इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (IPL 2024)के एलिमिनेटर में एक बार फिर खराब अंपायरिंग देखने को मिला। राजस्थान रॉयल्स (RR)के तेज गेंदबाज आवेश खान ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB)के विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक को एलबीडब्ल्यू कर दिया था। कार्तिक ने रिव्यू लिया और बच गए। हालांकि, वह इस जीवनदान का फायदा नहीं उठा पाए। वह 13 गेंद पर 11 रन ही बना पाए। आवेश खान ने यशस्वी जायसावल के हाथों कैच कराया।

अगर कार्तिक को एलबीडब्ल्यू आउट दिया गया होता तो बेंगलुरु शायद ही 172 के स्कोर तक नहीं पहुंच पाती। मामला 14 वें ओवर का है। आवेश खान ने दूसरी गेंद पर रजत पाटीदार को रियान पराग के हाथों कैच कराया। उन्होंने 22 गेंद पर 34 रन बनाए। तब आरसीबी का स्कोर 14.2 ओवर में 5 विकेट पर 122 रन था। इसके बाद बल्लेबाजी करने दिनेश कार्तिक आए।

14वें ओवर की दूसरी गेंद पर क्या हुआ

आवेश खान ने फुल और स्ट्रेट गेंद की। कार्तिक ने अक्रॉस द लाइन खेला। गेंद पैड पर लगी। एलबीडब्ल्यू की अपील हुई। मैदानी अंपायर ने उन्हें आउट दिया। इसके बाद उन्होंने रिव्यू लिया। आंखों से देखने पर ऐसा लग रहा था कि बल्ले से गेंद लगी है। गेंद आने से पहले कार्तिक का बल्ला पैड से टकराया तो अल्ट्राएज पर छोटा सा स्पाइक दिखा। फिर एक बड़ा स्पाइक दिखा, जिसे थर्ड अंपायर ने गेंद के बल्ले से टकराने समझा।

कुमार संगकारा की रिजर्व अंपायर से बहस

दूसरी स्क्रीन पर देखकर ऐसा लग रहा था कि बल्ले और गेंद के बीच गैप है और आमतौर पर ऐसे स्पाइक्स तब दिखाई देते हैं जब गेंद पैड या शरीर से टकराती है। बल्ले पर लगे स्पाइक्स छोटे नहीं होते। राजस्थान रॉयल्स के डायरेक्टर कुमार संगकारा और टीम पूरी तरह से आश्वस्त थी कि गेंद पर बल्ला नहीं लगा था। संगकारा अपने डगआउट से रिजर्व अंपायर के पास पहुंचे और बहस करने लगे।