भारतीय टीम के विस्फोटक युवा बल्लेबाज ऋषभ पंत ने दूसरे टी20 में न्यूजीलैंड के खिलाफ एक हाथ से छक्का लगाकर सभी को हैरान कर दिया। 159 रनों का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को रोहित शर्मा और शिखर धवन ने टीम को शानदार शुरुआत दिलाने का काम किया। रोहित ने 50 और पंत ने नाबाद 40 रन बनाए। जबकि धोनी ने नाबाद 20 रन बनाने का काम किया। इस दौरान पंत ने न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज टिम साउदी को एक हाथ से जोरदार छक्का भी लगाया। पंत का यह शॉट देखकर नॉन स्ट्राइकर एंड पर खड़े धोनी भी हैरान नजर आए। हालांकि, शॉट लगने के तुरंत बाद धोनी पंत के पास गए और उनसे बात की। सोशल मीडिया पर भी पंत का लगाया गया यह शॉट छा गया। पंत और रोहित की ताबड़तोड़ पारी की बदौलत भारत इस मुकाबले को 7 विकेट से अपने नाम करने में कामयाब रहा। इस जीत को हासिल कर भारत ने 3 मैचों की सीरीज को बराबरी पर ला दिया है।
इससे पहले 20 ओवर में कीवी टीम ने भारत की कसी गेंदबाजी के सामने 158 का स्कोर खड़ा किया। बता दें कि इस मैच में रोहित शर्मा न्यूजीलैंड के मार्टिन गप्टिल को पछाड़कर टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। रोहित ने लेग स्पिनर ईश सोढी को फाइन लेग में छक्का लगाकर गप्टिल को पछाड़ा। गप्टिल (2272 रन) को पछाड़ने के लिये रोहित को 35 रन की जरूरत थे। रोहित ने 93 मैचों में 2288 रन बना लिये।
— MS (@premchoprafan) February 8, 2019
रोहित ने पाकिस्तान के हरफनमौला शोएब मलिक (2263) को भी पछाड़ा जो तीसरे स्थान पर हैं। भारतीय कप्तान विराट कोहली (2167 रन) चौथे और न्यूजीलैंड के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज ब्रेंडन मैकुलम (2140) पांचवें स्थान पर हैं। रोहित टी20 क्रिकेट में गुप्टिल और क्रिस गेल के बाद 100 छक्के लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए।
