CSK vs DC: आईपीएल 2023 अब तक पूरी तरह महेंद्र सिंह धोनी के रंग में रंगा नजर आ रहा है। चेन्नई सुपर किंग्स की टीम जहां भी मैच खेलने उतरे चाहे वह राजस्थान हो, कोलकाता हो या फिर कोई और शहर, स्टेडियम में सिर्फ माही-माही का ही शोर सुनाई देता है। विरोधी फैंस भी चेन्नई सुपर किंग्स की सात नंबर की जर्सी पहनकर मैदान पर पहुंचते हैं। यह सब सिर्फ धोनी की दीवानगी में होता है।
धोनी खुद भी अपने फैंस के मनोरंजन में कमी नहीं छोड़ रहे। उन्हें जब भी मौका मिलता है वह फैंस को विंटेज धोनी की झलक दिखाते हैं. बुधवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ उन्होंने 9 गेंदों में 20 रन बनाए। उनकी इस पारी में दो छक्के और एक चौका शामिल था। महज 20 गेंद खेलने के बाद धोनी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि उन्होंने टीम को बोल दिया कि उन्हें न दौड़ाएं.
दौड़ना नहीं चाहते धोनी
धोनी ने मैच के बाद अपनी पारी के बारे में बात की। उन्होंने कहा, ‘यही मेरा काम है। मैंने टीम को बताया हुआ है कि मेरा काम यही है और ऐसा ही करूंगा। मुझे बस ज्यादा मत दौड़ाओ। यह चीज अब तक काम कर रही है। मैं अपना योगदान देकर खुश हूं।’ दरअसल धोनी अपने घुटने के दर्द से काफी परेशान हैं। वह कई बार मैच के बाद लंगडाते हुए नजर आए हैं. विकेट्स के बीच भी वह उस तरह नहीं दौड़ रहे जैसे पहले दौड़ते थे। इसी कारण वह बल्लेबाजी करते हुए भागने की जगह बड़े शॉट्स खेलने की कोशिश करते हैं।
मैच के बारे में बात करते हुए महेंद्र सिंह धोनी कहा, ‘दूसरी पारी में गेंद काफी टर्न हो रही थी। हमारे स्पिनर्स की रफ्तार अच्छी है लेकिन हम चाहते थे कि वह धीमी गेंद डाले। मैं चाहता कि गेंदबाज हर गेंद पर विकेट लेने की न सोचे और भी अच्छी गेंद डालें। मुझे लगा था कि 166-170 का स्कोर अच्छा होगा। एक बल्लेबाजी यूनिट के तौर पर हम और बेहतर कर सकते हैं।