सीमित ओवरों के क्रिकेट में भारतीय टीम के नियमित सदस्य रोहित शर्मा को मुंबई टी20 लीग में खेलने के लिए सिर्फ 6 लाख रुपये मिलेंगे। शम्रा को मुंबई नॉर्थ वेस्ट ने इतनी रकम में अपना आइकन प्लेयर बनाया। भारतीय टीम के नियमित कप्तान विराट कोहली की अनुपस्थिति में रोहित शर्मा श्रीलंका में होने वाली त्रिकोणीय श्रृंखला में टीम की कप्तानी करेंगे। बई टी20 लीग की नीलामी के दौरान, भारत के टेस्ट उप-कप्तान अंजिक्य रहाणे और उनके मुंबई के साथी सूर्यकुमार यादव 7 लाख रुपये में बिके। रहाणे को मुंबई नॉर्थ और यादव को मुंबई नॉर्थ ईस्ट ने अपने आइकन प्लेयर के तौर पर खरीदा। वानखेड़े स्टेडियम में 11 से 21 मार्च के बीच होने वाली लीग में कई नामी खिलाड़ी खेलेंगे। रोहित शर्मा का इस टूर्नामेंट में खेलना मुश्किल है क्योंकि वह 6-18 मार्च तक श्रीलंका में रहेंगे।
रोहित, रहाणे के अलावा टीम इंडिया के खिलाड़ी श्रेयस अय्यर को मुंबई नॉर्थ सेंट्रल ने 5 लाख रुपये में अपना आइकन प्लेयर बनाया। रहाणे की तरह अय्यर भी श्रीलंका जाने वाली टीम में शामिल नहीं हैं। ऑल-राउंडर अभिषेक नायर को मुंबई साउथ ने अपना आइकन प्लेयर चुना, इसके लिए उन्हें 4 लाख रुपये की रकम अदा की जाएगी। मुंबई के मध्य-क्रम के बल्लेबाज सिद्धेश लाड़ को मुंबई साउथ सेंट्रल ने 4 लाख रुपये में अपना आइकन प्लेयर बनाया।
भारत को अपनी कप्तानी में रिकॉर्ड चौथी बार अंडर-19 वर्ल्ड कप जिताने वाले पृथ्वी शॉ को मुंबई नॉर्थ ने 2.80 लाख रुपये में खरीदा। वहीं, पेसर धवल कुलकर्णी को मुंबई नॉर्थ ईस्ट ने 1.50 लाख रुपये में अपने पाले में किया। सभी टीमों को एक आइकन प्लेयर चुनना था और उपलब्ध क्रिकेटर्स में से फर्स्ट क्लास क्रिकेट खेले पांच खिलाड़ियों को चुनने की शर्त रखी गई थी।
पूर्व भारतीय बल्लेबाज विनोद कांबली मुंबई साउथ सेंट्रल के मेंटर होंगे, वहीं मुंबई नॉर्थ सेंट्रल ने पूर्व विकेटकीपर समीर दिघे को मेंटर चुना है। भारत के वेटरन क्रिकेटर लालचंद राजपूत मुंबई नॉर्थ ईस्ट टीम के मेंटर की भूमिका में होंगे।
पूर्व भारतीय चयनकर्ता संदीप पाटिल मुंबई नॉर्थ के मेंटर होंगे और 1983 वर्ल्ड कप विजेता टीम के सदस्य बलविंदर सिंह इस टीम के कोच की जिम्मेदारी संभालेंगे। मुंबई के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर अमोल मजूमदार को मुंबई नॉर्थ वेस्ट टीम का मेंटर बनाया गया है।
