आईपीएल के अगले संस्करण के लिए मिनी ऑक्शन का आयोजन 19 दिसंबर को दुबई में होना है। नीलामी से पहले दिल्ली कैपिटल्स दूसरी ऐसी फ्रेंचाइजी है जिसने सबसे ज्यादा खिलाड़ियों को रिलीज किया है। दिल्ली की टीम ने 11 खिलाड़ियों को रिलीज किया था, जिसके बाद नीलामी में ये फ्रेंचाइजी खाली पड़े 9 स्लॉट को भरना चाहेगी। इससे पहले पूर्व भारतीय बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने बताया है कि दिल्ली कैपिटल्स को मध्य क्रम और निचले क्रम में खिलाड़ियों की जरूरत है।
दिल्ली ने अच्छे खिलाड़ियों को किया रिलीज
आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा है कि DC एक टॉप हैवी टीम है, लेकिन फिर भी इस टीम को नीलामी में मध्य क्रम और निचले क्रम में बल्लेबाजों की जरूरत है। आकाश चोपड़ा ने कहा कि इस फ्रेंचाइजी ने फिल साल्ट को रिलीज किया जिसने पिछला सीजन बढ़िया खेला था। फिर उन्होंने राइली रूसो और रोवमन पॉवेल को भी रिलीज कर दिया। ऐसे में उनका लोअर ऑर्डर अब कमजोर नजर आ रहा है। दिल्ली कैपिटल्स चाहेगी कि ऑक्शन में मध्य क्रम और निचले क्रम को भरा जाए।
गेंदबाजों की भी पड़ेगी जरूरत
आकाश चोपड़ा ने आगे कहा कि दिल्ली कैपिटल्स को मध्य क्रम और निचले क्रम में बल्लेबाजों के साथ-साथ तेज गेंदबाज भी खरीदने होंगे, क्योंकि दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज एनरिक नॉर्खिया की उपलब्धि पर सवालों के घेरे में हो सकती है। नॉर्खिया ने पिछले सीजन में 10 मैचों में 10 विकेट लिए थे। पूरे सीजन में वह कभी असरदार नहीं दिखे थे।
दिल्ली ने गेंदबाज भी किए हैं रिलीज
आकाश चोपड़ा ने कहा कि दिल्ली ने दो बाएं हाथ के गेंदबाजों को रिलीज किया है। इनमें मुस्तफिजुर रहमान और चेतन साकरिया का नाम शामिल है। इसके अलावा कमलेश नागरकोटी को भी उन्होंने रिलीज किया है। वहीं एनरिक नॉर्खिया की उपलब्धि पर भी सस्पेंस है। ऐसे में उन्हें तेज गेंदबाज खरीदने ही होंगे। बता दें कि दिल्ली कैपिटल्स की टीम 2023 में अंक तालिका के अंदर 9वें स्थान पर रही थी। इस फ्रेंचाइजी ने 5 मैच जीते थे और 9 हारे थे।
ऑक्शन से पहले दिल्ली की टीम
ऋषभ पंत, डेविड वार्नर, मिचेल मार्श, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, इशांत शर्मा, पृथ्वी शॉ, खलील अहमद, ललित यादव, प्रवीण दुबे, मुकेश कुमार, यश ढुल, विक्की ओस्तवाल, अभिषेक पोरेल, एनरिक नॉर्खिया, लुंगी एनगिडी।
दिल्ली से रिलीज किए गए खिलाड़ी
राइली रूसो, चेतन साकरिया, रोवमन पॉवेल, मनीष पांडे, फिल साल्ट, मुस्तफिजुर रहमान, कमलेश नागरकोटी, रिपल पटेल, सरफराज खान, अमन खान, प्रियम गर्ग।