दलीप ट्रॉफी 2024 के फर्स्ट राउंड में इंडिया ए के कप्तान शुभमन गिल बल्ले से कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाए। वह रविवार (8 सितंबर) को 25 साल के हो गए। बर्थडे पर उनसे बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वह सस्ते में आउट हो गए। शुभमन गिल को नवदीप सैनी ने पहली पारी में भी परेशान किया था। दूसरी पारी में भी उन्होंने गिल को परेशान किया।

शुभमन गिल को नितीश कुमार रेड्डी ने जीवनदान भी दिया था। वह तब 16 रन बनाकर क्रीज पर थे। सैनी ने ऑफ स्टंप के बाहर फुल लेंथ गेंद की। शरीर से दूर गेंद पर वह बल्ला अड़ा बैठे। दूसरे स्लिप में खड़े नितीश की कलाई पर गेंद लगी और वह कैच नहीं ले पाए। जीवनदान मिलने के बाद ऐसा लगा गिल बड़ी पारी खेलेंगे, लेकिन सैनी ने ऐसा होने नहीं दिया। उन्होंने 13वें ओवर की आखिरी गेंद पर उन्हें चलता किया।

पहली पारी में बोल्ड हुए गिल

सैनी ने ऑफ स्टंप से बाहर गेंद की। गिल ने ड्राइव खेलने का प्रयास किया। गेंद बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर ऋषभ पंत के पास चली गई। गिल 35 गेंद पर 2 चौके की मदद से 21 रन बनाकर आउट हुए। पहली पारी में गिल को सैनी ने बोल्ड किया था। लेंथ बॉल पड़ने के बाद तेजी से अंदर आई और गिल ने इसे छोड़ने का प्रयास किया। गेंद ऑफ स्टंप पर लगी। वह उस पारी में 43 गेंद पर 3 चौके की मदद से 25 रन बनाकर आउट हुए थे।

शुभमन गिल का न चलना भारत के लिए परेशानी का सबब

शुभमन गिल का न चलना बांग्लादेश के खिलाफ 2 मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम के लिए परेशानी का सबब है। वह भारतीय टीम के प्रमुख बल्लेबाज हैं और नंबर 3 पर खेलते दिखाई देंगे। हालांकि, दलीप ट्रॉफी में वह ओपनिंग करते दिखे। इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में गिल ने अच्छा प्रदर्शन किया था। उन्होंने 5 मैच की 9 पारी में 56.50 की औसत से 452 रन बनाए।