पवन नेगी की शानदार शतकीय पारी की मदद से वीवीआईपी उत्तर प्रदेश ने रविवार को ग्रेटर नोएडा के शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में इंडियन वेटरन प्रीमियर लीग (IVPL) के पहले संस्करण के फाइनल में मुंबई चैंपियंस को हराकर खिताब पर कब्जा जमाया। टूर्नामेंट के हीरो नेगी ने 55 गेंद पर 105 रन बनाए। परविंदर सिंह ने 34 गेंदों में 51 रन बनाए। इन दोनों की पारी के बदौलत सुरेश रैना की अगुआई वाली वीवीआईपी उत्तर प्रदेश ने फाइनल में वीरेंद्र सहवाग की अगुआई वाली मुंबई चैंपियंस को छह विकेट से हराकर आईवीपीएल का खिताब अपने नाम किया। हालांकि, सहवाग यह मैच नहीं खेले। इंग्लैंड के पूर्व खिलाड़ी फिल मस्टर्ड ने मुंबई की कमान संभाली।
आखिरी तीन ओवर में वीवीआईपी उत्तर प्रदेश को 27 रनों की जरूरत थी और नेगी और पुनीत बिष्ट क्रीज पर थे। दोनों ने चार गेंद शेष रहते ही लक्ष्य हासिल कर लिया। नेगी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वीवीआईपी उत्तर प्रदेश ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। मुंबई चैंपियंस की पारी में 5 ओवर का खेल हुआ था उसके बाद आ गई। इसके कारण मैच कुछ देर के लिए रुका। एक घंटे के बाद खेल दोबारा शुरू हुआ और ओवर्स में कटौती नहीं हुई। बारिश के बाद भी दर्शक स्टेडियम में डटे रहे और मैच खत्म होने के बाद ही गए।
मस्टर्ड 45 गेंदों में 8 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 76 रन बनाकर आउट हुए
पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई चैंपियंस को एक बड़ा झटका लगा जब उन्होंने पहले ही ओवर में ओपनर बल्लेबाज निर्वाण अत्री को खो दिया। फिर फिल मस्टर्ड और अभिषेक झुनझुनवाला ने दूसरे विकेट के लिए 67 रन की साझेदारी की। दूसरे विकेट के बाद मस्टर्ड और पीटर ट्रेगो ने 100 रन की साझेदारी करके स्कोरबोर्ड को 150 रन के पार पहुंचाया। मस्टर्ड 45 गेंदों में 8 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 76 रन बनाकर आउट हुए।
ट्रेगो ने 33 गेंद पर नाबाद 57 रन की पारी खेली
इस बीच ट्रेगो ने आक्रमण जारी रखा और मुंबई चैंपियंस अंतिम ओवर में 200 रन के आंकड़े तक पहुंच गया। दूसरे छोर पर विकेट गिरते रहे, लेकिन ट्रेगो क्रीज पर टिके रहे और मुंबई चैंपियंस को 20 ओवरों में 214/5 रन बनाने में मदद की। ट्रेगो ने 33 गेंद पर नाबाद 57 रन की पारी खेली। उन्होंने 3 चौके और 3 छक्के लगाए। वीवीआईपी उत्तर प्रदेश के लिए क्रिस मोफू ने 3 विकेट लिए।
नहीं चले सुरेश रैना
215 रनों का पीछा करते हुए वीवीआईपी उत्तर प्रदेश ने पारी की दूसरी गेंद पर ओपनर बल्लेबाज का विकेट खो दिया। दो ओवर बाद वीवीआईपी उत्तर प्रदेश ने अंशुल कपूर का भी विकेट खो दिया। प्रशंसकों की जोरदार तालियों के बीच सुरेश रैना का स्वागत किया। चौथे ओवर में झुनझुनवाला ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। इससे पहले बाएं हाथ के बल्लेबाज ने दो चौके लगाए।
पवन नेगी और परविंदर सिंह ने वीवीआई उत्तर प्रदेश को संभाला
45 पर तीन विकेट गिरने के बाद पवन नेगी और परविंदर सिंह ने वीवीआई उत्तर प्रदेश को संभाला। दोनों ने बिना कोई जोखिम भरा शॉट लगाए और पारी को आगे बढ़ाया। दोनों बल्लेबाजों ने अपना अर्धशतक पूरा किया और वीवीआईपी उत्तर प्रदेश को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। रैना की अगुआई वाली टीम ने 15वें ओवर में परविंदर सिंह (34 गेंदों पर 51) का विकेट खो दिया। हालांकि, नेगी ने अपना शतक पूरा किया और सुनिश्चित किया कि वीवीआईपी उत्तर प्रदेश को और अधिक परेशानी न हो। टीम ने चार गेंद शेष रहते ही लक्ष्य हासिल कर लिया।