रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के सैमुअल बद्री ने आईपीएल 2017 की पहली हैट्रिक बनाई है। उन्होंने लगातार तीन गेंदों पर मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजों को चलता किया।बद्री ने इस मैच में अपने चार ओवर के कोटे में केवल नौ रन खर्च किए और चार विकेट झटके। उन्होंने रोहित शर्मा, नीतीश राणा, पार्थिव पटेल और मिचेल मेक्लनघन के विकेट लिए। बद्री ने ही आरसीबी की ओर से गेंदबाजी की शुरुआत की।
वेस्ट इंडीज के इस फिरकी गेंदबाज ने सबसे पहले पार्थिव पटेल को आउट किया। पटेल ने बद्री की गुगली को इनसाइड आउट खेलने का प्रयास किया लेकिन टाइमिंग में कमी के चलते गेंद सीधे क्रिस गेल के हाथों में चली गई। इसके बाद मुंबई ने हैरानीभरा दांव लगाते हुए तेज गेंदबाज मिचेल मेक्लनघन को बल्लेबाजी के लिए भेजा। बद्री की गेंद लॉ फुलटॉस रही। इसे मेक्लनघन ने लॉन्ग ऑन के ऊपर से उड़ाने का प्रयास किया। लेकिन गेंद को रफ्तार नहीं मिल पाई और वहां तैनात मंदीप सिंह ने कैच लपक लिया।
लगातार दो गेंद में दो विकेट लेकर बद्री हैट्रिक पर आ गए। हैट्रिक बॉल का सामना करने के लिए मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा सामने थे। बद्री ने गुगली डाली और यह रोहित के डिफेंस को छकाते हुए स्टंप्स में घुस गई। इसके साथ ही बद्री ने आईपीएल 10 के अपने पहले ही मैच हैट्रिक पूरी कर ली। रोहित शर्मा का विकेट जब गिरा उस समय मुंबई का स्कोर केवल 7 रन था। इसके बाद ब्रदी ने अपने स्पैल की आखिरी गेंद पर नीतीश राणा का विकेट भी ले लिया।
वहीं रोहित शर्मा का इस सीजन में खराब प्रदर्शन जारी रहा। वह तीसरी बार गुगली पर आउट हुए हैं। अभी तक उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर केवल चार रन है। इससे पहले विराट कोहली के अर्धशतक (62) के बूते पांच विकेट पर 142 रन का स्कोर खड़ा किया। उनके अलावा बाकी बल्लेबाज रन बनाने के लिए तरसते दिखाई दिए। क्रिस गेल और एबी डिविलियर्स भी कुछ खास नहीं कर पाए।
