INDIA Vs SOUTH AFRICA, 2ND T20I: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में समर्पण और त्याग के अनूठे उदाहरण देखने को मिले। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा नाक से खून बहने के बावजूद मैदान पर डटे रहे और खिलाड़ियों को निर्देश देते रहे। वहीं, भारतीय पारी के आखिरी ओवर में विराट कोहली और दिनेश कार्तिक के बीच खास पल देखने को मिला।
विराट कोहली 49 रन पर थे और स्ट्राइक पर विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक थे। कार्तिक ने एक वाइड गेंद पर उन्हें अपना अर्धशतक पूरा करने के लिए स्ट्राइक देने की पेशकश की, लेकिन भारत के पूर्व कप्तान ने उन्हें स्ट्राइक अपने पास ही रखने और स्कोर को और बड़ा करने के लिए कहा। कोहली और कार्तिक ने 11 गेंद में 28 रन की नाबाद साझेदारी की।
दोनों ही घटनाओं के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हैं। फैंस रोहित शर्मा के खेल के प्रति उनके समर्पण और खुद से ऊपर टीम को रखने के लिए कोहली के त्याग की सराहना कर रहे हैं। नीचे आप भी उन घटनाओं के वीडियो देख सकते हैं।
गुवाहाटी में दूसरे मैच के दौरान रोहित शर्मा कई बार चोटिल हुए। गुवाहाटी की गर्मी का भी उन पर असर दिखा। उनकी नाक से खून बहने लगा। दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाजी के दौरान रविचंद्रन अश्विन 12वां ओवर लेकर आए। इस दौरान रोहित को लगा कि उनकी नाक से खून बह रहा है। वह रुमाल से खून पोछने लगे।
नाक से खून निकलने के बावजूद वह मैदान से बाहर नहीं गए और कप्तानी करना जारी रखा। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में रोहित शर्मा को नाक से खून साफ करते और गेंदबाज को निर्देश देते हुए देखा जा सकता है। हालांकि, जब रुमाल से पोछने पर भी खून नहीं रुका तो रोहित को मैदान से बाहर जाना पड़ा, लेकिन थोड़ी देर में वह फिर लौट आए।
इससे पहले भारतीय पारी के दौरान कगिसो रबाडा 20वां ओवर लेकर आए। कार्तिक ने शुरुआती 3 गेंद में 4 रन बनाए। चौथी गेंद वाइड रही। इस बीच, कार्तिक रन के लिए भी दौड़े और कोहली को अपना अर्धशतक पूरा करने के लिए स्ट्राइक देने की पेशकश की।
हालांकि, विराट कोहली ने कार्तिक को ही स्ट्राइक जारी रखने और फिनिशर की भूमिका निभाने को कहा। कार्तिक ने भी उन्हें नाउम्मीद नहीं किया। कार्तिक ने अगली दो गेंदों पर 2 छक्के लगाए। उन्होंने आखिरी गेंद पर लेग-बाई से भी एक रन चुरा लिया।