इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2024 के 43वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) 27 अप्रैल (शुक्रवार) को नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में मुंबई इंडियंस (एमआई) का सामना करेगी।
इससे पहले जब दोनों टीमें आईपीएल 2024 में एक-दूसरे के खिलाफ खेली थीं तो मुंबई इंडियंस ने वानखेड़े स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज की थी। दिल्ली कैपिटल्स अब तक 9 मैच में 4 जीत के साथ आईपीएल 2024 पॉइंट्स टेबल में छठे नंबर पर है।
मुंबई इंडियंस इस सीजन अब तक अपनी लय ढूंढ रही है। उसने 8 में से 3 मैच जीते हैं। उसके 6 अंक हैं और वह नौवें नंबर पर है। दिल्ली कैपिटल्स के लिए यह मैच मेक-या-ब्रेक गेम है। इस मैच में जीत उसे प्लेऑफ की राह में बनाए रखेगी। अन्यथा उसका प्लेऑफ में पहुंचने का सपना टूट सकता है।
DC vs MI Head To Head Records
IPL में दोनों टीमों के बीच अब तक 34 मैच खेले गए हैं। इनमें से 19 में मुंबई इंडियंस जीती है, जबकि 15 में दिल्ली कैपिटल्स ने बाजी मारी। हालांकि, दिल्ली कैपिटल्स का घरेलू मैदान पर मुंबई इंडियंस के खिलाफ थोड़ा बेहतर रिकॉर्ड है। उसने अरुण जेटली स्टेडियम पर मुंबई इंडियंस के खिलाफ 11 मैच खेले हैं। इसमें से उसने 6 में जीत हासिल की है। आईपीएल 2024 में दिल्ली कैपिटल्स ने अपने पिछले 4 में से 3 मैच में जीत हासिल की है।
मुंबई इंडियंस के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स का उच्चतम स्कोर 213 रन है। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस का उच्चतम स्कोर 234 रन है। आखिरी बार ये दोनों टीमें इसी साल 7 अप्रैल को एक-दूसरे से भिड़ी थीं। एमआई ने 20 ओवर में 234/5 रन बनाए। जवाब में डीसी की पारी 205/8 पर समाप्त हुई। मुंबई की बल्लेबाजी के दौरान रोमारियो शेफर्ड की 10 गेंद पर 39 रन की पारी ने अंतर पैदा किया था।
अरुण जेटली स्टेडियम की पिच पर लक्ष्य का पीछा करना आसान
अरुण जेटली स्टेडियम पर अब तक आईपीएल के 86 मैच खेले गए हैं। इसमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 39 मैच, जबकि बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 46 मैच जीते। इस मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर 164.84 रन है।
आईपीएल 2024 में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ इस मैदान पर उच्चतम स्कोर (266/7) का रिकॉर्ड बनाया। इस मैदान पर न्यूनतम स्कोर का रिकॉर्ड (83/10) दिल्ली कैपिटल्स के नाम है, जो उसने 2013 में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ बनाया था।
Arun Jaitley Stadium Pitch Report
अरुण जेटली स्टेडियम ने इस साल अब तक केवल 2 आईपीएल खेल की मेजबानी की है। यहां की पिच बल्लेबाजी के लिए स्वर्ग कही जाती है। यहां पिछले 2 मैच में 79.1 ओवर में 909 रन बन चुके हैं। उम्मीद है कि डीसी बनाम एमआई मैच के दौरान भी पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार बनी रहेगी। मैच के दौरान चौके-छक्कों की बारिश होती देखी जा सकती है। हालांकि, जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ेगा विकेट धीमा हो सकता है।
Delhi Weather Forecast Today
Accuweather.com के मुताबिक, दिल्ली में 27 अप्रैल को दोपहर में तापमान 38 से 40 डिग्री के आसपास रहेगा। आर्द्रता भी 50 फीसदी के आसपास रहने की संभावना है। 26 अप्रैल को दिल्ली में हल्की-फुल्की बारिश हुई थी, लेकिन 27 अप्रैल को मौसम विभाग की ओर से बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है। हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ के कारण आंधी की आशंका है।