आईपीएल 2024 के आगाज से पहले हार्दिक पंड्या का मुंबई इंडियंस में जाना और फिर उन्हें रोहित शर्मा की जगह कप्तान बना देना इस लीग के इतिहास की दो बड़ी घटनाएं बन गई हैं। रोहित शर्मा जो पिछले एक दशक से मुंबई इंडियंस के कप्तान थे उन्हें हार्दिक के चलते कप्तानी से हाथ धोना पड़ा। रोहित और मुंबई इंडियंस के फैंस को फ्रेंचाइजी का ये फैसला कतई पसंद नहीं आया। इसी बीच मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से एक बड़ी जानकारी और सामने आई है।
रोहित को खरीदना चाहती थी दिल्ली कैपिटल्स
खबर है कि रोहित को खरीदने के लिए दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस से संपर्क किया था, लेकिन यह डील सफल नहीं हो पाई। स्पोर्टस टुडे की खबर के मुताबिक, दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस से रोहित शर्मा के लिए संपर्क किया था। डीसी चाहती थी कि रोहित उनकी टीम में आएं और कप्तानी संभाले, लेकिन यह डील सफल नहीं हो पाई। इसके बाद दिल्ली ने ऋषभ को ही अपना कप्तान बरकरार रखने का फैसला किया। यह खबर तब सामने आई है जब रोहित को मुंबई ने एक ही दिन पहले कप्तानी से हटाया है।
मुंबई ने रोहित को देने से कर दिया था इनकार
स्पोर्ट्स टुडे की रिपोर्ट में कहा गया है, “स्मार्ट फ्रेंचाइजियों में से एक ने रोहित शर्मा को साइन करने का अवसर देखा और मुंबई इंडियंस से संपर्क किया था, लेकिन उसके अनुरोध को मुंबई ने ठुकरा दिया। उस फ्रेंचाइजी का नाम दिल्ली कैपिटल्स है। वह रोहित को साइन करने के लिए तैयार थे।” मुंबई ने दिल्ली को रोहित के लिए मना तो कर दिया, लेकिन हार्दिक के कारण हिटमैन को मुंबई की कप्तानी गंवानी पड़ी। कहा ये भी गया है कि हार्दिक की ही मांग थी कि वह टीम में तभी आएंगे जब उन्हें कप्तानी मिलेगी।