IPL 2022 RR vs KKR: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 के 30वें मैच में राजस्थान रॉयल्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 7 रन से हरा दिया। मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेले गए इस मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 217 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकात नाइट राइडर्स 19.4 ओवर में 10 विकेट पर 210 रन ही बना पाई। युजवेंद्र चहल प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए।

केकेआर की ओर से श्रेयस अय्यर और एरोन फिंच ने पचासा लगाया, लेकिन चहल ने हैट्रिक के साथ पांच विकेट लेकर मैच की तस्वीर बदल दी। इस जीत से राजस्थान रॉयल्स आईपीएल 2022 की अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई। राजस्थान रॉयल्स के 6 मैचों में 4 जीत से 8 अंक हो गए हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स 7 मैच में 6 अंक के साथ 7वें स्थान पर है।

युजवेंद्र चहल (40 रन पर 5 विकेट) की फिरकी के जादू के सामने श्रेयस (51 गेंद में 85 रन, 7 चौके, 4 छक्के) और फिंच (28 गेंद में 58 रन, 9 चौके, 2 छक्के) के बीच दूसरे विकेट की 107 रन की साझेदारी छोटी पड़ गई। उमेश यादव ने अंत में 9 गेंद में 21 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला पाए।

केकेआर एक समय दो विकेट पर 148 रन बनाकर मजबूत स्थिति में थी, लेकिन उसने अपने अंतिम 8 विकेट 62 रन पर गंवा दिए। केकेआर को अंतिम 5 ओवर में जीत के लिए 51 रन की दरकार थी। चहल ने 17वें ओवर में हैट्रिक समेत वेंकटेश अय्यर (06), श्रेयर अय्यर, शिवम मावी (00) और पैट कमिंस (00) के विकेट चटकाकर मैच का रुख बदल दिया। राजस्थान की ओर से चहल के अलावा ओबेद मैक्कॉय ने 2 और प्रसिद्ध कृष्णा और रविचंद्रन अश्विन ने 1-1 विकेट लिए।

इससे पहले राजस्थान की ओर से जोस बटलर ने सबसे ज्यादा 103 रन बनाए। उनका इस सीजन यह दूसरा शतक है। बटलर के अलावा राजस्थान की ओर से देवदत्त पडिक्कल ने 18 गेंद में 24, संजू सैमसन ने 19 गेंद में 38 रन बनाए। शिमरॉन हेटमायर 13 गेंद में 26 रन बनाकर नाबाद रहे।

केकेआर की ओर से सुनील नरेन ने 21 रन देकर 2 विकेट चटकाए। आंद्रे रसेल ने 29 रन देकर एक विकेट लिया। शिवम मावी और पैट कमिंस भी क्रमशः 34 और 50 रन देकर एक-एक विकेट लेने में सफल रहे।

IPL 2022 RR vs KKR: गेंद दर गेंद स्कोरकार्ड देखने के लिए यहां क्लिक करें

इस मैच में दोनों टीमें इन खिलाड़ियों के साथ उतरीं।

राजस्थान रॉयल्स की प्लेइंग इलेवन: जोस बटलर, देवदत्त पडिक्कल, संजू सैमसन (कप्तान/विकेटकीपर), करुण नायर, शिमरॉन हेटमायर, रियान पराग, रविचंद्रन अश्विन, ट्रेंट बोल्ट, प्रसिद्ध कृष्णा, ओबेद मैककॉय, युजवेंद्र चहल।

यहां क्लिक कर आप राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के मैच के लिए सुझाई गई ड्रीम 11 देख सकते हैं।

कोलकाता नाइट राइडर्स की प्लेइंग इलेवन: वेंकटेश अय्यर, एरोन फिंच, श्रेयस अय्यर (कप्तान), नितीश राणा, आंद्रे रसेल, शेल्डन जैक्सन (विकेटकीपर), सुनील नरेन, पैट कमिंस, शिवम मावी, उमेश यादव, वरुण चक्रवर्ती।

Match Ended

Indian Premier League, 2022

Rajasthan Royals 
217/5 (20.0)

vs

Kolkata Knight Riders  
210 (19.4)

Match Ended ( Day – Match 30 )
Rajasthan Royals beat Kolkata Knight Riders by 7 runs

Live Updates

IPL 2022, RR vs KKR Live Score (आईपीएल लाइव क्रिकेट टुडे मैच स्कोर): ब्रेबोर्न में राजस्थान रॉयल्स को अब तक कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम हरा नहीं पाई है।

23:48 (IST) 18 Apr 2022
KKR vs RR Live Match Score: आखिरी ओवर तक थमी रहीं फैंस की सांसें

दूसरी पारी के 16वें ओवर तक यह मैच पूरी तरह से केकेआर की पकड़ में था। इसके बाद युजवेंद्र चहल ने अपनी चालाक फिरकी से 4 विकेट अपने नाम किए और कोलकाता के बल्लेबाजी क्रम को धराशाई कर दिया। इसके बाद उमेश यादव ने ट्रेंट बोल्ट के एक ओवर में 20 रन बनाकर मैच को फिर रोमांचक मोड़ पर ला दिया। आखिरी ओवर में ओबेद मैक्कॉय ने सूझबूझ भरी गेंदबाजी की और अपने पहले मैच में टीम को दो महत्वपूर्ण अंक दिलाए।

23:25 (IST) 18 Apr 2022
IPL 2022 RR vs KKR: केकेआर को 2 ओवर में चाहिए 18 रन

ट्रेंट बोल्ट 18वां ओवर लेकर आए। उनके इस ओवर में उमेश यादव ने दो छक्के और एक चौका लगाया। अब केकेआर को जीत के लिए 12 गेंद में 18 रन चाहिए। स्ट्राइक पर उमेश यादव हैं।

23:23 (IST) 18 Apr 2022
KKR vs RR: युजवेंद्र चहल ने रचा इतिहास

चहल ने 17वें ओवर की चौथी, पांचवीं और छठी गेंद पर श्रेयस अय्यर, शिवम मावी और पैट कमिंस के विकेट झटके। चहल आईपीएल 2022 में हैट्रिक लगाने वाले वह पहले गेंदबाज बने। उन्होंने अपने आईपीएल करियर में पहली बार पांच विकेट लिए हैं। 17 ओवर के बाद केकेआर का स्कोर 8 विकेट पर 180 रन है। उमेश यादव और शेल्डन जैक्सन क्रीज पर हैं।

23:12 (IST) 18 Apr 2022
RR vs KKR: केकेआर को जीत के लिए 23 गेंद में चाहिए 40 रन

युजवेंद्र चहल 17वां ओवर लेकर आए। उन्होंने पहली ही गेंद पर वेंकटेश अय्यर को संजू के हाथों स्टम्प करा दिया। वेंकटेश अय्यर 7 गेंद में 6 रन बनाकर आउट हुए। उनकी जगह शेल्डन जैक्सन क्रीज पर आए। केकेआर को जीत के लिए अब 23 गेंद में 40 रन की जरुरत है। श्रेयस अय्यर के 50 गेंद में 85 रन हैं।

23:06 (IST) 18 Apr 2022
Rajasthan Royals vs Kolkata Knight Riders: श्रेयस अय्यर ने लगाया टॉप गियर

ओबेद मैक्कॉय 15वां ओवर लेकर आए। उनकी दूसरी गेंद पर संजू सैमसन ने विकेट के पीछे श्रेयस अय्यर का आसान कैच छोड़ दिया। इसके बाद चौथी गेंद पर श्रेयस अय्यर ने छक्का जड़ दिया। उन्होंने अगली गेंद पर चौका भी लगाया। पंद्रह ओवर के बाद केकेआर का स्कोर 4 विकेट पर 167 रन है। श्रेयस अय्यर के 47 गेंद में 77 रन हैं। वेंकटेश अय्यर के 3 गेंद में 3 रन हैं।

22:56 (IST) 18 Apr 2022
KKR vs RR Live Match Score: अश्विन ने राजस्थान को दिलाई बड़ी सफलता

रविचंद्रन अश्विन 14वां ओवर लेकर आए। उन्होंने अपनी चौथी गेंद पर आंद्रे रसेल को बोल्ड कर दिया। रसेल पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। रसेल की जगह वेंकटेश अय्यर क्रीज पर आए। चौदह ओवर के बाद केकेआर का स्कोर 4 विकेट पर 152 रन है। श्रेयस अय्यर के 43 गेंद में 66 रन हैं। वेंकटेश अय्यर के एक गेंद में एक रन हैं।

22:52 (IST) 18 Apr 2022
RR vs KKR Live Match Score: चहल ने नितीश राणा को भेजा पवेलियन

युजवेंद्र चहल 13वां ओवर लेकर आए। उनकी दूसरी गेंद पर नितीश राणा ने चौका जड़ दिया। तीसरी गेंद पर छक्का जड़ दिया। चौथी गेंद पर दौड़कर 3 रन लिए। पांचवीं गेंद पर अय्यर ने एक रन लेकर स्ट्राइक फिर राणा को दी। राणा ने आखिरी गेंद पर फिर छक्का मारने की कोशिश की, लेकिन लॉन्ग ऑन पर बटलर को कैच थमा बैठे। नितीश राणा 11 गेंद में 18 रन बनाकर आउट हुए। इस ओवर से केकेआर के खाते में 14 रन आए। तेरह ओवर के बाद केकेआर का स्कोर 3 विकेट पर 148 रन है। श्रेयस अय्यर के 39 गेंद में 63 रन हैं। नितीश राणा की जगह आंद्रे रसेल क्रीज पर आए।

22:43 (IST) 18 Apr 2022
IPL 2022 KKR vs RR: श्रेयस अय्यर ने जड़ा छक्का

रविचंद्रन अश्विन 12वां ओवर लेकर आए। श्रेयस अय्यर ने ओवर की पांचवीे गेंद पर छक्का लगाया। अगली गेंद पर 2 रन लिए। इस ओवर से केकेआर के खाते में 11 रन आए। बारह ओवर के बाद केकेआर का स्कोर दो विकेट पर 134 रन है। श्रेयस अय्यर के 38 गेंद में 62 रन हैं। नितीश राणा के 6 गेंद में 5 रन हैं। केकेआर को जीत के लिए 48 गेंद में 84 रन बनाने हैं।

22:39 (IST) 18 Apr 2022
IPL 2022 RR vs KKR: चहल ने 11वें ओवर में दिए सिर्फ 7 रन

युजवेंद्र चहल 11वां ओवर लेकर आए। इस ओवर से केकेआर के खाते में 7 रन आए। ग्यारह ओवर के बाद केकेआर का स्कोर दो विकेट पर 123 रन है। श्रेयस अय्यर के 35 गेंद में 53 रन हैं। नितीश राणा के 3 गेंद में 3 रन हैं। केकेआर को जीत के लिए 52 गेंद में 95 रन बनाने हैं।

22:37 (IST) 18 Apr 2022
KKR vs RR: श्रेयस अय्यर ने 32 गेंद में पूरा किया अपना पचासा

रविचंद्रन अश्विन 10वां ओवर लेकर आए। उनकी दूसरी गेंद पर श्रेयस अय्यर ने छक्का लगाया। पांचवीं गेंद पर 2 रन लिए। आखिरी गेंद पर एक रन लेकर अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 32 गेंद में अपना पचासा पूरा किया। इस ओवर से केकेआर के खाते में 9 रन आए। दस ओवर के बाद केकेआर का स्कोर दो विकेट पर 116 रन है। श्रेयस अय्यर के 32 गेंद में 50 रन हैं। नितीश राणा ने अभी खाता नहीं खोला है।

22:31 (IST) 18 Apr 2022
RR vs KKR: प्रसिद्ध कृष्णा ने राजस्थान को दिलाई बड़ी सफलता

प्रसिद्ध कृष्णा 9वां ओवर लेकर आए। फिंच ने ओवर की दूसरी गेंद पर चौका लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया और श्रेयस अय्यर के साथ शतकीय साझेदारी भी पूरी की। फिंच अगली गेंद पर भी चौका लगाया। हालांकि, आखिरी गेंद पर छक्का लगाने के चक्कर में वह करुण नायर को अपना कैच थमा बैठे। फिंच 28 गेंद में 58 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान नौ चौके और 2 छक्के लगाए। उनकी जगह नितीश राणा क्रीज पर आए। इस ओवर से केकेआर के खाते में 14 रन आए। नौ ओवर के बाद केकेआर का स्कोर दो विकेट पर 107 रन है। श्रेयस अय्यर के 26 गेंद में 41 रन हैं।

22:25 (IST) 18 Apr 2022
Rajasthan Royals vs Kolkata Knight Riders: फिंच कर रहे ताबड़तोड़ बल्लेबाजी

ओबेद मैक्कॉय 8वां ओवर लेकर आए। फिंच ने उनके ओवर की चौथी गेंद पर चौका और पांचवीं गेंद छक्का लगाया। इस ओवर से केकेआर के खाते में 19 रन आए। आठ ओवर के बाद केकेआर का स्कोर एक विकेट पर 93 रन है। श्रेयस अय्यर के 24 गेंद में 39 और एरोन फिंच के 24 गेंद में 49 रन हैं।

22:15 (IST) 18 Apr 2022
KKR vs RR Live Match Score: चहल ने अपने पहले ओवर में लुटाए 17 रन

युजवेंद्र चहल सातवां ओवर लेकर आए। फिंच ने उनकी दूसरी और आखिरी गेंद पर चौका लगाया। चहल की दो गेंदें वाइड भी रहीं। इस ओवर से केकेआर के खाते में 17 रन आए। सात ओवर के बाद केकेआर का स्कोर एक विकेट पर 74 रन है। श्रेयस अय्यर के 22 गेंद में 35 और एरोन फिंच के 20 गेंद में 36 रन हैं।

22:09 (IST) 18 Apr 2022
RR vs KKR Live Match Score: अश्विन की गेंद पर फिंच ने जड़ा छक्का

रविचंद्रन अश्विन छठा ओवर लेकर आए। श्रेयस अय्यर ने उनकी चौथी गेंद पर चौका लगाया। फिंच ने आखिरी गेंद पर छक्का जड़ दिया। इस ओवर से केकेआर के खाते में 14 रन आए। छह ओवर के बाद केकेआर का स्कोर एक विकेट पर 57 रन है। श्रेयस अय्यर के 20 गेंद में 33 और एरोन फिंच के 16 गेंद में 23 रन हैं।

22:05 (IST) 18 Apr 2022
IPL 2022 KKR vs RR: श्रेयस अय्यर और एरोन फिंच ने लगाए चौके

प्रसिद्ध कृष्णा पांचवां ओवर लेकर आए। श्रेयस अय्यर ने तीसरी गेंद पर चौका लगाया। चौथी गेंद पर एक रन लेकर स्ट्राइक फिंच को दी। फिंच ने पांचवीं गेंद पर चौका जड़ दिया। आखिरी गेंद वाइड रही। इस ओवर से केकेआर के खाते में 12 रन आए। पांच ओवर के बाद केकेआर का स्कोर एक विकेट पर 43 रन है। श्रेयस अय्यर के 17 गेंद में 26 और एरोन फिंच के 13 गेंद में 16 रन हैं।

22:00 (IST) 18 Apr 2022
IPL 2022 RR vs KKR: चौथे ओवर से केकेआर के खाते में सिर्फ 4 रन

चौथा ओवर ओबेद मैक्कॉय लेकर आए। उनके इस ओवर से केकेआर के खाते में सिर्फ 4 रन आए। चार ओवर के बाद केकेआर का स्कोर एक विकेट पर 31 रन है। श्रेयस अय्यर के 14 गेंद में 21 और एरोन फिंच के 10 गेंद में 10 रन हैं।

21:58 (IST) 18 Apr 2022
KKR vs RR: बोल्ट के ओवर में फिंच ने लगाए दो चौके

तीसरा ओवर ट्रेंट बोल्ट लेकर आए। उनके ओवर की दूसरी और चौथी गेंद पर एरोन फिंच ने चौके लगाए। तीन ओवर के बाद केकेआर का स्कोर एक विकेट पर 27 रन है। श्रेयस अय्यर के 9 गेंद में 18 और एरोन फिंच के 9 गेंद में 9 रन हैं।

21:52 (IST) 18 Apr 2022
RR vs KKR: केकेआर ने दो ओवर में बनाए 19 रन

दूसरा ओवर प्रसिद्ध कृष्णा लेकर आए। श्रेयस अय्यर ने उनकी चौथी और पांचवीं गेंद पर चौके लगाए। दो ओवर के बाद केकेआर का स्कोर एक विकेट पर 19 रन है। श्रेयस अय्यर के 9 गेंद में 18 और एरोन फिंच के 3 गेंद में एक रन हैं।

21:46 (IST) 18 Apr 2022
Rajasthan Royals vs Kolkata Knight Riders: बिना गेंद खेले आउट हुए सुनील नरेन

केकेआर के लिए सुनील नरेन और एरोन फिंच ने पारी की शुरुआत की। राजस्थान रॉयल्स के लिए ट्रेंट बोल्ट पहला ओवर लेकर आए। सुनील नरेन पहली ही गेंद पर रन आउट हो गए। शिमरॉन हेटमायर ने अपनी शानदार फील्डिंग का मुजाहिरा पेश किया। बोल्ट की यह फुलर लेंथ को फिंच ने कवर में खेला था। फिंच ने सिंगल चुराने की कोशिश की, नरेन आधी पिच पर ही थे और हेटमायर ने गेंद को फील्ड कर विकेट पर मार दिया। सुनील नरेन बिना गेंद खेले पवेलियन लौटे। उनकी जगह श्रेयस अय्यर क्रीज पर आए। अय्यर ने दूसरी और तीसरी गेंद पर चौके जड़े। पहले ओवर के बाद केकेआर का स्कोर एक विकेट पर 9 रन है।

21:34 (IST) 18 Apr 2022
KKR vs RR Live Match Score: बटलर ने किया केकेआर के गेंदबाजों की नाक में दम

टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान ने विशाल स्कोर खड़ा किया है। इतने बड़े स्कोर की नींव देवदत्त और बटलर ने रखी थी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 97 रन की साझेदारी की। संजू सैमसन ने उनका हाथ बटाया और फिर हेटमायर ने पारी को समाप्त किया। इस बीच बटलर ने इस सीजन में अपना दूसरा शतक पूरा किया। उन्होंने मैदान के चारों ओर शॉट लगाते हुए केकेआर के गेंदबाजों की नाक में दम कर दिया।

21:23 (IST) 18 Apr 2022
RR vs KKR Live Match Score: शिवम मावी ने झटका करुण नायर का विकेट

उन्नीसवां ओवर शिवम मावी लेकर आए। उन्होंने पांचवीं गेंद पर करुण नायर को पैट कमिंस के हाथों कैच कराया। करुण नायर 5 गेंद में 3 रन बनाकर आउट हुए। उनकी जगह रविचंद्रन अश्विन क्रीज पर आए। उन्नीस ओवर के बाद राजस्थान रॉयल्स का स्कोर 5 विकेट पर 199 रन है। हेटमायर के 8 गेंद में 10 और अश्विन के 1 गेंद में 1 रन हैं।

21:16 (IST) 18 Apr 2022
IPL 2022 KKR vs RR: कमिंस की मदद से शिवम मावी ने पकड़ा हैरतअंगेज कैच

अठारहवां ओवर सुनील नरेन लेकर आए। उन्होंने पहली ही गेंद पर रियान पराग को शिवम मावी के हाथों कैच करा दिया। हालांकि, इस कैच के लिए सारी मेहनत पैट कमिंस ने की थी। सुनील नरेन की मिडिल स्टंप पर फुल गेंद को रियान पराग साइटस्क्रीन पर मारना चाहते थे। कमिंस ने दाईं ओर भागकर कैच लपका, लेकिन वह बाउंड्री के अंदर गिर रहे थे, इसलिए गेंद को लॉन्ग ऑन से भाग रहे शिवम मावी को पास कर दिया। शिवम मावी ने ऊपर छलांग लगाकर पेड़ से फल तोड़ने के अंदाज में गेंद को अपने दाएं हाथ में दबोच लिया। रियान पराग 3 गेंद में 5 रन बनाकर आउट हुए। अठारह ओवर के बाद राजस्थान रॉयल्स का स्कोर 4 विकेट पर 194 रन है। हेटमायर के 5 गेंद में 7 और करुण नायर के 3 गेंद में 2 रन हैं।

21:06 (IST) 18 Apr 2022
IPL 2022 RR vs KKR: पैट कमिंस ने केकेआर को दिलाई बड़ी सफलता

सत्रहवां ओवर पैट कमिंस लेकर आए। बटलर ने दूसरी गेंद पर छक्का जड़कर अपना शतक पूरा किया। बटलर का आईपीएल 2022 में यह दूसरा शतक है। हालांकि, चौथी गेंद पर वरुण चक्रवर्ती को अपना कैच थमा बैठे। बटलर 61 गेंद में 103 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 9 चौके और 5 छक्के लगाए। बटलर की जगह रियान पराग क्रीज पर आए हैं। इस समय राजस्थान का स्कोर 16.4 ओवर में 3 विकेट पर 183 रन है।

21:00 (IST) 18 Apr 2022
KKR vs RR: आईपीएल 2022 में अपने दूसरे शतक के करीब जोस बटलर

सोलहवां ओवर आंद्रे रसेल लेकर आए। उन्होंने दूसरी ही गेंद पर संजू सैमसन को शिवम मावी के हाथों कैच करा दिया। संजू सैमसन 19 गेंद में 38 रन बनाकर आउ हुए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 3 चौके और 2 छक्के लगाए। संजू की जगह शिमरॉन हेटमायर क्रीज पर आए। उन्होंने तीसरी गेंद पर एक रन लेकर अपना खाता खोला। चौथी गेंद पर बटलर ने चौका जड़ दिया। अगली गेंद पर बटलर ने एक रन लेकर स्ट्राइक हेटमायर को दी। आखिरी गेंद पर हेटमायर ने चौका लगा दिया। सोलह ओवर के बाद राजस्थान रॉयल्स का स्कोर दो विकेट पर 174 रन है। बटलर के 58 गेंद में 96 और हेटमायर के 2 गेंद में 5 रन हैं।

20:54 (IST) 18 Apr 2022
RR vs KKR: पंद्रह ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर एक विकेट पर 163 रन

पंद्रहवां ओवर उमेश यादव लेकर आए। उनके ओवर की चौथी गेंद पर संजू सैमसन ने चौका लगाया। आखिरी गेंद पर छक्का जड़ दिया। इस ओवर से राजस्थान रॉयल्स के खाते में 15 रन आए। पंद्रह ओवर के बाद राजस्थान रॉयल्स का स्कोर एक विकेट पर 163 रन है। बटलर के 55 गेंद में 90 और संजू के 18 गेंद में 38 रन हैं।

20:47 (IST) 18 Apr 2022
Rajasthan Royals vs Kolkata Knight Riders: संजू सैमसन ने वरुण चक्रवर्ती को जड़ा छक्का

चौदहवां ओवर वरुण चक्रवर्ती लेकर आए। उनके ओवर की पहली ही गेंद पर संजू सैमसन ने छक्का लगाया। इस ओवर से राजस्थान रॉयल्स के खाते में 15 रन आए। चौदह ओवर के बाद राजस्थान रॉयल्स का स्कोर एक विकेट पर 148 रन है। बटलर के 53 गेंद में 88 और संजू के 14 गेंद में 25 रन हैं।

20:40 (IST) 18 Apr 2022
KKR vs RR Live Match Score: राजस्थान ने 13 ओवर में बनाए 133 रन

तेरह ओवर का खेल हो चुका है। तेरह ओवर के बाद राजस्था रॉयल्स का स्कोर एक विकेट पर 133 रन है। बटलर के 52 गेंद में 85 और संजू के 9 गेंद में 14 रन हैं। दोनों के बीच 20 गेंद में 36 रन की साझेदारी हो चुकी है।

20:28 (IST) 18 Apr 2022
RR vs KKR Live Match Score: नरेन ने राजस्थान को दिया पहला झटका

दसवां ओवर सुनील नरेन लेकर आए। पडिक्कल ने उनकी दूसरी ही गेंद पर छक्का जड़ दिया। हालांकि, चौथी गेंद पर सुनील नरेन ने पडिक्कल के विकेट की गिल्लियां बिखेर दीं। पडिक्कल 18 गेंद में 24 रन बनाकर आउट हुए। उनकी जगह संजू सैमसन आए। दस ओवर के बाद राजस्थान रॉयल्स का स्कोर एक विकेट पर 99 रन है। बटलर के 42 गेंद में 68 और संजू के 1 गेंद में 1 रन हैं।

20:24 (IST) 18 Apr 2022
IPL 2022 KKR vs RR: बटलर कर रहे ताबड़तोड़ बल्लेबाजी

नौवां उमेश यादव लेकर आए। बटलर ने उनके ओवर की पहली गेंद पर चौका और तीसरी गेंद पर छक्का लगाया। इस ओवर से राजस्थान रॉयल्स के खाते में सिर्फ 13 रन आए। नौ ओवर के बाद राजस्थान रॉयल्स का स्कोर बिना विकेट खोए 90 रन है। बटलर के 40 गेंद में 66 और पडिक्कल के 15 गेंद में 18 रन हैं।

20:16 (IST) 18 Apr 2022
IPL 2022 RR vs KKR: सुनील नरेन रहे बहुत किफायती

आठवां ओवर सुनील नरेन लेकर आए। उनके इस ओवर से राजस्थान के खाते में सिर्फ 3 रन आए। आठ ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर बिना विकेट खोए 77 रन है। बटलर के 35 गेंद में 53 और पडिक्कल के 14 गेंद में 18 रन हैं।

IPL 2022, RR vs KKR Live Score: आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच अब तक 25 मैच खेले गए हैं। इनमें से राजस्थान रॉयल्स ने 11 और कोलकाता नाइट राइडर्स ने 13 मैच अपने नाम किए हैं। एक मैच रद्द कर दिया गया था। ब्रेबोर्न स्टेडियम में दोनों के बीच यह दूसरा मैच है। इससे पहले 15 मई 2015 को दोनों के बीच इस मैदान पर आईपीएल का मैच खेला गया था। उस मैच को राजस्थान रॉयल्स ने 9 रन से अपने नाम किया था। दोनों के बीच पिछले 5 मुकाबलों की बात करें तो केकेआर का पलड़ा भारी है। केकेआर ने 3 और राजस्थान रॉयल्स ने 2 मैच जीते हैं। आईपीएल 2020 में केकेआर ने राजस्थान के खिलाफ सीजन के सभी यानी दोनों मुकाबले जीते थे।