गुरुवार को आईपीएल के 10वें सीजन का दूसरा मैच खेला गया। यह मैच राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला गया। पुणे में खेले गए आईपीएल के इस रोमांचक मैच में पुणे ने एक गेंद शेष रहते मुंबई इंडियंस को सात विकेट से हराया। मुंबई इंडियंस की ओर से हार्दिक पंड्या ने 15 गेंदों पर नाबाद 35 रन जड़े। लेकिन आपको बता दें कि हार्दिक पंड्या ने सबसे ज्यादा रन मैच के आखिरी ओवर में बटौरे। यह ओवर पुणे के गेंदबाज अशोक डिंडा ने फेंका था, जोकि आईपीएल का अभी तक का सबसे महंगा ओवर साबित हुआ है। इस ओवर में मुंबई की टीम ने पूरे 30 रन जुटा लिए।

दरअसल पुणे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था। मुंबई इंडिंयस के 19वें ओवर तक 154 रन बने थे। 20वां ओवर अशोक डिंडा को फेंकना था और क्रीज पर हार्दिक पंड्या थे। हार्दिक पांड्या ने इस ओवर में 4 छक्के जड़े और एक चौका मारा। डिंडा ने अलग-अलग लेंथ की गेंद फेंकी लेकिन पांड्या ने हर गेंद को बाउंड्री लाइन के बाहर पहुंचा दिया। इस तरह 5 बॉल में ही 28 रन बन गए और टीम का स्कोर 154 से 182 रन पर पहुंच गया। आखिरी गेंद पर 2 रन मिले। मुंबई ने हार्दिक पंड्या की दमदार पारी की बदौलत आठ विकेट पर 184 रन बनाये। विडियो देखने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

आखिरी गेंद पर छक्के से जीती पुणे:

184 रन के जवाब में पुणे ने 19.5 ओवर में तीन विकेट पर 187 रन बनाकर रोमांचक जीत दर्ज की। इस सीजन में महेंद्र सिंह धोनी की जगह पुणे के कप्तान बनाये गए ऑस्ट्रेलिया के स्मिथ ने मोर्चे से अगुवाई करते हुए 54 गेंद में सात चौकों और तीन छक्कों के साथ 84 रन बनाये। स्मिथ को शानदार पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। पुणे को आखिरी ओवर में जीत के लिये 13 रन की जरूरत थी। कीरोन पोलार्ड के इस ओवर में पहली तीन गेंद पर एक एक रन ही बना। स्मिथ ने चौथी गेंद पर लांग आन में और पांचवीं गेंद पर मिडविकेट में छक्का जड़कर टीम को जीत तक पहुंचाया।