World Cup 2019, Shikhar Dhawan: न्‍यूजीलैंड के खिलाफ भारतीय टीम को शनिवार को वर्ल्ड कप का पहला अभ्यास मैच खेलना है। इस मैच से पहले भारतीय सलामी बल्लेबाज शिखर धवन अभ्यास के दौरान चोटिल हो गए। दरअसल, टीम के बैटिंग कोच संजय बांगड़ धवन को गेंद फेंक रहे थे और शिखर शॉट लगाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान बांगर की एक शॉर्ट पिच गेंद तेजी से जाकर धवन के हेलमेट से जा टकराई। गेंद हेलमेट से लगते ही धवन के होठों से हल्‍का सा खून निकलना शुरू हो गया। शिखर धवन प्रैक्टिस को बीच में छोड़ वापस चले गए। धवन के अलावा विजय शंकर को भी अभ्यास के दौरान दाहिने कंधे में चोट लगी। जिसके बाद वह तुरंत मैदान से बाहर चले गए। हालांकि, धवन की यह चोट ज्यादा गहरी नहीं थी। चोट लगने के कुछ समय तक धवन दर्द में जरूर नजर आए, लेकिन बाद में वह हंसते-ंहंसते मैदान से बाहर जाते दिखाई पड़े। ऐसे में माना जा सकता है कि धवन न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले अभ्यास मैच में भारत की ओर से हिस्सा लेंगे।

शिखर धवन के अलावा कप्‍तान विराट कोहली और दिग्‍गज एमएस धोनी भी काफी समय तक नेट पर प्रैक्टिस करते नजर आए। इंग्लैंड की पिचों की कंडीशन में ढलने के लिए भारतीय टीम के पास ज्यादा समय नहीं है, ऐसे में सभी खिलाड़ी कम से कम समय में पिच के मिजाज को समझने की कोशिश में जुटे हुए हैं। भारतीय टीम में इस वर्ल्ड कप के दौरान महेंद्र सिंह धानी की भूमिका बहुत बड़ी होगी और उनकी छोटे छोटे क्षणों को प्रभावित करने की क्षमता काफी मायने रखेगी।

इंग्लैंड में पिछले कुछ वर्षों में पिचें सपाट बन गई हैं। इसका ताजा उदाहरण पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच खेले गए सीरीज के दौरान भी देखने को मिला। इस सीरीज में लगातार 350 के आसपास स्कोर बनाए गए। इंग्लैंड की पिचों का मिजाज देखते हुए इस वर्ल्ड कप में हाई स्कोरिंग मैच की उम्मीद की जा सकती है।