इंडियन प्रीमियर लीग (2025) में रविवार (13 अप्रैल) को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में पहला मैच होगा। दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ मैच में मुंबई इंडियंस (MI) के दिग्गज खिलाड़ी रोहित शर्मा पर निगाहें होंगी। रोहित शर्मा खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं। आईपीएल 2025 में उनके बल्ले से अबतक सिर्फ 38 रन निकल पाए हैं। हालांकि, कोटला स्टेडियम में उनका रिकॉर्ड ऐसा है कि दिल्ली कैपिटल्स की टीम उन्हें हल्के में नहीं लेगी।

रोहित शर्मा ने आईपीएल 2025 में 4 मैच में 9.50 के औसत और 131.03 के स्ट्राइक रेट से 38 रन बनाए हैं। 17 उनका सर्वोच्च स्कोर है। मुंबई इंडियंस के लिए पूर्व कप्तान की बल्लेबाजी चिंता का विषय है। 5 में से 4 मैच हारने वाली हार्दिक पंड्या की टीम चाहेगी कि रोहित शर्मा का बल्ला अरुण जेटली स्टेडियम में चले। यहां उन्होंने टी20 में 142 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं।

रोहित शर्मा बनाम मिचेल स्टार्क

रोहित शर्मा ने अरुण जेटली स्टेडियम में 20 पारियों में 35.22 के औसत से 634 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 142.15 का रहा है। हालांकि, रोहित शर्मा को मिचेल स्टार्क से सतर्क रहना होगा। ‘हिटमैन’ के लिए बाएं हाथ के गेंदबाज और अंदर आती गेंद चिंता का विषय है। लेकिन टी20 वर्ल्ड कप 2024 में रोहित शर्मा ही स्टार्क पर भारी पड़े थे।

अरुण जेटली स्टेडियम में हाई स्कोरिंग मैच होने की उम्मीद

अरुण जेटली स्टेडियम में शुरुआत अच्छी मिल गई तो रोहित शर्मा बड़ी पारी खेल सकते हैं, क्योंकि यहां पर खूब चौके-छक्के लगने का अनुमान है। पिछले सीजन में अरुण जेटली स्टेडियम में 10 में से 8 पारियों में 200 का आंकड़ा पार किया गया था। अन्य दो स्कोर 199 और 189/9 थे। दिल्ली-मुंबई मैच की मौसम और पिच रिपोर्ट पढ़ने के लिए क्लिक करें