भारत के विस्फोटक बल्लेबाज रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम निदास ट्रॉफी जीतने में कामयाब रही। बांग्लादेश को फाइनल मुकाबले में मात देने के बाद भारतीय खिलाड़ी अब अगले महीने से होने वाले आईपीएल की तैयारियों में जुट गए हैं। रोहित शर्मा ने मंगलवार को इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर शेयर कर सूडान की मौत का शोक जताया है। बता दें कि सूडान धरती का आखिरी सफेद उत्तरीय नर गैंडा था, जिसकी 45 साल की उम्र में मौत हो गई। मंगलवार को कर्मचारियों ने उनकी मौत की जानकारी दी। इस मौके पर रोहित ने अफसोस जाहिर करते हुए सूडान के साथ एक पुरानी तस्वीर शेयर की। इस तस्वीर में उन्होंने सूडान के शरीर पर हाथ रखा हुआ है। रोहित ने इसके साथ ही लिखा, “दुनिया का आखिरी सफेद उत्तरीय गैंडा अब नहीं रहे। ये इस प्रजाति के आखिरी नर गैंडा थे। भगवान आपकी आत्मा को शान्ति दे सूडान।” सूडान से रोहित की मुलाकात केन्या में हुई थी, रोहित अपनी वाइफ रितिका के साथ केन्या घूमने गए थे और वहां उन्होंने सूडान के साथ कुछ समय बिताया था।

सूडान की मौत की खबर सुन रोहित से रहा नहीं गया और उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए उन्हें श्रद्धांजलि देना सही समझा। सूडान की देख-रेख करने वाले कर्मचारी की मानें तो सूडान की हालत बेहद खराब थी, उसे उठने-बैठने में भी काफी परेशानी होती थी। सूडान की मांसपेशियां और हड्डियां कमजोर हो गई थीं। सूडान के प्रजाति का अब बस दो मादा गैंडा ही जिंदा है। सूडान अकेले नर गैंडा थे।
भारतीय सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने इंस्टाग्राम और ट्विटर दोनों जगह सूडान को लेकर पोस्ट किया है। बता दें कि 7 अप्रैल से होने वाली आईपीएल में इस साल भी रोहित मुंबई की कप्तानी करते नजर आएंगे। मुंबई की टीम रोहित की कप्तानी में तीन बार इस खिताब को अपने नाम करने में कामयाब रही है। इस साल टीम ने कई नए खिलाड़ियों को जगह दी है, ऐसे में रोहित के लिए नए प्लेइंग इलेवन के साथ उतरना इतना आसान नहीं होगा।