इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2020 में आज यानी 10 नवंबर को दुबई के दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खिताबी मुकाबला खेला जाना है। दिल्ली कैपिटल्स पहली बार आईपीएल का फाइनल खेलने उतरी है।

मुंबई इंडियंस का यह छठा खिताबी मुकाबला है। इससे पहले वह 2010, 2013, 2015, 2017 और 2019 में फाइनल खेल चुकी है। साल 2010 को छोड़ हर बार चैंपियन रही है। ऐसे में जाहिर मुंबई की नजर अपना खिताब बचाने पर होगी। वहीं, दिल्ली की कोशिश पहली बार चैंपियन बनने की होगी।

दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन की बात करें तो दिल्ली ने अंतिम एकादश में कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं, मुंबई ने एक बदलाव किया है। स्टार स्पिनर राहुल चाहर चोटिल हो गए हैं। उनके स्थान पर जयंत यादव को मौका दिया गया है।

ये है दोनों टीमों की एकादश:

दिल्ली कैपिटल्स: श्रेयस अय्यर (कप्तान), शिखर धवन, मार्कस स्टोइनिस, अजिंक्य रहाणे, ऋषभ पंत, शिमरॉन हेटमायर, अक्षर पटेल, रविचंद्रन अश्विन, कगिसो रबाडा, एनरिक नोर्त्जे, प्रवीण दुबे।

मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा (कप्तान), क्विंटन डीकॉक, सूर्यकुमार यादव, ईशान किशन, कीरोन पोलार्ड, हार्दिक पंड्या, क्रुणाल पंड्या, नाथन कूल्टर नाइल, जयंत यादव, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह।

Live Blog

18:38 (IST)10 Nov 2020
रोहित के अलावा पोलार्ड भी बना सकते हैं रिकॉर्ड

रोहित बतौर कप्तान एक और रिकॉर्ड अपने नाम करने के करीब हैं। वे बतौर कप्तान 3000 रन बनाने से केवल 43 रन दूर हैं। उनसे पहले विराट कोहली,महेंद्र सिंह धोनी और गौतम गंभीर ऐसा कर चुके हैं। रोहित के अलावा उनके साथ कीरोन पोलार्ड भी आज आईपीएल में छक्कों का दोहरा शतक पूरा कर सकते हैं। पोलार्ड के नाम टूर्नामेंट में अब तक 163 मैच में 198 छक्के लगा चुके हैं। वे 200 छक्के लगाने वाले छठे बल्लेबाज बन सकते हैं।

17:52 (IST)10 Nov 2020
‘दोहरे शतक’ मार सकते हैं रोहित

रोहित बतौर पांच बार आईपीएल जीत चुके हैं। चार बार मुंबई और एक बार डेक्कन चार्जर्स (2009) के लिए जीते हैं। रोहित दिल्ली के खिलाफ फाइनल में उतरते ही एक और उपलब्धि अपने नाम कर लेंगे। वे 200 आईपीएल मैच खेलने वाले दूसरे खिलाड़ी बन जाएंगे। इस मामले में उनसे आगे धोनी हैं। चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान ने अब तक 204 मैच खेले हैं।

17:23 (IST)10 Nov 2020
रोहित मुंबई के लिए जीत सकते हैं पांचवां खिताब

इस मैच में मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा कई सारे रिकॉर्ड बनाने उतरेंगे। रोहित अगर फाइनल मुकाबला जीत लेते हैं, तो ये उनका पांचवां खिताब होगा। अपनी कप्तानी में वो मुंबई को चार बार चैंपियन बना चुके हैं। सबसे ज्यादा बार टाइटल जीतने वाले कप्तान रोहित ही हैं। उनके बाद दूसरे स्थान पर महेंद्र सिंह धोनी (3) हैं।

16:54 (IST)10 Nov 2020
रोहित शर्मा के निशाने पर हैं ये रिकॉर्ड

रोहित शर्मा का यह 200वां आईपीएल मैच है। उन्हें मुंबई इंडियंस के लिए 4000 आईपीएल रन पूरे करने के लिए 8 रनों की आवश्यकता है। यदि वह इस मैच में 33 या उससे ज्यादा रन बना लेते हैं तो बतौर कप्तान 3000 आईपीएल रन पूरे कर लेंगे।

16:28 (IST)10 Nov 2020
मुंबई इंडियंस के स्टार गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट हुए फिट, रोहित शर्मा ने कहा- दिल्ली के खिलाफ फाइनल खेलेंगे बोल्ट

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ क्वालिफायर-1 में चोटिल हुए ट्रेंट बोल्ट फिट हो गए हैं। मैच के दौरान चोट लगने के कारण वे अपने चार ओवर भी पूरा नहीं कर पाए थे। मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने कहा, ट्रेंट बोल्ट फिट हो चुके हैं। मंगलवार को वह दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ फाइनल मैच में खेलेंगे। रोहित शर्मा ने कहा, ट्रेंट बोल्ट अच्छी स्थिति में दिख रहे हैं। हमारे लिए उनका नेट्स सेशन अच्छा रहा। उम्मीद है कि वह खेलेंगे। हमारे लिए कुछ अहम विकेट निकालेंगे।

16:03 (IST)10 Nov 2020
यह भी जानें: अगले साल की शुरुआत में सकते हैं ओलंपिक टेस्ट टूर्नामेंट

पिछले सप्ताह हुई जिम्नास्टिक स्पर्धा से उत्साहित टोक्यो ओलंपिक के आयोजकों ने मंगलवार को कहा कि वे ओलंपिक टेस्ट टूर्नामेंट अगले साल की शुरुआत में कराने को तैयार हैं। रविवार को हुई जिम्नास्टिक स्पर्धा में 22 रूसी , चीनी और अमेरिकी खिलाड़ियों ने भाग लिया था। कई हजार दर्शक भी इसे देखने के लिये मौजूद थे। टोक्यो ओलंपिक के ‘गेम्स डिलीवरी’ अधिकारी हाइडमासा नकामूरा ने आनलाइन कॉन्फ्रेंस में कहा कि वे मार्च में और टेस्ट टूर्नामेंट कराने की सोच रहे हैं। उन्होंने यह नहीं बताया कि ये किस रूप में होंगे और क्या इनमें जापान से इतर देशों के खिलाड़ी भी भाग ले सकेंगे। उन्होंने कहा, ‘हम बात कर रहे हैं कि जापान सरकार और तोक्यो महानगर प्रशासन के साथ मिलकर कोरोना वायरस महामारी से कैसे निपटा जा सकता है।’ उन्होंने कहा, ‘अगले साल की शुरूआत से हम काम शुरू कर देंगे और मार्च में टेस्ट टूर्नामेंट होंगे।’ कोरोना महामारी के कारण तोक्यो ओलंपिक पिछले साल स्थगित कर दिये गए थे।

15:29 (IST)10 Nov 2020
यह है दिल्ली के खिलाफ मुंबई का रिकॉर्ड

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच अब तक 27 मैच खेले गए हैं। इसमें मुंबई ने 15 में जीत हासिल की है, जबकि 12 में दिल्ली कैपिटल्स बाजी अपने नाम करने में सफल रही है। इस सीजन दोनों के बीच 3 मुकाबले खेले गए। तीनों में मुंबई ने दिल्ली को हराया। पिछला मुकाबला दोनों टीम के बीच क्वालिफायर-2 खेला गया था, जिसमें मुंबई ने 57 रन से जीत हासिल की थी।

15:05 (IST)10 Nov 2020
ये है मैदान का लेखा-जोखा

दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में अब तक कुल 25 टी20 मैच खेले गए हैं। इनमें से 16 में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम जीती है, जबकि 9 में लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम जीती है। आईपीएल 2020 में इस मैदान पर सबसे बड़ा स्कोर 219 रन रहा है। वहीं इस सीजन यहां सबसे छोटा स्कोर 109 रन रहा है।

14:52 (IST)10 Nov 2020
दिल्ली कैपिटल्स से दोगुने से ज्यादा है मुंबई इंडियंस की ब्रांड वैल्यू

मुंबई इंडियंस की ब्रांड वैल्यू 809 करोड़ रुपए और दिल्ली कैपिटल्स की 374 करोड़ रुपए है। खिलाड़ियों की बात करें तो मुंबई की प्लेइंग इलेवन में कप्तान रोहित शर्मा और हार्दिक पंड्या सबसे महंगे प्लेयर हैं। फ्रेंचाइजी एक सीजन के लिए रोहित को 15 करोड़ और हार्दिक को 11 करोड़ रुपए देगी। वहीं, दिल्ली की टीम में ऋषभ पंत 15 करोड़ और शिमरॉन हेटमेयर 7.75 करोड़ रुपए के साथ सबसे महंगे प्लेयर हैं।

14:26 (IST)10 Nov 2020
ये है दिग्गजों की सूची

आईपीएल 2020 के टॉप-3 में मुंबई इंडियंस के 2 और दिल्ली कैपिटल्स का एक गेंदबाज है। इस सूची में दिल्ली कैपिटल्स के कगिसो रबाडा 29 विकेट के साथ टॉप पर हैं। वहीं, सूची में मुंबई इंडियंस के जसप्रीत बुमराह 27 विकेट के साथ दूसरे और ट्रेंट बोल्ट 22 विकेट के साथ तीसरे नंबर पर हैं।

10:43 (IST)10 Nov 2020
आज D-Day

नमस्कार। जनसत्ता.कॉम में मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल के बीच आईपीएल 2020 के फाइनल के प्लेइंग इलेवन लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। हर फैंस के जेहन में पहला सवाल यही उठ रहा होगा कि क्या दिल्ली कैपिटल्स मुंबई इंडियंस के विजय अभियान को रोक पाएगा। दिल्ली ने जब टूर्नामेंट की शुरुआत की थी, तब वे अपनी प्लेइंग इलेवन को लेकर अनिश्चित थे, क्योंकि उनके कई खिलाड़ी चोटिल थे, लेकिन अब काफी हद तक स्थिति नियंत्रण में हैं।