IPL 2022 RR vs KKR: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 के 30वें मैच में राजस्थान रॉयल्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 7 रन से हरा दिया। मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेले गए इस मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 217 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकात नाइट राइडर्स 19.4 ओवर में 10 विकेट पर 210 रन ही बना पाई। युजवेंद्र चहल प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए।
केकेआर की ओर से श्रेयस अय्यर और एरोन फिंच ने पचासा लगाया, लेकिन चहल ने हैट्रिक के साथ पांच विकेट लेकर मैच की तस्वीर बदल दी। इस जीत से राजस्थान रॉयल्स आईपीएल 2022 की अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई। राजस्थान रॉयल्स के 6 मैचों में 4 जीत से 8 अंक हो गए हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स 7 मैच में 6 अंक के साथ 7वें स्थान पर है।
युजवेंद्र चहल (40 रन पर 5 विकेट) की फिरकी के जादू के सामने श्रेयस (51 गेंद में 85 रन, 7 चौके, 4 छक्के) और फिंच (28 गेंद में 58 रन, 9 चौके, 2 छक्के) के बीच दूसरे विकेट की 107 रन की साझेदारी छोटी पड़ गई। उमेश यादव ने अंत में 9 गेंद में 21 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला पाए।
केकेआर एक समय दो विकेट पर 148 रन बनाकर मजबूत स्थिति में थी, लेकिन उसने अपने अंतिम 8 विकेट 62 रन पर गंवा दिए। केकेआर को अंतिम 5 ओवर में जीत के लिए 51 रन की दरकार थी। चहल ने 17वें ओवर में हैट्रिक समेत वेंकटेश अय्यर (06), श्रेयर अय्यर, शिवम मावी (00) और पैट कमिंस (00) के विकेट चटकाकर मैच का रुख बदल दिया। राजस्थान की ओर से चहल के अलावा ओबेद मैक्कॉय ने 2 और प्रसिद्ध कृष्णा और रविचंद्रन अश्विन ने 1-1 विकेट लिए।
इससे पहले राजस्थान की ओर से जोस बटलर ने सबसे ज्यादा 103 रन बनाए। उनका इस सीजन यह दूसरा शतक है। बटलर के अलावा राजस्थान की ओर से देवदत्त पडिक्कल ने 18 गेंद में 24, संजू सैमसन ने 19 गेंद में 38 रन बनाए। शिमरॉन हेटमायर 13 गेंद में 26 रन बनाकर नाबाद रहे।
केकेआर की ओर से सुनील नरेन ने 21 रन देकर 2 विकेट चटकाए। आंद्रे रसेल ने 29 रन देकर एक विकेट लिया। शिवम मावी और पैट कमिंस भी क्रमशः 34 और 50 रन देकर एक-एक विकेट लेने में सफल रहे।
IPL 2022 RR vs KKR: गेंद दर गेंद स्कोरकार्ड देखने के लिए यहां क्लिक करें
इस मैच में दोनों टीमें इन खिलाड़ियों के साथ उतरीं।
राजस्थान रॉयल्स की प्लेइंग इलेवन: जोस बटलर, देवदत्त पडिक्कल, संजू सैमसन (कप्तान/विकेटकीपर), करुण नायर, शिमरॉन हेटमायर, रियान पराग, रविचंद्रन अश्विन, ट्रेंट बोल्ट, प्रसिद्ध कृष्णा, ओबेद मैककॉय, युजवेंद्र चहल।
कोलकाता नाइट राइडर्स की प्लेइंग इलेवन: वेंकटेश अय्यर, एरोन फिंच, श्रेयस अय्यर (कप्तान), नितीश राणा, आंद्रे रसेल, शेल्डन जैक्सन (विकेटकीपर), सुनील नरेन, पैट कमिंस, शिवम मावी, उमेश यादव, वरुण चक्रवर्ती।
Indian Premier League, 2022
Rajasthan Royals
217/5 (20.0)
Kolkata Knight Riders
210 (19.4)
Match Ended ( Day – Match 30 )
Rajasthan Royals beat Kolkata Knight Riders by 7 runs
IPL 2022, RR vs KKR Live Score (आईपीएल लाइव क्रिकेट टुडे मैच स्कोर): ब्रेबोर्न में राजस्थान रॉयल्स को अब तक कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम हरा नहीं पाई है।
सातवां ओवर पैट कमिंस लेकर आए। उनके इस ओवर की पहली और दूसरी गेंद पर पडिक्कल ने चौके लगाए। पांचवीं गेंद पर बटलर ने चौका लगाया। इसके साथ ही उन्होंने अपना अर्धशतक भी पूरा किया। इस ओवर से राजस्थान के खाते में 14 रन आए। सात ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर बिना विकेट खोए 74 रन है। बटलर के 30 गेंद में 51 और पडिक्कल के 13 गेंद में 17 रन हैं।
छठा ओवर शिवम मावी लेकर आए। बटलर ने उनकी चौथी गेंद पर चौका और पांचवीं गेंद पर छक्का जड़ा। इस ओवर से राजस्थान के खाते में 11 रन आए। छह ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर बिना विकेट खोए 60 रन है। बटलर के 27 गेंद में 46 और पडिक्कल के 10 गेंद में 8 रन हैं।
पांचवां ओवर पैट कमिंस लेकर आए। बटलर ने ओवर की तीसरी गेंद पर चौका लगाया। इस ओवर से राजस्थान के खाते में 9 रन आए। पांच ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर बिना विकेट खोए 49 रन है। बटलर के 23 गेंद में 36 और पडिक्कल के 8 गेंद में 8 रन हैं।
चौथा ओवर वरुण चक्रवर्ती लेकर आए। बटलर ने ओवर की दूसरी गेंद पर छक्का और आखिरी गेंद पर चौका लगाया। इस ओवर से राजस्थान के खाते में 15 रन आए। चार ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर बिना विकेट खोए 40 रन है। बटलर के 19 गेंद में 30 और पडिक्कल के 6 गेंद में 6 रन हैं।
तीसरा ओवर उमेश यादव लेकर आए। बटलर ने ओवर की पहली गेंद पर चौका और दूसरी गेंद पर छक्का लगाया। बटलर ने आखिरी गेंद पर चार रन दौड़कर पूरे किए। इस ओवर से राजस्थान के खाते में 16 रन आए। तीन ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर बिना विकेट खोए 25 रन है।
दूसरा ओवर शिवम मावी लेकर आए। उनके इस ओवर तीसरी गेंद पर चौका लगाकर देवदत्त पडिक्कल ने अपना खाता खोला। इस ओवर से राजस्थान के खाते में 7 रन आए। दो ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर बिना विकेट खोए 9 रन है।
जोस बटलर ने चौथी गेंद पर एक रन लेकर अपना और राजस्थान रॉयल्स का खाता खोला। पांचवीं गेंद नोबॉल रही। फ्री हिट पर पडिक्कल कोई रन नहीं बना पाए। वह आखिरी गेंद पर भी अपना खाता नहीं खोल पाए। पहले ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर बिना विकेट खोए 2 रन है।
राजस्थान रॉयल्स की ओर से देवदत्त पडिक्कल और जोस बटलर ने पारी की शुरुआत की। कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए उमेश यादव पहला ओवर लेकर आए।
राजस्थान रॉयल्स ने इस सीजन 5 में से 3, जबकि कोलकाता नाइट राइडर्स ने 6 में से 3 मुकाबलों में जीत हासिल की है। आईपीएल 2022 की पॉइंट्स टेबल में राजस्थान पांचवें और कोलकाता छठे नंबर पर है। राजस्थान रॉयल्स को अपने आखिरी मैच गुजरात टाइटंस के हाथों 37 रन से हार झेलनी पड़ी थी। वहीं, कोलकाता नाइट राइडर्स ने अपने आखिरी दोनों मैच गंवाएं हैं। उसे 10 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स ने 44 रन और 15 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद ने 7 विकेट से हराया था। ऐसे में इस मैच में दोनों टीमों की नजर जीत की राह पर लौटने पर होगी।
राजस्थान रॉयल्स: जोस बटलर, देवदत्त पडिक्कल, संजू सैमसन (कप्तान/विकेटकीपर), करुण नायर, शिमरॉन हेटमायर, रियान पराग, रविचंद्रन अश्विन, ट्रेंट बोल्ट, प्रसिद्ध कृष्णा, ओबेद मैककॉय, युजवेंद्र चहल।
कोलकाता नाइट राइडर्स: वेंकटेश अय्यर, एरोन फिंच, श्रेयस अय्यर (कप्तान), नितीश राणा, आंद्रे रसेल, शेल्डन जैक्सन (विकेटकीपर), सुनील नरेन, पैट कमिंस, शिवम मावी, उमेश यादव, वरुण चक्रवर्ती।
राजस्थान रॉयल्स के ओपनर जोस बटलर को केकेआर के गेंदबाजों से बचकर रहना होगा। दरअसल, उन्हें आंद्रे रसेल, सुनील नरेन और वरुण चक्रवर्ती 2-2 बार अपना शिकार बना चुके हैं। वहीं, उमेश यादव और सुनील नरेन ने राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन को खासा परेशान किया है। दोनों टी20 मुकाबलों में संजू को 3-3 बार पवेलियन भेज चुके हैं।
आंकड़े की मानें तो आज ब्रेबोर्न स्टेडियम में छक्कों की बारिश देखने को मिल सकती है। जब वेंकटेश अय्यर, श्रेयस अय्यर, आंद्रे रसेल, जोस बटलर और शिमरॉन हेटमायर जैसे धाकड़ बल्लेबाज दोनों टीमों में हैं। ऐसे में गेंद मैदान के बाहर जाती दिख सकती है।
आज का दिन अहम है, क्योंकि 14 साल पहले आज ही दिन इंडियन प्रीमियर लीग की शुरुआत हुई थी। पिछले 14 साल में हमें ब्रेंडन मैकुलम की तूफानी पारी, डबल सुपर ओवर, छक्कों की बरसात, विकेटों की झड़ी और बहुत कुछ देखने को मिला है।
आज सुबह आईपीएल के फैंस को तब झटका लगा जब पता चला कि दिल्ली कैपिटल्स के दो और सदस्य कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसके बाद दिल्ली कैपिटल्स की पूरी टीम को उनके-उनके कमरों में क्वारंटीन कर दिया गया। दिल्ली कैपिटल्स के सभी सदस्यों का आरटी-पीसीआर टेस्ट किया गया है।
आज मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में पिछले सीजन की उपविजेता कोलकाता नाइट राइडर्स का सामना राजस्थान रॉयल्स के साथ होना है। दोनों टीमें अपने-अपने पिछले मैच हारी हैं। उनकी कोशिश यह मैच जीतकर अंक तालिका में आगे बढ़ने पर होगी। मैच से जुड़े अपडेट्स के लिए आप जनसत्ता.कॉम के साथ बने रहिए।
IPL 2022, RR vs KKR Live Score: आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच अब तक 25 मैच खेले गए हैं। इनमें से राजस्थान रॉयल्स ने 11 और कोलकाता नाइट राइडर्स ने 13 मैच अपने नाम किए हैं। एक मैच रद्द कर दिया गया था। ब्रेबोर्न स्टेडियम में दोनों के बीच यह दूसरा मैच है। इससे पहले 15 मई 2015 को दोनों के बीच इस मैदान पर आईपीएल का मैच खेला गया था। उस मैच को राजस्थान रॉयल्स ने 9 रन से अपने नाम किया था। दोनों के बीच पिछले 5 मुकाबलों की बात करें तो केकेआर का पलड़ा भारी है। केकेआर ने 3 और राजस्थान रॉयल्स ने 2 मैच जीते हैं। आईपीएल 2020 में केकेआर ने राजस्थान के खिलाफ सीजन के सभी यानी दोनों मुकाबले जीते थे।
