इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का 12वां सीजन शुरू हों चुका है। अभी इस सीजन के तीन ही मैच हुए हैं और रिकॉर्ड टूटना स्टार्ट हों गए। रविवार को दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेले गए मैच में दिल्ली के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए सब को अपना मुरीद बना लिया। पंत ने आतिशी अंदाज़ में बल्लेबाजी करते हुए 27 गेंदों पर सात चौके और सात छक्के की मदद से नाबाद 78 रन ठोके। उनकी इस पारी की मदद से दिल्ली ने मुंबई को 37 रन से हरा दिया। दिल्ली 2013 के बाद पहली बार सीजन का पहला मैच जीतने में कामियाब हुई। इतना ही नहीं इसी के साथ पंत ने चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का एक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
पंत मुंबई इंडियंस के खिलाफ सबसे तेज अर्धशतक बनाने के एमएस धोनी के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। पंत ने मुंबई के गेंदबाजों की बखिया उधेड़ते हुए मात्र 18 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया। ये मुंबई के खिलाफ किसी भी बल्लेबाज द्वारा बनाया गया सबसे तेज अर्धशतक है। इस से पहले धोनी ने साल 2012 में 20 गेंदों में अर्धशतक लगाया था। हालांकि, यह आईपीएल का सबसे तेज अर्धशतक नहीं है। पिछले सीजन में लोकेश राहुल ने 14 गेंदों में आईपीएल का सबसे तेज अर्धशतक जड़ा था। वहीं उनके अलावा केकेआर के सुनील नरेन और यूसुफ पठान मात्र 15 गेंदों में अर्द्धशतक लगा चुके हैं। पंत द्वारा लगाया गया अर्धशतक दिल्ली की तरफ से सबसे कम गेंदों पर दूसरे सबसे तेज अर्धशतक है। इस मामले में पहले नंबर पर क्रिस मौरिस हैं जिन्होंने वर्ष 2016 में गुजरात लायंस के खिलाफ 17 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया था।
बता दें इस मैच में दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट पर 213 रन का विशाल स्कोर बनाया था। जवाब में मुंबई को 19.2 ओवर में 176 रन पर ढेर हो गई। मुंबई के लिए सबसे ज्यादा रन खब्बू बल्लेबाज युवराज सिंह ने बनाए। लम्बे समय बाद मैदान में उतरे युवराज सिंह ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए शानदार अर्धशतक लगाया। उन्होंने 35 गेंदों में पांच चौके और तीन छक्कों की मदद से 53 रन ठोके। युवी के साथ कीरोन पोलार्ड (21) ने चौथे विकेट के लिए 50 रन की साझेदारी की। दिल्ली की ओर से इशांत शर्मा और कगिसो रबादा ने दो-दो जबकि बाउल्ट, पॉल, पटेल और राहुल तेवतिया ने एक-एक विकेट लिया
