युजवेंद्र चहल की मंगेतर धनश्री वर्मा का शनिवार (27 सितंबर) को जन्मदिन है। उनकी उम्र अब 24 साल हो गई। चहल ने पिछले महीने 8 अगस्त को धनश्री से सगाई कर फैंस को चौंका दिया था। उन्होंने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी थी। चहल की गेंदबाजी की तरह उनकी लव स्टोरी भी अनोखी है। चहल ने एक इंटरव्यू में बताया था कि वो अपनी होने वाली जीवनसाथी धनश्री से लॉकडाउन के दौरान एक डांस क्लास में मिले थे। उन्होंने डांस सीखने के लिए लॉकडाउन के दौरान उस क्लास को ज्वॉइन किया था।

चहल और धनश्री की मुलाकात लॉकडाउन के दौरान वर्चुअल तरीके से हो रही थी। इस दौरान भारतीय स्पिनर ने धनश्री से कई डांस क्लासेज ली और उनकी ऑनलाइन वर्कशॉप का हिस्सा भी बनें। इतना ही नहीं चहल ने अपनी गर्लफ्रेंड के लिए एक डांस वीडियो भी बनाया था। उन्होंने सलमान की फिल्म ‘भारत’के सांग ‘स्लो मोशन’ पर डांस किया था। इसका वीडियो चहल ने नहीं, बल्कि धनश्री ने शेयर किया था। लॉकडाउन के बाद जब चीजें सामान्य हुईं और अनलॉक की प्रक्रिया शुरू हुई तो दोनों बाहर भी मिलने लगे। फिर 8 अगस्त को सगाई कर ली।

धनश्री पेशे से एक डॉक्टर हैं। लेकिन वे डॉक्टरी नहीं करती हैं। उन्हें डांस बेहद पसंद और उन्होंने कोरियोग्राफी में अपना करियर आगे बढ़ाया। चहल की तरह धनश्री भी सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती हैं। डीवाई पाटिल मेडिकल कॉलेज से डॉक्टरी की पढ़ाई कर चुकी धनश्री फिलहाल मॉडलिंग और डांसिंग में ही अपने करियर को आगे बढ़ा रही हैं। उन्होंने ने मुंबई में अपनी एक डांस एकेडमी खोल रखी है। धनश्री एक मशहूर यूट्यूबर भी हैं।

 


यूट्यूब पर धनश्री के कई डांस वीडियो मशहूर हैं। वे अदाकारा सारा अली खान, अभिनेता कार्तिक आर्यन, सिंगर गुरु रंधावा और शगुन मेहता के साथ नजर आ चुकी हैं। गुरु रंधावा के साथ ‘स्लोली-स्लोली’ गाना उनका वीडियो काफी पसंद किया गया। उनके साकी-साकी वीडियो को 11 मिलियन से ज्यादा बार देखा गया है। धनश्री और चहल इस साल आईपीएल के बाद शादी कर सकते हैं। युजवेंद्र फिलहाल आईपीएल के लिए यूएई गए हुए हैं। उसके बाद उन्हें ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी जाना है।