भारतीय फुटबॉल कप्तान सुनील छेत्री ने गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय करियर को अलविदा कहने का फैसला किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करके अपने फैसले के बारे में फैंस को बताया। हालांकि भारत के स्टार क्रिकेटर विराट कोहली को इस ऐलान से पहले ही छेत्री के संन्यास के बारे में मालूम था। छेत्री ने खुद कोहली को यह बात बताई थी।
सुनील छेत्री ने कोहली को किया था मैसेज
इस वीडियो में नैग्स (आरसीबी के प्रेजेंटर) ने विराट कोहली से पूछा कि सुनील छेत्री ने संन्यास के बारे में क्या कहेंगे। कोहली ने कहा, ‘सुनील छेत्री मेरे करीबी दोस्त हैं। संन्यास से पहले उन्होंने मुझे बताया कि वह यह ऐलान करने वाले हैं। मुझे लगता है कि उन्होंने सोच समझकर यह फैसला किया है और इससे उन्हें शांति मिलेगी। बीते कुछ सालों में हमारी दोस्ती बहुत मजबूत हुई है।’
सुनील छेत्री ने गुरुवार को वीडियो शेयर करके अपने संन्यास का ऐलान किया था। इस पोस्ट पर विराट कोहली ने कमेंट किया था। उन्होंने लिखा, ‘तुम पर बहुत गर्व है भाई’। छेत्री कई बार कोहली को चीयर करने स्टेडियम आ चुके हैं। दोनों फ्रैंचाइजी लीग्स में एक ही शहर की टीम की ओर से खेलते हैं। कोहली आरसीबी का हिस्सा हैं वहीं छेत्री इंडियन सुपर लीग में बेंगलुरु एफसी की ओर से खेलते हैं।
सुनील छेत्री का शानदार करियर
2005 में अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में पदार्पण करने वाले छेत्री ने भारत के लिये 94 गोल किये हैं। उनके नाम भारत के लिये सबसे ज्यादा गोल और सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय मैच है। सक्रिय फुटबॉल खिलाड़ियों में क्रिस्टियानो रोनाल्डो और लियोनेल मेसी के बाद उनके नाम सबसे ज्यादा गोल हैं। वह सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय गोल करने वाले खिलाड़ियों की सूची में चौथे स्थान पर हैं।
छेत्री का आखिरी मैच कोलकाता के साल्टलेक स्टेडियम पर होगा। छेत्री भारत की नेहरू कप (2007, 2009, 2012), दक्षिण एशियाई फुटबॉल महासंघ (सैफ) चैम्पियनशिप (2011, 2015, 2021) में खिताबी जीत के सूत्रधार रहे। वह 2008 एएफसी चैलेंज कप जीत में भी सूत्रधार रहे जिसकी मदद से भारत को 27 साल में पहली बार एएफसी एशियाई कप ( 2011) खेलने का मौका मिला।