गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के बाद नीतीश राणा (45) और क्रुणाल पांड्या (37) की शानदार पारियों के दम पर मुंबई इंडियंस ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 10वें संस्करण में बुधवार को सनराइजर्स हैदराबाद को चार विकेट से हरा दिया। सनराइजर्स पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 158 रन ही बना सकी थी। मुंबई ने इस लक्ष्य का आठ गेंद शेष रहते हुए छह विकेट खोकर हासिल कर लिया। यह सनराइजर्स की इस संस्करण की पहली हार है वहीं मुंबई की पहली जीत। मुंबई की इस जीत में एक बार फिर नीतीश का अहम योगदान रहा। उन्होंने 36 गेंदों में दो चौके और तीन छक्के की मदद से मैच जीताऊ पारी खेली। उनके अलावा क्रुणाल ने अंत में तेजी से 20 गेंदों में तीन चौके और इतने की छक्के लगाकर टीम को जीत की दहलीज पर पहुंचाया। आसान से लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई को हालांकि मनमाफिक शुरुआत नहीं मिली। उसके सलामी बल्लेबाज जोस बटलर (14) 28 के कुल स्कोर पर अशीष नेहरा की गेंद पर बोल्ड हो गए। कप्तान रोहित शर्मा (4) 41 के कुल स्कोर पर अफगानिस्तान के स्पिनर राशिद खान की गेंद पर पगबाधा करार दे दिए गए।
दूसरे छोर पर खड़े पार्थिव पटेल (39) को पिछले मैच के हीरो नितीश का साथ मिला दोनों ने टीम को अच्छे से संभाला। इसी बीच पार्थिव दीपक हुड्डी की गेंद पर चीप करने गए और भुवनेश्वर कुमार ने उनका शानदार कैच लपक उन्हें पवेलियन लौटा दिया। राणा ने अपने अंदाज में बल्लेबाजी चालू रखी। दूसरे छोर पर केरन पोलार्ड (11) ने उनका साथ देने की कोशिश की, लेकिन वह कुछ खास नहीं कर सके और भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर शिखर धवन को कैच दे बैठे। उनके बाद आए क्रुणाल पांड्या ने पोलार्ड की कमी को पूरा किया और तेजी से रन बटोरे। उन्होंने राणा के साथ पांचवें विकेट के लिए 38 रन की साझेदारी की जिसमें सिर्फ एक रन राणा का था। वह 18वें ओवर की पहली गेंद पर भुवनेश्वर का शिकार बने। इसी ओवर में राणा भी पवेलियन लौट गए थे। इससे पहले बल्लेबाजी का आमंत्रण मिलने के बाद सनराइजर्स अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा सकी और निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट खोकर 158 रन ही बना सकी। इसमें मैन ऑफ द मैच जसप्रीत बुमराह का अहम योगदान रहा। उन्होंने अपने कोटे के चार ओवरों में महज 24 रन दिए और तीन विकेट लिए।
सनराइजर्स की सलामी जोड़ी धवन (48) और कप्तान डेविड वार्नर (49) ने बड़े स्कोर की नींव रख दी थी, लेकिन दोनों के पवेलियन लौटने के बाद मध्यक्रम और निचले क्रम के बल्लेबाज खास नहीं कर सके और नियमित अंतराल पर अपने विकेट गंवाते रहे। वार्नर और धवन ने 10.2 ओवरों में टीम का स्कोर 81 रनों तक पहुंचा दिया था। इस मजबूत साझेदारी को मुंबई के अनुभवी गेंदबाज हरभजन सिंह ने तोड़ा। उन्होंने वार्नर को पवेलियन भेजा। यहां से मुंबई के गेंदबाज सनराइजर्स पर हावी हो गए।हरभजन ने ही हुड्डा (9) को पोलार्ड के हाथों कैच करा सनराइजर्स को दूसरा झटका दिया। अर्धशतक की ओर बढ़ रहे धवन दो रन से चूक गए और मिशेल मैक्लेघन की फुलटॉस पर अपने विकेट उखड़वा बैठे। युवराज सिंह (5) को हार्दिक पांड्या ने अपना शिकार बनाते हुए सनराइजर्स को चौथा झटका दिया। बेन कटिंग ने मध्य में जरूर 10 गेंदों में चार चौकों की मदद से 20 रन बनाकर सनराइजर्स के बड़े स्कोर की उम्मीद जगाई, लेकिन जसप्रीत बुमराह ने बेहतरीन यार्कर फेंक उनकी गिल्लियां बिखेर कटिग को पवेलियन भेज दिया।
अपना पहला आईपीएल मैच खेल रहे विजय शंकर (1) सिर्फ दो गेंदों का सामना कर सके। लसिथ मलिंगा ने उन्हें पवेलियन की राह दिखाई। बुमराह ने अंतिम ओवर में नमन ओझा (9) को पोलार्ड के हाथों सीमारेखा पर कैच करा उनकी पारी समाप्त की। इसी ओवर में उन्होंने राशिद खान (2) को आउट कर अपना तीसरा विकेट हासिल किया। मुंबई की तरफ से बुमराह को तीन, हरभजन को दो, मलिंगा, मैक्लेघन और हार्दिक को एक-एक सफलता मिली।
टीमें :
मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा (कप्तान), जसप्रीत बुमराह, जोस बटलर, हरभजन सिंह, मिशेल मैक्लेनघन, लसिथ मलिंगा, हार्दिक पांड्या, पार्थिव पटेल (विकेटकीपर), केरन पोलार्ड, नीतीश राणा, क्रुणाल पांड्या
सनराइजर्स हैदराबाद: डेविड वार्नर (कप्तान), युवराज सिंह, बेन कटिंग, शिखर धवन, दीपक हुड्डा, भुवनेश्वर कुमार, नमन ओझा, राशिद खान, विजय शंकर, आशीष नेहरा, मुस्तफिजुर रहमान
यहां पढ़ें LIVE MI vs SRH Match Cricket Score, IPL 2017 T20
#IPl Match 10 – @mipaltan 159/6 (18.4 ovs) beat @SunRisers 158/8 by 4 wickets. Relive the game here – https://t.co/PxXxd94CrA #MIvSRH pic.twitter.com/HsQGuQeWxd
— IndianPremierLeague (@IPL) April 12, 2017
11:45 PM: मुंबई इंडियंस ने पार्थिव पटेल 39, कुनल पांड्या के 37 और नीतीश राणा के 45 रनों की पारी की बदौलत सनराइजर्स हैदराबाद को 4 विकेट से हरा दिया।
11:39 PM: भुवनेश्वर कुमार ने कुनल पांड्या को बाउंड्री लाइन पर बेन कटिंग के हाथों कैच आउट करा कर मुंबई के पांचवें विकेट का पतन कर दिया है। कुनल ने 20 गेंदों का समाना किया और 3 चौकों तथा 3 छक्कों की मदद से 37 रन बनाए। मुंबई को जीत के लिए 17 गेंद में 10 रन बनाना है। हार्दिक पांड्या बल्लेबाजी के लिए क्रीज पर आए हैं।
11:34 PM: बेन कटिंग के आवेर की लगातार गेंदों पर पहले छक्का और फिर चौका जड़ कुनल पांड्या ने मुंबई इंडियंस को जीत के काफी करीब पहुंचा दिया है।
11:32 PM: मुंबई इंडियंस ने 16वें ओवर की समाप्ति पर 4 विकेट गवांकर 134 रन बना लिए हैं। उसे मैच जीतने के लिए 24 गेंदों में 25 रन और बनाने हैं। नीतीश राणा 40 और कुनल पांड्या 22 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
11:29 PM: आशीष नेहरा अपने कोटे का आखिरी ओवर कर रहे हैं। कुनल पांड्या ने आशीष नेहरा पर छक्का जड़ा है। मुंबई को मैच जीतने के लिए 27 गेंदों में 30 रन और बनाने हैं।
11:25 PM: 15वें ओवर की समाप्ति के बाद मुंबई इंडियंस का स्कोर 121-4, मुंबई को जीत के लिए 30 गेंद में 38 रनों की दरकार है।
11:22 PM: मुंबई इंडियंस की पारी में 6 ओवर और बचे हैं। उसे जीत के लिए 47 रन और बनाने हैं। नीतीश राणा अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं। कुणाल पांड्या उनका साथ निभा रहे हैं।
11:18 PM: भुवनेश्वर कुमार मुंबई इंडियंस की पारी का 14वां ओवर कर रहे हैं। उन्होंने कीरोन पोलार्ड को शिखर धवन के हाथों कैच आउट करा कर मुंबई इंडियंस के चौथे विकेट का पतन कर दिया है। पोलार्ड ने 11 रन बनाए।
11:13 PM: कीरोन पोलार्ड ने मुंबई इंडियंस की पारी की 13वें ओवर में मुस्तफिजुर रहमान की गेंद पवर छक्का जड़ अपनी टीम का स्कोर 108 तक पहुंचा दिया। अब मुंबई को जीत के लिए 42 गेंदों में 51 रन बनाने हैं।
11:09 PM: 12वें ओवर की समाप्ति पर मुंबई का स्कोर 97 रन। मुंबई के सात विकेट सुरक्षित हैं और जीत के लिए 48 गेंदों में 62 रन बनाने हैं। नीतीश राणा विकेट पर डटे हुए हैं। कीरोन पोलार्ड उनका साथ दे रहे हैं।
11:03 PM: 11वें ओवर की समाप्ति पर मुंबई इंडियंस ने तीन विकेट नुकसान पर 90 रन बना लिए हैं। मुंबई को जीत के लिए 53 गेंदों में 69 रन और बनाने हैं।
11:00 PM: दीपका हूडा ने पार्थिव पटेल को 39 रन के निजी स्कोर पर बाउंड्री लाइन पर भुवनेश्वर कुमार के हाथों कैच आउट कराया और मुंबई इंडियंस को तीसरा झटका दिया। पटेल के बाद कीरोन पोलार्ड क्रीज पर बल्लेबाजी के लिए आए हैं।
10:54 PM: बेन कटिंग ने मुंबई की पारी का नौवां ओवर डाला, जिसमें उन्होंने सिर्फ 3 रन दिए। मुंबई इंडियंस ने दो विकेट के नुकसान पर 76 रन बना लिए हैं। पार्थिव पटेल 38 और नीतीश राणा 18 रन बनाकर नाबाद हैं।
10:46 PM: मुंबई इंडियंस की पारी के आठ ओवर समाप्त हो चुके हैं। पार्थिव पटेल 37 और नीतीश राणा 17 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। मुंबई इंडियंस का स्कोर 73 रन दो विकेट के नुकसान पर।
10:44 PM: सातवें ओवर की समाप्ति पर मुंबई इंडियंस ने दो विकेट के नुकसान पर 64 रन बना लिए हैं। नीतीश राणा 10 और पार्थिव पटेल 35 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। मुंबई इंडियंस को जीत के लिए 77 गेंदों में 94 रन की दरकार है।
10:39 PM: रोहित शर्मा के आउट होने के बाद नीतीश राणा क्रीज पर बल्लेबाजी करने आए हैं। उन्होंने मुस्तफिजुर रहमान के ओवर में एक छक्का जड़ अपना खाता खोला। मुंबई इंडियंस ने छठे ओवर की समाप्ति पर दो विकेट गवांकर 61 रन बना लिए हैं। पार्थिव पटेल 34 और नीतीश राणा 8 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
10:33 PM: राशिद खान ने रोहित शर्मा को 4 रन के निजी स्कोर पर पगबाधा आउट कर मुंबई इंडियंस को दूसरा झटका दिया है। मुंबई का स्कोर 41/2
10:30 PM: चार ओवर की समाप्ति पर मुंबई इंडियंस का स्कोर 39/1, पार्थिव पटेल 21 और रोहित शर्मा 4 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
10:25 PM: आशीष नेहरा ने चौथे ओवर की पहली गेंद पर जोस बटलर को क्लीन बोल्ड कर दिया। इस प्रकार मुंबई इंडियंस को 28 के स्कोर पर पहला झटका लगा। जोस बटलर ने 14 रन बनाए।
10:23 PM: तीसरे ओवर की समाप्ति पर मुंबई इंडियंस ने बिना किसी नुकसान के 28 रन बना लिए हैं। जोस बटलर 14 और पार्थिव पटेल 13 रन बनाकर नाबाद हैं।
10:19 PM: दूसरे ओवर की समाप्ति पर मुंबई इंडियंस ने बिना किसी नुकसान के 21 रन बना लिए हैं। पार्थिव पटेल 11 और जोस बटलर 9 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
10:16 PM: आशीष नेहरा हैदराबाद के लिए दूसरा ओवर कर रहे हैं। उनकी पहली गेंद पर जोस बटलर बाल बाल बचे। गेंद बैट का बाहरी किनारा लेते हुए स्टंप्स के बिल्कुल पास से थर्डमैन बाउंड्री लाइन के बाहर चार रनों के लिए चली गई।
10:14 PM: पहले ओवर की समाप्ति पर मुंबई इंडियंस ने बिना किसी नुकसान के 5 रन बना लिए हैं।
10:11 PM: मुंबई इंडियंस की पारी शुरू हो चुकी है। पार्थिव पटेल और जोस बटलर ओपनिंग कर रहे हैं। भुवनेश्वर कुमार ने हैदराबाद के लिए गेंदबाजी की शुरुआत की है।
10:02 PM: हैदराबाद ने 20 ओवर में 8 विकेट गवांकर 158 रन बनाए और मुंबई इंडियंस के सामने जीत के लिए 159 रनों लक्ष्य रखा है।
9:54 PM: सनराइजर्स हैदराबाद की पारी का अंतिम ओवर जसप्रीत बुमराह कर रहे हैं। हैदराबाद ने 155 रन पर आठ विकेट गवां दिए हैं। आखिरी ओवर में पहली तीन गेंदों में बुमराह ने 2 विकेट झटके हैं।
9:50 PM: 19वें ओवर की समाप्ति पर सनराइजर्स हैदराबाद ने छह विकेट गवांकर 153 रन बनाए हैं। राशिद खान और नमन ओझा की जोड़ी खेल रही है।
9:46 PM: लसिथ मलिंगा ने विजय शंकर को एक रन के निजी स्कोर पर प्वाइंट पर खड़े नीतीश राणा के हाथों कैच आउट करा कर हैदराबाद के छठे विकेट का पतन कर दिया है। स्कोर 147-6
9:42 PM: जसप्रीत बुमराह ने बेन कटिंग को शानदार यॉर्कर क्लीन बोल्ड कर हैदराबाद के पांचवें विकेट का पतन किया है। हैदराबाद का स्कोर 146-5
9:40 PM: बेन कटिंग ने जसप्रीत बुमराह के 18वें ओवर की पहली गेंद पर चौका जड़ा है। दसरी गेंद पर एक रन बना है। नमन ओझा के पास स्ट्राइक है।
9:35 PM: लसिथ मलिंगा हैदराबाद की पारी का 17वां ओवर कर रहे हैं। उनके ओवर की पहली दो गेंदों पर बेन कटिंग ने दो चौकों की मदद से 8 रन बटोरे हैं। तीसरी गेंद पर सिर्फ एक रन बना है।
9:32 PM: युवराज सिंह के आउट होने के बाद नमन ओझा बल्लेबाजी करने के लिए क्रीज पर आए हैं। हैदराबाद का स्कोर 126-4
9:29 PM: हार्दिक पांड्या ने युवराज सिंह को 5 रन के निजी योग पर बोल्ड आउट कर हैदराबाद को चौथा झटका दे दिया है। स्कोर 123-4
9:26 PM: सनराइजर्स हैदराबाद की पारी का सोलहवां ओवर जसप्रीत बुमराह कर रहे हैं। युवराज सिंह ने उनके ओवर की दूसरी गेंद पर चौका लगाया है।
9:21 PM: मिशेल मैक्लेनेघन ने शिखर धवन को क्लीन बोल्ड कर हैदराबाद को तीसरा झटका दे दिया है। शिखर धवन ने आउट होने से पहले 43 गेंद में पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 48 रन बनाए। हैदराबाद का स्कोर 114 रन पर तीन विकेट।
9:16 PM: दीपक हूडा के आउट होने के बाद युवराज सिंह बल्लेबाजी करने आए हैं। शिखर धवन 45 रन बनाकर दूसरे छोर पर टिके हुए हैं। हैदराबाद ने 14वें ओवर की समाप्ति के बाद 110/2
9:11 PM: हरभजन सिंह ने दीपक हूडा को कीरोन पोलार्ड के हाथों कैच आउट करा कर हैदराबाद को दूसरा झटका दिया है। हूडा 9 रन बना सके। स्कोर 105 रन पर दो विकेट
9:06 PM: 12वें ओवर की समाप्ति के बाद हैदराबाद का स्कोर एक विकेट के नुकसान पर 93 रन, दीपक हूडा 6 और शिखर धवन 35 रन बनाकर खेल रहे हैं।
9:02 PM: हरभजन सिंह ने हैदराबाद के कप्तान डेविड वॉर्नर को अर्धशतक से एक रन पहले पार्थिव पटेल के हाथों कैच आउट कराया। पार्थिव पटेल ने उनका शानदार कैच पकड़ा। उनके आउट होने के बाद दीपक हूडा मैदान पर शिखर धवन का साथ निभाने आए हैं।
8:55 PM: दसवें ओवर की समाप्ति पर हैदराबाद का स्कोर 75/0, वॉर्नर 43 और धवन 28 रन बनाकर क्रीज पर हैं। मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों को पहले विकेट की तलाश है।
8:45 PM: आठवें ओवर की समाप्ति पर हैदराबाद का स्कोर 52/0, शिखर धवन 23 गेंदों का सामना करने के बाद 2 चौकों और एक छक्के की मदद से 22 रन बनाकर खेल रहे हैं। उनके साथ दूसरे छोर पर कप्तान डेविड वॉर्नर 25 गेंदों का सामना करने के बाद 5 चौकों की मदद से 28 रन बनाकर खेल रहे हैं।
8:42 PM: हार्दिक पांड्या हैदराबाद की पारी का आठवां ओवरा कर रहे हैं। उनके ओवर की पहली गेंद पर डेविड वॉर्नर ने एक रन लिया है। दूसरी गेंद पर शिखर धवन कोई रन नहीं बना सके। तीसरी गेंद पर क्रुणाल पांड्या ने खूबसूरत कैच लपका, लेकिन गेंद जमीन को चूम गई और थर्ड अंपायर ने शिखर धवन को नाट आॅउट करार दिया है।
8:34 PM: शिखर धवन ने मिशेल मैक्लेनघन की गेंद पर छक्का जड़ मैच का पहला सिक्स लगाया है। सातवें ओवर की समाप्ति के बाद हैदराबाद का स्कोर 49 रन, शिखर धवन 21 और डेविड वॉर्नर 27 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
8:32 PM: छठे ओवर की समाप्ति के बाद हैदराबाद का स्कोर बिना किसी नुकसान के 34 रन। पॉवर प्ले समाप्त हो चुका है। सनराइजर्स हैदराबा के ओपनर्स वॉर्नर और धवन को मुंबई इंडियंस के गेंदबाज बांध कर रखे हुए हैं।
8:20 PM: चौथे ओवर की समाप्ति पर हैदराबाद का स्कोर 17/0, जसप्रीत बुमराह ने अपने पहले ओवर में सिर्फ चार रन दिए। डेविड वॉर्नर और शिखर धवन क्रीज पर मौजूद हैं।
8:18 PM: जसप्रीत बुमराह हैदराबाद की पारी का चौथा ओवर कर रहे हैं। उनकी पहली गेंद पर कोई रन नहीं बना, दूसरी गेंद पर तीन रन बने।
8:14 PM: हरभजन सिंह हैदराबाद की पारी का तीसरा ओवर कर रहे हैं। उनकी पहली दो गेंदों पर डेविड वॉर्नर ने चौका जड़ा, तीसरी गेंद पर कोई रन नहीं बना, चौथी गेंद डेविड वॉर्नर के खिलाफ स्टंपिंग की अपील हुई है।
8:11 PM: दूसरे ओवर की समाप्ति पर मुंबई इंडियंस का स्कोर 5/0, डेविड वॉर्नर 2 और शिखर धवन 2 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
8:08 PM: आईपीएल में लसिथ मलिंगा अपना सौवां मैच खेल रहे हैं। वह आईपीएल में अब तक सिर्फ मुंबई इंडियंस के लिए खेले हैं। हैदराबाद की पारी का दूसरा ओवर मलिंगा कर रहे हैं।
8:04 PM: सनराइजर्स हैदराबाद की पारी शुरू हो चुकी है, डेविड वॉर्नर और शिखर धवन की सलामी जोड़ी क्रीज पर हैं। हरभजन सिंह ने मुंबई के लिए गेंदबाजी की शुरुआत की है।
7:39 PM: मैच से पहले अभ्यास करती सनराइजर्स हैदराबाद की टीम
#IPL Match 10 – The defending champions @SunRisers are here at Wankhede #MIvSRH pic.twitter.com/rvV5Xk9vTD
— IndianPremierLeague (@IPL) April 12, 2017
7:38 PM: मैच से पहले अभ्यास करती मुंबई इंडियंस की टीम
#IPL Match 10 – @mipaltan are warming-up ahead of their match against #SRH #MIvSRH pic.twitter.com/34NJPBuPq5
— IndianPremierLeague (@IPL) April 12, 2017
