इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2020 के 33वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर ने राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हरा दिया। उसकी इस जीत में एबी डिविलियर्स ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने न सिर्फ 22 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया, बल्कि गुरकीरत मान के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 39 गेंद में 77 रन की नाबाद साझेदारी भी की। डिविलियर्स ने अपनी 55 रन की नाबाद पारी के दौरान छक्कों की हैट्रिक भी लगाई। उन्होंने कुल 6 छक्के लगाए और एक चौका लगाया। गुरकीरत 17 गेंद में 19 रन बनाकर नाबाद रहे।

दुबई के दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में राजस्थान के कप्तान स्टीव स्मिथ ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी। राजस्थान ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 177 रन बनाए। उसकी ओर से स्टीव स्मिथ हाइएस्ट स्कोरर रहे। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बंगलौर ने 19.4 ओवर में 3 विकेट पर 179 रन बना मैच अपने नाम कर लिया।

इससे पहले स्टीव स्मिथ ने 6 चौके और एक छक्के की मदद से 36 गेंद में 57 रन बनाए। उनके अलावा रॉबिन उथप्पा ने भी तेज पारी खेली। उथप्पा ने 7 चौके और एक छक्के की मदद से 22 गेंद में 41 रन बनाए। जोस बटलर 25 गेंद में 24 बनाकर आउट हुए। राहुल तेवतिया 11 गेंद में 19 रन बनाकर नाबाद रहे।

IPL 2020 Live Cricket Score, RR vs RCB Match Live Updates: यहां जानिए हिंदी में मैच की लाइव स्ट्रीमिंग

बंगलौर के लिए क्रिस मॉरिस सबसे सफल रहे। उन्होंने 26 रन देकर 4 विकेट लिए। मॉरिस ने 2 विकेट आखिरी ओवर में लिए। उनके अलावा युजवेंद्र चहल ने 34 रन देकर 2 विकेट लिए। आईपीएल में दोनों टीमों के बीच अब तक 23 मैच खेले गए हैं। राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर दोनों ने ही 10-10 मैच अपने नाम किए हैं। दो मुकाबलों का नतीजा नहीं निकल पाया, जबकि एक मैच रद्द हो गया।

RR vs RCB: राजस्थान ने 9 मैच में 5वीं बार बदली ओपनिंग जोड़ी, 12.5 करोड़ सैलरी वाले बेन स्टोक्स का फ्लाप शो जारी

[ie_ipl_scorecard match_id=47970]

Live Blog

19:02 (IST)17 Oct 2020
बंगलौर को जीत के लिए चाहिए 12 गेंद में 35 रन

18 ओवरों का खेल हो चुका है। बंगलौर का स्कोर 3 विकेट पर 143 रन है। एबी डिविलियर्स 16 गेंद में 28 और गुरकीरत मान 13 गेंद में 11 रन बनाकर खेल रहे हैं। दोनों के बीच 29 गेंद में 41 रन की साझेदारी हो चुकी है। बंगलौर को जीत के लिए अभी 12 गेंद में 35 रन चाहिए।

18:40 (IST)17 Oct 2020
राजस्थान ने 2 गेंद में झटके दो विकेट, दोनों में रहा राहुल तेवतिया का हाथ

बंगलौर को दो गेंद में दो बड़े झटके लगे। राहुल तेवतिया ने 13वां ओवर फेंका। उनकी आखिरी गेंद को देवदत्त पडिक्कल ने बाउंड्री के बाहर भेजने की कोशिश की, लेकिन शॉट मिस कर गए और बेन स्टोक्स ने उनका कैच पकड़ने में कोई गलती नहीं की। देवदत्त 37 गेंद में 35 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 2 चौके लगाए। 14वां ओवर कार्तिक त्यागी ने फेंका। उनकी पहली ही गेंद को विराट कोहली ने छक्के के लिए खेला, लेकिन बाउंड्री पर राहुल तेवतिया ने बहुत ही शानदार कैच पकड़ा। राहुल तेवतिया ने कैच पकड़ा, संतुलन बिगड़ता देख गेंद को बाउंड्री के अंदर की ओर उछाल दिया, फिर भागकर गेंद को गिरने से पहले खुद ही कैच पकड़ लिया। विराट कोहली की जगह गुरकीरत मान क्रीज पर आए। दूसरे छोर पर एबी डिविलियर्स हैं।

18:22 (IST)17 Oct 2020
बंगलौर को बड़े शॉट्स की दरकार

11 ओवरों का खेल हो चुका है। बंगलौर का स्कोर एक विकेट पर 84 रन है। विराट कोहली 24 गेंद में 29 और देवदत्त पडिक्कल 32 गेंद में 33 रन बनाकर खेल रहे हैं। दोनों के बीच 46 गेंद में 61 रन की साझेदारी हो चुकी है। 11वां ओवर राहुल तेवतिया ने फेंका। इस ओवर में विराट और देवदत्त ने 7 रन बनाए। बंगलौर को अभी 54 गेंद में 94 रन बनाने हैं। उसे यदि यह लक्ष्य हासिल करना हो तो कुछ बड़े शॉट्स लगाने होंगे।

17:51 (IST)17 Oct 2020
विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल क्रीज पर

श्रेयस गोपाल ने राजस्थान को पहली सफलता दिलाई। उन्होंने चौथे ओवर की तीसरी गेंद पर एरोन फिंच का बड़ा विकेट झटका। फिंच 11 गेंद में 14 रन बनाकर आउट हुए। इसमें उनके 2 छक्के भी शामिल हैं। फिंच गोपाल की गेंद को स्लॉग स्वीप करने के चक्कर में रॉबिन उथप्पा को कैच थमा बैठे। फिंच की जगह विराट कोहली क्रीज पर आए। चौथे ओवर के बाद बंगलौर का स्कोर 1 विकेट पर 27 रन है। देवदत्त पडिक्कल के 12 गेंद में 10 रन हैं।

17:47 (IST)17 Oct 2020
फिंच ने की ताबड़तोड़ शुरुआत

बंगलौर की ओर से देवदत्त पडिक्कल और एरोन फिंच ने पारी की शुरुआत की। राजस्थान की ओर से जोफ्रा आर्चर ने पहला ओवर फेंका। उनके इस ओवर में सिर्फ 4 रन बने। दूसरा ओवर श्रेयस गोपाल लेकर आए। उनके ओवर में 5 रन बने। तीसरा ओवर फिर जोफ्रा आर्चर लेकर आए। यह ओवर राजस्थान के लिए महंगा साबित हुआ। इस ओवर की पहली और आखिरी गेंद पर एरोन फिंच ने छक्के जड़े। 3 ओवरों के बाद बंगलौर का स्कोर बिना विकेट खोए 22 रन है। फिंच के 10 गेंद में 14 और देवदत्त पडिक्कल के 8 गेंद में 6 रन हैं।

17:10 (IST)17 Oct 2020
राहुल तेवतिया ने दिखाया शानदार खेल

19वें ओवरों का खेल हो चुका है। राजस्थान रॉयल्स का स्कोर 4 विकेट पर 173 रन है। स्टीव स्मिथ 6 चौके और एक छक्के की मदद से 34 गेंद में 57 रन बनाकर खेल रहे हैं। उन्होंने 30 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके साथ ही उन्होंने आईपीएल में अपने 1000 रन भी पूरे कर लिए हैं। इसुरू उडाना के 19वें ओवर में राहुल तेवतिया ने एक चौका और एक छक्का जड़ा। राहुल तेवतिया का स्कोर 10 गेंद में 18 रन हो गया है।

16:51 (IST)17 Oct 2020
बटलर 24 रन बनाकर आउट हुए

राजस्थान को 16वें ओवर में चौथा झटका लगा। क्रिस मॉरिस की तीसरी गेंद पर उसके सेट बल्लेबाज जोस बटलर नवदीप सैनी को कैच थमा बैठे। क्रिस मॉरिस ने पहली बार बटलर का विकेट लिया है। बटलर ने 25 गेंद में 24 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान एक चौका और एक छक्का लगाया। बटलर की जगह राहुल तेवतिया क्रीज पर आए। 16वें ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर 4 विकेट पर 133 रन है।

16:35 (IST)17 Oct 2020
राजस्थान रॉयल्स पहुंचा 100 के पार

13 ओवरों का खेल हो चुका है। राजस्थान का स्कोर 3 विकेट पर 103 रन बनाए हैं। जोस बटलर 19 गेंद में 20 और स्टीव स्मिथ 12 गेंद में 13 रन बनाकर खेल रहे हैं। 13वां ओवर वॉशिंगटन सुंदर ने फेंका। उनके इस ओवर में स्मिथ और बटलर ने 7 रन बनाए। इस ओवर में राजस्थान ने अपना शतक पूरा किया। इन दोनों खिलाड़ियों के बीच 31 गेंद में 34 रन की साझेदारी हो चुकी है।

16:19 (IST)17 Oct 2020
राजस्थान को 2 गेंद में लगे 2 झटके

राजस्थान को 8वें ओवर में 2 झटके लगे। युजवेंद्र चहल ने ओवर की चौथी गेंद पर रॉबिन उथप्पा को डीप मिड-विकेट पर एरोन फिंच के हाथों कैच कराया। उथप्पा ने 7 चौके और एक छक्के की मदद से 22 गेंद में 41 रन बनाए। उथप्पा की जगह स्टीव स्मिथ क्रीज पर आए। हालांकि, इस दौरान स्ट्राइक बदल गई। पांचवीं गेंद पर चहल ने संजू सैमसन को लॉन्ग ऑफ पर क्रिस मॉरिस के हाथों कैच करा दिया। सैमसन 6 गेंद में 9 रन ही बना पाए। राजस्थान को पहला झटका छठे ओवर में लगा था। क्रिस मॉरिस ने ओवर की चौथी गेंद पर बेन स्टोक्स को विकेट के पीछे एबी डिविलियर्स के हाथों कैच आउट हो गए। उन्होंने 19 गेंद में 15 रन बनाए। संजू सैमसन उनकी जगह ही क्रीज पर आए थे।

15:55 (IST)17 Oct 2020
रॉबिन उथप्पा कर रहे ताबड़तोड़ बल्लेबाजी

पांच ओवरों का खेल हो चुका है। राजस्थान का स्कोर बिना विकेट खोए 47 रन है। रॉबिन उथप्पा 15 गेंद में 31 और बेन स्टोक्स 15 गेंद में 13 रन बनाकर खेल रहे हैं। उथप्पा ने अब तक 5 चौके और एक छक्का लगाया है। स्टोक्स भी 2 चौके लगा चुके हैं। नवदीप सैनी के पांचवें ओवर में राजस्थान ने 9 रन बनाए। इससे पहले इसुरू उडाना के ओवर में राजस्थान ने 17 रन अपने खाते में जोड़े थे।

15:47 (IST)17 Oct 2020
रॉबिन उथप्पा ने एक ओवर में जड़े 4 चौके

राजस्थान रॉयल्स की ओर से बेन स्टोक्स और रॉबिन उथप्पा ने पारी की शुरुआत की। रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर के लिए स्पिनर वॉशिंगटन सुंदर पहला ओवर लेकर आए। शुरुआती दो ओवर में राजस्थान ने सिर्फ 5 रन बनाए, लेकिन उथप्पा ने सुंदर के तीसरे ओवर में 4 चौके जड़ हिसाब बराबर कर दिया। तीन ओवरों के बाद राजस्थान का स्कोर बिना विकेट खोए 21 रन है।

15:12 (IST)17 Oct 2020
रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर की प्लेइंग इलेवन

रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर प्लेइंग इलेवन: विराट कोहली (कप्तान), देवदत्त पडिक्कल, एरोन फिंच, एबी डीविलियर्स (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, क्रिस मॉरिस, इसुरू उडाना, नवदीप सैनी, युजवेंद्र चहल, शाहबाज अहमद, गुरकीरत सिंह मान।

15:11 (IST)17 Oct 2020
राजस्थान रॉयल्स की प्लेइंग इलेवन

राजस्थान रॉयल्स प्लेइंग इलेवन: स्टीव स्मिथ (कप्तान), बेन स्टोक्स, जोस बटलर (विकेटकीपर), संजू सैमसन, रॉबिन उथप्पा, रियान पराग, राहुल तेवतिया, जोफ्रा आर्चर, श्रेयस गोपाल, जयदेव उनादकट, कार्तिक त्यागी।