर्धशतक है। उनकी पारी की बदौलत इंग्लैंड की टीम ने पहली पारी में 369 रन बनाए।

ब्रॉड ने 33 गेंद पर अर्धशतक लगाकर अपना 12 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 2008 में खेले गए लीड्स टेस्ट मैच में उन्होंने 41 गेंदों पर अर्धशतक लगाया था। ब्रॉड ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2009 में लीड्स में ही खेले गए टेस्ट मैच में 43 गेंद पर अर्धशतक लगाया था। वे 2017 में लॉर्ड्स के मैदान पर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 45 गेंद पर अर्धशतक लगाया था। वेस्टइंडीज के खिलाफ मैनचेस्टर में खेले जा रहे मैच में उन्होंने 9 चौके और एक छक्का लगाया। उन्हें रोस्टन चेज ने जर्मेन ब्लैकवुड के हाथों कैच कराया।

ब्रॉड इंग्लैंड के लिए सबसे कम गेंदों पर अर्धशतक लगाने वाले संयुक्त रूप से तीसरे बल्लेबाज बन गए। उन्होंने एलन लंब और एंड्रयू फ्लिंटॉफ की बराबरी की। लंब ने 1991-92 में न्यूजीलैंड के खिलाफ ऑकलैंड में खेले गए टेस्ट में 33 गेंद पर अर्धशतक लगाया था। वहीं, इंग्लैंड के महान ऑलराउंडर कहे जाने वाले फ्लिंटॉफ ने 2001-02 में न्यूजीलैंड के खिलाफ ही वेलिंगटन में 33 गेंद पर अर्धशतक जड़ा था। इंग्लैंड के लिए सबसे तेज अर्धशतक ऑलटाइम ग्रेट ऑलराउंडर की श्रेणी में रखे जाने वाले इयान बॉथम ने लगाया था। उन्होंने भारत के खिलाफ 1981-82 में दिल्ली में यह रिकॉर्ड बनाया था। दूसरे नंबर पर भी बॉथम ही हैं। उन्होंने 1986 में न्यूजीलैंड के खिलाफ द ओवल में 32 गेंद पर अर्धशतक लगाया था।

इंग्लैंड के लिए इस मैच में ओली पोप और जोस बटलर ने 5वें विकेट के लिए 140 रनों की साझेदारी की। 5वें विकेट के लिए वेस्टइंडीज के खिलाफ सबसे बड़ी साझेदारी करने वाली यह दूसरी जोड़ी बन गई। इससे पहले इयान बेल और पॉल कॉलिंगवुड ने लॉर्ड्स के मैदान पर 2007 में 144 रनों की साझेदारी की थी। इंग्लैंड की टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ पहली पारी में 400 के स्कोर तक नहीं पहुंच पाई। उसके लिए ओली पोप ने 91, जोस बटलर ने 67, स्टुअर्ट ब्रॉड ने 62 और रोरी बर्न्स ने 57 रनों की पारी खेली। वेस्टइंडीज के लिए केमार रोच ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए।