मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच आईपीएल 2022 के मैच के दौरान मैदान में घुसना एक शख्स को काफी महंगा पड़ा। रविवार को पुणे के पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस ने 26 वर्षीय उस व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। द इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार उसपर पुलिस ने प्रतिबंधित जगह पर जाने और हंगामा करने के आरोप में केस दर्ज किया है।

व्यक्ति की पहचान सतारा जिले के खंडाला तालुका निवासी दशरथ जाधव (26) के रूप में हुई है। तलेगांव दाभाडे थाना पुलिस के प्रभारी निरीक्षक इंस्पेक्टर मधुकर सावंत ने कहा कि पुलिस ने कहा कि घटना रात 10.30 से 10.45 बजे के बीच हुई जब मैच चल रहा था। व्यक्ति के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 447 और 353 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

सहायक निरीक्षक दुर्गानाथ सली ने बताया, “बार-बार चेतावनी के बावजूद, वह आदमी फेंस से कूदकर मैदान में घुस गया। उसने पहले विराट कोहली को फिस्ट बंप दी और फिर रोहित शर्मा की तरफ दौड़ा। बाद में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उसे हिरासत में ले लिया। जब उसे मैदान से बाहर निकाला जा रहा था, तो उसने पुलिस के साथ हाथापाई की और हंगामा किया।”

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने मुंबई इंडियंस को सात विकेट से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए रोहित शर्मा (26) और इशान किशन (26) ने 38 गेंदों पर 50 रन जोड़कर मुंबई को अच्छी शुरुआत दिलाई, लेकिन इसके बाद टीम लड़खड़ा गई और 5 विकेट केवल 62 रन पर गिर गए। इसके बाद सूर्यकुमार यादव (नाबाद 68) ने मुंबई को 151/6 सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।

वनिंदु हसरंगा और हर्षल पटेल ने दो-दो विकेट लिए जबकि आकाश दीप ने एक विकेट लिया। जवाब में, आरसीबी ने अनुज रावत (66) और विराट कोहली (48) के अर्धशतक की मदद से 18.3 ओवर में 3 विकेट पर 152 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया। इंडियन प्रीमियर लीग 2022 में मुंबई इंडियंस की यह लगातार चौथी हार है।