IPL 2019, DC vs MI: दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच रविवार को खेले गए मैच में दिल्ली के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने आतिशी बल्लेबाजी करते हुए 27 गेंदों पर सात चौके और सात छक्के की मदद से नाबाद 78 रन ठोके। पंत की इस विस्फोटक पारी की मदद से दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई को 37 रन से हरा दिया। विकेटकीपिंग के बाद अब पंत बल्लेबाजी के दौरान भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी की नक़ल करते नज़र आए। पंत का ये वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
दरअसल अपनी इस पारी में पंत ने मुंबई इंडियंस के किसी भी बल्लेबाज को नहीं बख्शा। दुनिया के सबसे अच्छे गेंदबाजों में शुमार भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को भी पंत ने जमकर पीटा। इस दौरान पंत ने बुमराह की गेंद पर धोनी के अंदाज में हेलिकॉप्टर शॉट खेला। पंत ने 18वे ओवर की चौथी गेंद पर बुमराह को स्क्वायर लेग पर हेलिकॉप्टर शॉट खेलते हुए लम्बा सिक्स लगाया। इतना ही नहीं पंत ने मुंबई के खिलाफ सिर्फ 18 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। इसी के साथ पंत आइपीएल में दिल्ली की तरफ से सबसे कम गेंदों पर अर्धशतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए। इस मामले में पहले नंबर पर क्रिस मौरिस हैं जिन्होंने वर्ष 2016 में गुजरात लायंस के खिलाफ 17 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया था।
बता दें इस मैच में दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट पर 213 रन का विशाल स्कोर बनाया था। जवाब में मुंबई को 19.2 ओवर में 176 रन पर ढेर हो गई। मुंबई के लिए सबसे ज्यादा रन खब्बू बल्लेबाज युवराज सिंह ने बनाए। लम्बे समय बाद मैदान में उतरे युवराज सिंह ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए शानदार अर्धशतक लगाया। उन्होंने 35 गेंदों में पांच चौके और तीन छक्कों की मदद से 53 रन ठोके। युवी के साथ कीरोन पोलार्ड (21) ने चौथे विकेट के लिए 50 रन की साझेदारी की। दिल्ली की ओर से इशांत शर्मा और कगिसो रबादा ने दो-दो जबकि बाउल्ट, पॉल, पटेल और राहुल तेवतिया ने एक-एक विकेट लिया
