चेन्नई के खिलाफ मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने कप्तानी पारी खेलते हुए टीम को जीत दिलाने का काम किया। मुंबई इंडियंस ने चेन्नई सुपर किंग्स को आठ विकेट से हराकर टूर्नामेंट में अपनी दूसरी जीत दर्ज की। चेन्नई ने मुंबई के सामने 170 रनों की चुनौती रखी थी जिसे मुंबई ने दो गेंद शेष रहते हुए दो विकेट खोकर हासिल कर लिया। मुंबई के लिए रोहित शर्मा ने कप्तानी पारी खेली और 33 गेंदों में छह चौके तथा दो छक्कों की मदद से नाबाद 56 रन बनाए। रोहित शर्मा ने काफी संभलकर खेलते हुए टीम को जीत के करीब पहुंचाने का काम किया। हादराबाद के खिलाफ की गई गलतियों से सबक लेते हुए रोहित इस मैच में काफी धैर्य के साथ बल्लेबाजी करते नजर आए। रोहित ने कोई भी ऐसा शॉट नहीं लगाया जिससे उन्हें आउट होने का खतरा हो। पहले इविन लुइस और फिर हार्दिक पंड्या के साथ मिलकर उन्होंने दो छोटी-छोटी साझेदारी की।

रोहित ने अपनी पारी में दो लंबे-लंबे छक्के भी लगाए। इस दौरान स्टेडियम में मौजूद उनकी वाइफ रितिका सजदेह भी बेहद खुश नजर आईं। रोहित की बल्लेबाजी के दौरान रितिका अपने दोस्तों के साथ हर शॉट्स का लुप्त उठा रही थी। मुंबई के लिए भी टूर्नामेंट में बने रहने के लिए इस मैच को जीतना बेहद जरूरी था। शुरुआती तीन मुकाबले मुंबई की टीम आखिरी गेंद पर हारी थी, लिहाजा रोहित ने इस मैच को अंतिम गेंद तक जाने का मौका नहीं दिया और दो गेंद रहते ही टीम को जीत दिला दी।
रोहित के अलावा इविन लुइस ने 43 गेंदों पर तीन चौके और दो छक्कों की मदद से 47 रन बनाए। जबकि सूर्यकुमार यादव ने 44 रनों का योगादान दिया। इससे पहले, चेन्नई ने सरेश रैना की 47 गेंदों में छह चौके और चार छक्कों की मदद से खेली गई नाबाद 75 रनों की पारी के दम पर 20 ओवरों में पांच विकेट खोकर 169 रन बनाए थे। रैना के अलावा अंबाती रायुडू ने 46 रनों का योगदान दिया था।