इंडियन प्रीमियर लीग 2025 (IPL 2025)में बुधवार (16 अप्रैल) को दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स को बल्लेबाजी के दौरान बड़ा झटका लगा। राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन को चोटिल होने के कारण बल्लेबाजी छोड़कर पवेलियन लौटना पड़ा। मामला पावरप्ले के आखिरी ओवर का है। संजू का चोटिल होने राजस्थान के लिए बुरी खबर है। इसके बाद रियान पराग बल्लेबाजी के लिए आए और सस्ते में पवेलियन लौट गए।
राजस्थान रॉयल्स की पारी में छठा ओवर विपराज निगम ने किया। उन्होंने तीसरी गेंद फुल लेंथ पर की। संजू सैमसन ने लॉन्ग ऑफ की तरफ शॉट खेला। दर्द के कारण उन्होंने रन नहीं लिया। इसके बाद वह मैदान से बाहर जाने लगे। वह इससे पहली वाली गेंद पर चोटिल हुए थे, जो नोबॉल थी। उनके पसली में चोट लगी। फीजियो आए। इसके बाद सैमसन ने अगली गेंद खेली, जो फ्री हिट थी। फिर दर्द के कारण उन्होंने रिटायर हर्ट होना ठीक समझा।
19 गेंदों पर 31 रन बनाकर खेल रहे थे सैमसन
सैमसन पवेलियन लौटने से पहले 19 गेंदों पर 31 रन बनाकर खेल रहे थे। उन्होंने यशस्वी जायसवाल के साथ ओपनिंग विकेट की साझेदारी 61 रन की की। राजस्थान रॉयल्स ने189 रनों का पीछा करते हुए 5.1 ओवर में 61 रन बनाए थे। जायसवाल 36 गेंद पर 49 रन बनाकर क्रीज पर थे। हालांकि, जरूरत पड़ी तो संजू सैमसन बल्लेबाजी करने आ सकते हैं क्योंकि वह रिटायर हर्ट हुए हैं। रिटायर हर्ट होने पर बल्लेबाज फिर से बैटिंग के लिए आ सकता है।
रिटायर हर्ट और रिटायर आउट में अंतर
आईपीएल प्लेइंग कंडीशन के सेक्शन 25.4 में बैटर के रिटायर होने के बारे में जानकारी दी गई है। इसके तहत बल्लेबाज पारी में किसी भी समय रिटायर हो सकता है। बस गेंद प्ले में नहीं होनी चाहिए। बल्लेबाज के रिटायर होने का कारण अंपायर को बताना होगा। अगर कोई खिलाड़ी बीमार या चोटिल होने के अलावा अपरिहार्य कारण से रिटायर होता है तो वह फिर से बैटिंग के लिए आ सकता है। उसे रिटायर हर्ट माना जाता है। वह बल्लेबाजी करने के लिए किसी अन्य बल्लेबाज के आउट होने पर ही आ सकता है। अगर कोई बल्लेबाज ऐसी कोई वजह के कारण रिटायर नहीं होता है तो वह बल्लेबाजी के लिए नहीं आ सकता। वह रिटायर आउट माना जाता है। रिटायर हर्ट और रिटायर आउट के बारे में विस्तार से जानने के लिए क्लिक करें।