गुजरात टाइटंस (GT) ने राजस्थान रॉयल्स (RR) को हराकर खिताब पर कब्जा जमाया और आईपीएल 2022 का शानदार तरीके से अंत हुआ। कुल 10 टीमों ने आपस में कुल 74 मैच खेले। जहां कई बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने सीजन में अविश्वसनीय प्रदर्शन किया, वहीं कुछ ऐसे भी हैं जो अपना जादू दिखाने में नाकाम रहे। अपने खराब प्रदर्शन के कारण वे अपनी टीमों के लिए परेशानी का सबब बनगए और कुछ को प्लेइंग इलेवन से भी बाहर कर दिया गया। ऐसे में नजर डालते हैं आईपीएल 2022 के फ्लॉप 11 पर। इन 11 खिलाड़ियों पर फ्रेंचाइजियों ने कुल मिलाकर 111.4 करोड़ रुपये खर्च किए।
ओपनर : रोहित शर्मा (कप्तान) और केन विलियमसन- मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा और सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान केन विलियमसन इस साल बुरी तरह फ्लॉप रहे। रोहित एक भी अर्धशतक नहीं जड़ पाए। वहीं केन का स्ट्राइक रेट 100 से नीचे रहा।
मिडिल ऑर्डर: विराट कोहली, मैथ्यू वेड और रविंद्र जडेजा– विराट के लिए सीजन काफी खराब रहा। वह तीन बार गोल्डन डक पर आउट हुए। गुजरात टाइटंस ने शुरुआत में मैथ्यू वेड से ओपनिंग कराया और वे अच्छा नहीं कर पाए। फिर वह ड्रॉप हुए। टीम में उनकी वापसी हुई और वह नंबर तीन पर खेले, लेकिन वह जूझते ही दिखे। जडेजा के लिए भी भूला देने वाल सीजन रहा। चेन्नई ने उन्हें कप्तान बनाया था। बीच में उन्होंने कप्तानी छोड़ दी और फिर चोट के चलते बाहर गए।
लोअर ऑर्डर: कीरोन पोलार्ड और शाहरुख खान– कीरोन पोलार्ड के लिए अबतक का सबसे खराब सीजन रहा। टीम ने उन्हें अंत में ड्रॉप भी किया। अब उनके भविष्य पर भी संशय है। शाहरुख खान की आईपीएल 2022 की शुरुआत से पहले काफी चर्चा थी। पंजाब के लिए उन्होंने काफी खराब प्रदर्शन किया। आठ मैचों में, दाएं हाथ का यह बल्लेबाज 108 की स्ट्राइक रेट से केवल 117 रन ही बना सका।
गेंदबाज: पैट कमिंस, शार्दुल ठाकुर, वरुण चक्रवर्ती और मोहम्मद सिराज– कमिंस ने मुंबई के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी की थी, लेकिन गेंदबाजी में उनका प्रदर्शन काफी खराब रहा। पांच मैचों में केवल 7 विकेट लिए। शार्दुल ठाकुर ने दिल्ली के लिए लीग चरण में 15 विकेट लिए, लेकिन 9.78 की उनकी इकॉनमी दिल्ली के सभी गेंदबाजों में सबसे खराब रही, जिन्होंने न्यूनतम पांच ओवर फेंके। इसके अलावा उनके 15 में से छह विकेट आखिरी के दो मुकाबलों में आए। वरुण चक्रवर्ती को आईपीएल 2021 में शानदार प्रदर्शन के बाद उनकी फ्रेंचाइजी ने उन्हें रिटेन किया था। मिस्ट्री स्पिनर की आईपीएल 2022 में खराब प्रदर्शन और प्लेइंग 11 से भी बाहर हुए। मोहम्मद सिराज ने 13 मैचों में 9.8 की इकोनॉमी और 54 के औसत से केवल आठ विकेट झटके।