इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2020 के 44वें मैच में चेन्नई सुपरकिंग्स ने रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर को 8 विकेट से हरा दिया। दुबई के दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में बंगलौर ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी। उसने 20 ओवर में 6 विकेट पर 145 रन बनाए। चेन्नई ने 18.4 ओवरों में दो विकेट पर 150 रन बनाकर जीत हासिल की।

चेन्नई की इस जीत से उसकी प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें अभी बनी हुईं हैं। उसके अब 12 मैच में 8 अंक हो गए हैं। वह अंक तालिका में अब 7वें नंबर पर पहुंच गई है। हालांकि, इसके लिए वह दूसरी टीमों के नतीजों पर निर्भर है। वहीं, बंगलौर को प्लेऑफ में अपनी सीट पक्की करने के लिए अगले मैच तक का इंतजार करना होगा।

चेन्नई की इस जीत में ऋतुराज गायकवाड़ ने अहम भूमिका निभाई। आईपीएल में यह उनका तीसरा मैच है। इससे पहले दोनों मुकाबलों में वह खाता भी नहीं खोल पाए थे। इस मैच में वह 65 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने 51 गेंद की अपनी पारी के दौरान 4 चौके और 3 छक्के लगाए।

ओपनर गायकवाड़ ने छक्का लगा ही टीम की झोली में जीत डाली। ऋतुराज के अलावा फाफ डुप्लेसिस ने 13 गेंद में 25 रन बना टीम को तेज शुरुआत दी। अंबाती रायुडू ने 27 गेंद में 39 रन की पारी खेली। महेंद्र सिंह धोनी 21 गेंद में 19 रन बनाकर नाबाद रहे। धोनी ने 3 चौके लगाए।

IPL 2020 Live Score, RCB vs CSK Live Cricket Score: मैच के ताजा अपडेट्स

इससे पहले बंगलौर के लिए विराट कोहली ने सबसे ज्यादा रन बनाए। वह 43 गेंद में 50 रन बना कर आउट हुए। एबी डिविलियर्स ने 36 गेंद में 39 रन बनाए। रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर ने आखिरी 3 ओवर में 4 विकेट (एबी डिविलियर्स, मोइन अली, विराट कोहली और क्रिस मॉरिस) गंवाए।

चेन्नई के लिए सैम करन सबसे सफल रहे। उन्होंने 19 रन देकर 3 विकेट लिए। दीपक चाहर ने 31 रन देकर 2 विकेट झटके। मिशल सैंटनर ने भी 23 रन देकर देवदत्त पडिक्कल का विकेट लिया।

[ie_ipl_scorecard match_id=47981]

Live Blog

Highlights

    18:26 (IST)25 Oct 2020
    रायुडू लौटे पवेलियन, गायकवाड़ ने जड़ा अर्धशतक

    चेन्नई का स्कोर 14 ओवर में 2 विकेट पर 116 रन है। 14वां ओवर युजवेंद्र चहल ने फेंका। इस ओवर में बंगलौर को जहां एक सफलता मिली। वहीं, चेन्नई के ओपनर ऋतुराज गायकवाड़ ने आईपीएल में अपना पहला अर्धशतक पूरा किया। चहल ने ओवर की तीसरी गेंद पर रायुडू को बोल्ड कर दिया। रायुडू 3 चौके और 2 छक्के की मदद से 27 गेंद में 39 रन बनाकर पवेलियन लौटे। 14 ओवरों के बाद चेन्नई को जीत के लिए 6 ओवर में 30 रन चाहिए।

    18:16 (IST)25 Oct 2020
    रायुडू और गायकवाड़ ने की 47 गेंद में की 50 रन की साझेदारी

    अंबाती रायुडू और ऋतुराज गायकवाड़ ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच 47 गेंद में 65 रन की साझेदारी हो चुकी है। रायुडू 25 गेंद में 38 और ऋतुराज गायकवाड़ 40 गेंद में 48 रन बनाकर खेल रहे हैं। रायुडू ने आईपीएल में अपने चौकों का तिहरा शतक भी पूरा किया। 13 ओवरों के बाद चेन्नई का स्कोर एक विकेट पर 111 रन है।

    18:08 (IST)25 Oct 2020
    रायुडू और गायकवाड़ कर चुके हैं 40 से ज्यादा की पार्टनरशिप

    11 ओवरों का खेल हो चुका है। चेन्नई का स्कोर एक विकेट पर 91 रन है। ऋतुराज गायकवाड़ 34 गेंद में 39 और अंबाती रायुडू 19 गेंद में 27 रन बनाकर खेल रहे हैं। दोनों के बीच 35 गेंद में 45 रन की साझेदारी हो चुकी है। चेन्नई को जीत के लिए 9 ओवर में 55 रन बनाने हैं। ऋतुराजय गायकवाड़ अब तक 2 चौके और 2 छक्के, जबकि अंबाती रायुडू 3 चौके और एक छक्का लगा चुके हैं।

    17:54 (IST)25 Oct 2020
    8 ओवर में चेन्नई ने बनाए 59 रन, गंवाया एक विकेट

    चेन्नई का स्कोर 8 ओवर में एक विकेट पर 59 रन है। ऋतुराज गायकवाड़ 29 गेंद में 30 और अंबाती रायुडू 6 गेंद में 4 रन बनाकर क्रीज पर हैं। 8वां ओवर युजवेंद्र चहल ने फेंका। उऩके इस ओवर में 6 रन बने। इससे पहले छठे ओवर की पहली गेंद पर क्रिस मॉरिस ने बंगलौर को पहली सफलता दिलाई। उन्होंने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर रहे फाफ डुप्लेसिस को मोहम्मद सिराज के हाथों कैच करा दिया। डुप्लेसिस 13 गेंद में 25 रन बनाकर आउट हुए। 

    17:38 (IST)25 Oct 2020
    कोहली लगा पाए थे सिर्फ एक चौका और एक छक्का

    पिच धीमी है और ऐसे में रन बटोरना आसान नहीं है। कोहली ने 43 गेंदें खेली और 50 रन बनाए लेकिन इसमें केवल एक चौका और एक छक्का शामिल है। डिविलियर्स 36 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 39 रन ही बना पाए। इन दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 82 रन की साझेदारी की। आरसीबी ने अंतिम तीन ओवरों में केवल 20 रन बनाये और इस बीच चार विकेट गंवाए।

    17:34 (IST)25 Oct 2020
    डुप्लेसिस और गायकवाड़ ने चेन्नई को दिलाई तेज शुरुआत

    चेन्नई की पारी की शुरुआत फाफ डुप्लेसिस और ऋतुराज गायकवाड़ ने की। चेन्नई ने तीन ओवर में 25 रन बना लिए हैं। फाफ डुप्लेसिस 7 गेंद में 13 और ऋतुराज गायकवाड़ 11 गेंद में 12 रन बनाकर खेल रहे हैं। पहले ओवर में चेन्नई के सिर्फ 1 रन बने थे। इसके बाद के दो ओवर में चेन्नई ने 24 रन बनाए। इस दौरान एक चौका और 2 छक्के लगे। इससे पहले रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर चेन्नई सुपरकिंग्स की कसी हुई गेंदबाजी के सामने 6 विकेट पर 145 रन ही बना पाया।

    17:03 (IST)25 Oct 2020
    विराट कोहली अर्धशतक जड़ लौटे पवेलियन

    19 ओवरों का खेल हो चुका है। बंगलौर ने 18 से 19 ओवरों के बीच 3 विकेट गंवाए। 18वां ओवर दीपक चाहर लेकर आए। उन्होंने तीसरी गेंद पर एबी डिविलियर्स को बाउंड्री के पास फाफ डुप्लेसिस के हाथों कैच कराया। डुप्लेसिस 36 गेंद में 39 रन बनाकर आउट हुए। 19वां ओवर सैम करन ने फेंका। सैम ने अपने ओवर की पहली ही गेंद पर मोइन अली मिशेल सैंटनर के हाथों कैच कराया। 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर फाफ डुप्लेसिस ने विराट कोहली का कैच पकड़ लिया। विराट कोहली ने इसी ओवर में अपना अर्धशतक पूरा किया। विराट कोहली ने 43 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया।

    16:42 (IST)25 Oct 2020
    आरसीबी की पारी के आखिरी 4 ओवर बाकी

    आरसीबी की पारी के आखिरी 4 ओवर बाकी हैं। टीम ने 16 ओवर में 2 विकेट पर 114 रन बना लिए हैं। कप्तान विराट कोहली और एबी डिविलियर्स ने तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी कर ली है। दोनों ने 60 गेंद पर 68 रनों की साझेदारी की है। कोहली 32 गेंद पर 33 और डिविलियर्स 33 गेंद पर 37 रन बनाकर खेल रहे हैं। दोनों बल्लेबाज आखिरी 4 ओवरों में तेजी से रन बनाना चाहेंगे।

    16:23 (IST)25 Oct 2020
    कोहली और डिविलियर्स टिके

    आरसीबी की टीम ने 11 ओवर में 2 विकेट पर 75 रन बना लिए हैं। विराट कोहली और एबी डिविलियर्स ने टीम की पारी को संभाल लिया है। दोनों ने 30 से ज्यादा रनों की साझेदारी कर ली है। कोहली और डिविलियर्स तेजी से बल्लेबाजी करने में सक्षम हैं। दोनों आखिरी 9 ओवरों में ज्यादा से ज्यादा रन बना सकते हैं।

    16:09 (IST)25 Oct 2020
    सैंटनर ने पडिक्कल को किया आउट

    चेन्नई को दूसरी सफलता सातवें ओवर में मिली। मिशेल सैंटनर की गेंद पर बाउंड्री से बाहर पहुंचाने के प्रयास में देवदत्त पडिक्कल आउट हो गए। फाफ डुप्लेसिस और ऋतुराज गायकवाड़ ने मिलकर उनका शानदार कैच लिया। डुप्लेसिस ने बाउंड्री पर डाइव लगाकर गेंद को कैच किया और फिर गायकवाड़ की ओर फेंक दिया। देवदत्त ने अपनी पारी में दो चौके और एक छक्का लगाया।

    15:54 (IST)25 Oct 2020
    आरसीबी को लगा पहला झटका

    आरसीबी को पहला झटका चौथे ओवर में लगा। सैम करन ने ओवर की पांचवीं गेंद पर एरॉन फिंच को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। फिंच ने 11 गेंद पर 15 रन बनाए। उनका कैच ऋतुराज गायकवाड़ ने लिया। देवदत्त पडिक्कल का साथ देने के लिए विराट कोहली क्रीज पर आए हैं। दोनों बल्लेबाज टीम की पारी को संभालना चाहेंगे।

    15:26 (IST)25 Oct 2020
    चेन्नई ने किए दो बदलाव

    चेन्नई की टीम ने दो बदलाव किए। उनसे शार्दुल ठाकुर और जोस हेजलवुड को बाहर कर दिया। दोनों के स्थान पर मिशेल सैंटनर और तेज गेंदबाज मोनू कुमार को शामिल किया। दूसरी ओर, आरसीबी ने एक बदलाव करते हुए इसुरू उदाना के स्थान पर मोइन अली को मौका दिया है।

    15:12 (IST)25 Oct 2020
    रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर की प्लेइंग इलेवन

    रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर : विराट कोहली (कप्तान), एरोन फिंच, देवदत्त पडिक्कल, एबी डिविलियर्स (विकेटकीपर), गुरकीरत सिंह मान, मोइन अली, क्रिस मॉरिस, वॉशिंगटन सुंदर, नवदीप सैनी, मोहम्मद सिराज, युजवेंद्र चहल।

    15:11 (IST)25 Oct 2020
    चेन्नई सुपरकिंग्स की प्लेइंग इलेवन

    चेन्नई सुपरकिंग्स : महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान/विकेटकीपर), ऋतुराज गायकवाड़, फॉफ डुप्लेसिस, अंबाती रायुडू, एन जगदीशन, रविंद्र जडेजा, सैम करन, दीपक चाहर, इमरान ताहिर, मोनू ठाकुर, मिशेल सैंटनर।